By अभिनय आकाश | Feb 18, 2022
तालिबान ने अफगानिस्तान पर कब्जा कर लिया है। अब तालिबान अफगानिस्तान में बीते छह महीने से शासन भी चला रहा है। लेकिन अफगानिस्तान का मजबूत किला पंजशीर तालिबान के शिकंजे से अभी दूर है। काबुल से पंजशीर करीब 100 किलोमीटर की दूरी पर है। अब अफगानिस्तान के पूर्व राष्ट्रपति अमरुल्ला सालेह ने पंजशीर में कुछ बड़ा होने का दावा किया है। अमरुल्ला सालेह ने आरोप लगाया है कि तालिबान एक बार फिर पाकिस्तानी "स्नाइपर्स के साथ पंजशीर घाटी में घुसपैठ कर रहे हैं। सालेह ने दावा किया कि हक्कानी नेटवर्क से जुड़े लड़ाके और पाकिस्तानी स्नाइपर पंजशीर में घुस गए हैं।
अफगानिस्तान में अशरफ गनी सरकार के पतन के बाद छिपने के बाद से ही लगातार सालेह ने र पाकिस्तान पर तालिबान के साथ हाथ मिलाने और छद्म रूप से युद्ध से देश पर शासन करने की कोशिश करने का आरोप लगाया है। इस हफ्ते की शुरुआत में सालेह ने तालिबान के सर्वोच्च नेता हिबतुल्लाह अखुंदज़ादा के मुखपत्र के रूप में कार्य करने के लिए पाकिस्तान के प्रधानमंत्री इमरान खान पर निशाना साधा था। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि देश की जासूसी शाखा, आईएसआई, कट्टरपंथी आतंकवादी संगठन को खुफिया जानकारी प्रदान कर रही है।