एसआईटी रिपोर्ट में ‘विस्फोटक’ खुलासे, देश के खिलाफ काम कर रहे गिरोह की ओर इशारा : हिमंत शर्मा

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Sep 12, 2025

असम के मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा ने शुक्रवार को दावा किया कि प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गौरव गोगोई और उनके परिवार के कथित पाकिस्तानी संबंधों की जांच करने वाले विशेष जांच दल (एसआईटी) की रिपोर्ट में ‘विस्फोटक खुलासे’ हैं और यह देश की विकास प्रक्रिया को बदनाम करने और नीचा दिखाने के लिए काम कर रहे एक गिरोह की ओर इशारा करती है।

उन्होंने कहा, ‘‘उस गिरोह में एक पाकिस्तानी नागरिक और कांग्रेस सांसद की ब्रिटिश पत्नी शामिल हैं। रिपोर्ट में यह पूरी तरह स्पष्ट हो गया है।’’ मुख्यमंत्री ने दावा किया कि एसआईटी टीम ने ‘‘हमारे देश की संप्रभुता के लिए खतरा पैदा करने वाले कई महत्वपूर्ण दस्तावेज़ बरामद किए हैं।’’

उन्होंने कहा कि एक बार कैबिनेट इस पर चर्चा कर ले, तो ‘हम आम जनता के लिए रिपोर्ट जारी करेंगे और आगे उठाए जाने वाले कदमों पर भी फैसला करेंगे।’’ शर्मा ने कहा, ‘‘पहले रिपोर्ट पर चर्चा करना और फिर आगे की कार्रवाई पर फैसला लेना कैबिनेट का विशेषाधिकार है।’’

उन्होंने कहा कि सरकार की प्राथमिकता यह सुनिश्चित करना है कि प्रधानमंत्री का राज्य का दो दिवसीय दौरा और 22 सितंबर को बीटीसी चुनाव सफलतापूर्वक संपन्न हो।

मुख्यमंत्री ने कहा, ‘‘हम रिपोर्ट को लेकर कोई नाटक नहीं करना चाहते, क्योंकि सरकार ‘टीआरपी’ के लिए काम नहीं करती। हम इस मामले को गंभीरता से ले रहे हैं और ज़रूरी प्रक्रिया का पालन करेंगे।’’

विशेष पुलिस महानिदेशक (सीआईडी) मुन्ना प्रसाद गुप्ता के नेतृत्व वाली एसआईटी ने बुधवार शाम मुख्यमंत्री को औपचारिक रूप से रिपोर्ट सौंप दी थी। कांग्रेस अध्यक्ष गौरव गोगोई ने शर्मा पर कटाक्ष करते हुए कहा कि उन्होंने अपने कार्यों से अपने पद का मजाक उड़ाया है और उनके शब्दों की विश्वसनीयता खत्म हो गयी है। इस पर शर्मा ने कहा कि ‘मीडिया ने उन्हें नायक बना दिया है।’’ ‘

भारत जोड़ो न्याय यात्रा’ के दौरान कांग्रेस नेता राहुल गांधी द्वारा कथित तौर पर ‘बॉडी डबल’ (हूबहू दिखने वाले व्यक्ति) का इस्तेमाल किए जाने के बारे में शर्मा ने कहा कि उन्होंने यात्रा के दौरान एक संवाददाता सम्मेलन में सारी जानकारियां दे दी थीं।

प्रमुख खबरें

Air Marshal Jeetendra Mishra बने Ram Mandir Trust के पहले CEO, संभाला पदभार

Annamalai बोले- Periyar के जाति सुधार का समर्थन, नास्तिकता और ब्राह्मण विरोध मंजूर नहीं

इस बार भी मोदी नहीं जाएंगे UNGA, Jaishankar ही संभालेंगे मोर्चा, क्या Trump से आमना-सामना नहीं चाहते PM?

100% टैरिफ वाला दांव फ्लॉप शो! भारत ने रूस के साथ मिलकर अब कौन सी बड़ी डील कर ली, भड़के ट्रंप