मुलायम सिंह यादव का जन्मदिन सादगी से मना रही सपा, शिवपाल के भी शामिल होने की संभावना

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Nov 22, 2021

लखनऊ। समाजवादी पार्टी (सपा) के संस्थापक और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री तथा पूर्व रक्षा मंत्री मुलायम सिंह यादव का सोमवार को यहां सपा मुख्यालय में सादगी से जन्मदिन मनाया जाएगा। इस समारोह में मुलायम सिंह यादव, सपा प्रमुख व पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव समेत कई प्रमुख नेता शामिल होंगे। समारोह में प्रगतिशील समाजवादी पार्टी (लोहिया) के अध्यक्ष शिवपाल सिंह यादव के भी शामिल होने की संभावना है। समाजवादी पार्टी के मुख्य प्रवक्ता राजेंद्र चौधरी ने रविवार को बताया कि नेताजी (मुलायम सिंह यादव) का जन्मदिन सपा मुख्यालय में सादगी के साथ मनाया जाएगा और इसमें नेताजी तथा अखिलेश यादव भी शामिल होंगे।

इसे भी पढ़ें: नागर विमानन निदेशालय ने नोएडा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा के निर्माण को मंजूरी दी

इसी बीच परिवार में कलह के बाद मुलायम सिंह यादव के छोटे भाई शिवपाल सिंह यादव सपा से अलग हो गये और उन्होंने बाद में प्रगतिशील समाजवादी पार्टी (लोहिया) के नाम से एक अलग दल का गठन किया। अगले वर्ष की शुरुआत में होने वाले विधानसभा चुनाव में समाजवादी पार्टी और शिवपाल सिंह यादव की पार्टी के बीच गठबंधन के भी संकेत मिले हैं और यह संभावना व्यक्त की जा रही है कि मुलायम सिंह यादव के जन्मदिन समारोह में शामिल होकर शिवपाल सिंह यादव आपसी गिले शिकवे दूर कर सकते हैं। हालांकि, इस बारे में पूछे जाने पर राजेंद्र चौधरी ने कहा कि उन्हें ऐसी कोई जानकारी नहीं है। रविवार को सपा मुख्यालय से जारी एक बयान के अनुसार मुलायम सिंह यादव के जन्मदिन की पूर्व संध्या पर समाजवादी छात्र सभा की राष्ट्रीय अध्यक्ष नेहा यादव के नेतृत्व में यहां शीरोज कैफे में एक आयोजन किया गया, जिसमें तेजाब हमले की शिकार पीड़िताओं को सम्मानित किया गया। इससे पहले राजेंद्र चौधरी ने शनिवार को एक बयान जारी कर कहा था कि अखिलेश यादव के निर्देश पर कार्यकर्ता 22 नवंबर को सपा संरक्षक मुलायम सिंह यादव के जन्मदिन को प्रत्येक जनपद में सादगी से मनायेंगे। इस दौरान नेताजी के जीवन संघर्ष एवं समाजवादी विचारधारा के लिये सतत प्रतिबद्धता के विषय में परिचर्चा का भी आयोजन किया जाएगा।

प्रमुख खबरें

पहले प्यार और अपनापन, फिर अचानक दूरी... क्या आप भी Puffer Fishing के शिकार हो रहे हैं?

South 24 Parganas में पूजा समिति विवाद में BJP कार्यकर्ता की मौत, जांच शुरू

Gurugram में Traffic जाम! 25 अगस्त को WFH का आदेश, School भी बंद

Kolathur Result: मद्रास हाईकोर्ट पहुंचे MK Stalin, टीवीके के वीएस बाबू की जीत को चुनौती और ईवीएम पर सवाल