Prabhasakshi Newsroom | आंध्र प्रदेश रेल हादसे में अब तक 13 लोगों की मौत, 33 ट्रेनें रद्द, कई के रूट्स में किया गया बदलाव

By रेनू तिवारी | Oct 30, 2023

आंध्र प्रदेश के विजयनगरम जिले में हावड़ा-चेन्नई लाइन पर रविवार को हुए रेल हादसे में मरने वालों की संख्या बढ़कर 13 हो गई है जबकि 50 लोग घायल हुए हैं। पुलिस अधीक्षक एम दीपिका ने सोमवार को यह जानकारी दी। आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री वाई एस जगनमोहन रेड्डी दुर्घटनास्थल का दौरा करेंगे और विजयनगरम में इलाज करा रहे घायलों से भी मुलाकात करेंगे। पूर्वी तटीय रेलवे (ईसीआर) के अधिकारियों ने बताया कि रविवार शाम सात बजे के आसपास विशाखापत्तनम से लगभग 40 किलोमीटर दूर कांतकपल्ले में पलासा पैसेंजर ट्रेन ने रायगड़ा पैसेंजर ट्रेन को पीछे से टक्कर मार दी, जिससे उसके तीन डिब्बे पटरी से उतर गए। मीडिया में आयी खबरों के अनुसार, रायगड़ा पैसेंजर ट्रेन के लोकोमोटिव पायलट और पलासा ट्रेन के एक गार्ड की भी हादसे में मौत हो गयी।

इसे भी पढ़ें: Andhra Pradesh में हुआ भीषण ट्रेन हादसा, दो यात्री ट्रेन की टक्कर में आठ लोगों की मौत, 32 घायल, PM Modi ने जताया दुख

प्रसाद ने कहा कि कोलकाता की ओर डाउन लाइन तथा विजयवाड़ा की ओर अप लाइन पर दोपहर तक यातायात बहाल किया जा सकता है। इस दुर्घटना के बाद पूर्वी तटीय रेलवे और दक्षिणी मध्य रेलवे ने कई ट्रेनों को रद्द कर दिया या उनका मार्ग परिवर्तित कर दिया गया या उनके समय में परिवर्तन कर दिया गया है। ईसीआर के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी बिस्वजीत साहू ने आज सुबह कहा था कि हादसे में 11 लोगों की मौत हुई है और करीब 50 अन्य घायल हुए हैं। उन्होंने बताया था कि विशाखापत्तनम-पलासा पैसेंजर (ट्रेन संख्या 08532) और विशाखापत्तनम-रायगढ़ा पैसेंजर (ट्रेन संख्या 08504) के बीच टक्कर हुई। रायगढ़ा पैसेंजर ट्रेन सिग्नल पर रुकने के बजाय आगे बढ़ गयी थी। उन्होंने बताया कि विशाखापत्तनम-पलासा यात्री ट्रेन की पीछे की ओर की दो बोगियां तथा विशाखापत्तनम-रायगढ़ा यात्री ट्रेन का इंजन पटरी से उतर गया। एक वरिष्ठ रेलवे अधिकारी ने बताया कि घायलों को विशाखापत्तनम तथा विजयनगरम के अस्पतालों में भर्ती कराया गया है।

इसे भी पढ़ें: Australia के एक फैन स्टेडियम में बना दिया माहौल, लगाए जय श्री राम के नारे

आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री वाई एस जगन मोहन रेड्डी ने हादसे पर दुख जताते हुए अधिकारियों को, जान गंवाने वाले राज्य के लोगों के परिजनों को 10-10 लाख रुपये और घायलों को दो-दो लाख रुपये की अनुग्रह राशि देने का निर्देश दिया। एक आधिकारिक विज्ञप्ति के मुताबिक, रेड्डी ने अन्य राज्यों के मृतकों के परिजनों के लिए दो-दो लाख रुपये और घायलों के लिए 50-50 हजार रुपये के मुआवजे की घोषणा की है। ईसीआर ने हादसे से जुड़ी जानकारी देने के लिए हेल्पलाइन स्थापित की हैं।

खरगे, राहुल ने विजयनगरम रेल हादसे में यात्रियों की मौत पर दुख जताया

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने आंध्र प्रदेश के विजयनगरम में हुए रेल हादसे में कई लोगों की मौत पर सोमवार को दुख जताया और घायलों के शीघ्र स्वस्थ्य होने की कामना की। खरगे ने आरोप लगाया कि बालासोर ट्रेन हादसे के बाद सरकार ने सुरक्षा के जो दावे किए थे, वे हवा हो गए हैं। उन्होंने सरकार पर कटाक्ष करते हुए कहा कि जो उत्साह नयी रेल गाड़ियों को हरी झंडी दिखाने और प्रचार करने में दिखाया जा रहा है, वह यात्रियों की सुरक्षा से जुड़े कदम उठाने में भी दिखाया जाना चाहिए। खरगे ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर पोस्ट किया, आंध्र प्रदेश के विजयनगरम जिले में ट्रेन के पटरी से उतरने की घटना के बारे में जानकर बेहद दुख हुआ। हादसे में बहुमूल्य जिंदगियां चली गईं और कई लोग घायल हो गए। 

प्रधानमंत्री ने लोगों की मौत पर दुख प्रकट किया, अनुग्रह राशि की घोषणा की

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने रविवार को आंध्र प्रदेश के विजयनगरम जिले में ट्रेन हादसे में हुई लोगों की मौत पर दुख प्रकट किया तथा स्थिति का जायजा लेने के लिए रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से बात की। अधिकारियों के अनुसार दो ट्रेन के बीच टक्कर हो जाने से कम से कम आठ लोगों की जान चली गयी तथा 20 अन्य घायल हो गये। प्रधानमंत्री ने अलामांडा और कांतकपल्ले खंड के बीच दुर्भाग्यपूर्ण ट्रेन दुर्घटना में जान गंवाने वाले लोगों के परिवारों के लिए प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष से दो-दो लाख रुपये की अनुग्रह राशि की घोषणा की है।

प्रधानमंत्री कार्यालय (पीएमओ) ने सोशल मीडिया ‘एक्स’ पर पोस्ट किया कि घायलों को 50-50 हजार रुपये दिये जाएंगे। पीएमओ ने कहा, ‘‘ प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने इस दुर्भाग्यपूर्ण दुर्घटना के आलोक में रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से बातचीत की और स्थिति का जायजा लिया।’’ उसने कहा कि अधिकारी प्रभावित लोगों को हर संभव सहायता प्रदान कर रहे हैं। प्रधानमंत्री कार्यालय ने कहा, ‘‘ प्रधानमंत्री ने शोक संतप्त परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की है तथा घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की है।

प्रमुख खबरें

Bollywood Wrap Up | संजय लीला भंसाली के सेट पर हादसे से मचा हड़कंप, सैन फ्रांसिस्को में दिलजीत के शो में सुरक्षा चूक

Hormone Balancing Foods: PCOS और Stress से हैं परेशान? ये 5 Superfoods करेंगे Hormone Balance, जानें इनके फायदे

Travel Tips: कम बजट में चाहिए जन्नत का मजा? Family Trip के लिए परफेक्ट हैं ये हिल स्टेशन

Diljit Dosanjh के लाइव कॉन्सर्ट में सुरक्षा में बड़ी चूक, मंच पर चढ़े खालिस्तान-समर्थक, प्रदर्शनकारी को पुलिस ने किया गिरफ्तार