सूचनाओं की शक्कर (व्यंग्य)

By संतोष उत्सुक | Sep 16, 2025

कल शक्कर खरीदने गया तो समझदार दुकानदार ने आकर्षक पैक में जैविक शक्कर पेश की, जैविक को अंग्रेज़ी में आर्गेनिक कहते हैं। आजकल आर्गेनिक के नाम पर काफी कुछ बिक रहा है। इसलिए मैंने देसी शक्कर मांगी जो सदियों से पंजाब में गन्ने के खेतों में बनाई जाती है। उस शक्कर को भी दर्जनों कम्पनियां आकर्षक पैकिंग में बेच रही हैं। घटिया किस्म के पालिथीन में पैक कर भी बिक रही है और खुली भी उपलब्ध है। शक्कर के भी कई रंग ढंग हैं। सुना है भूरे रंग में मिलने वाली शक्कर वास्तव में कम प्रसंस्कृत यानी कम प्रोसेस्ड होती है। गुड़ की मिठास बढाने के लिए चीनी डाली जा रही है तो शक्कर में भी डाली जा सकती है।

इसे भी पढ़ें: सामूहिक ज़िम्मेदारी नहीं (व्यंग्य)

आजकल अधिकांश चीज़ों में, नयापन, मौलिकता, शुद्धता, पारम्परिकता, प्राकृतिकता और गाय का दूध और शुद्ध देसी घी प्रवेश कर गया है। इस पैकेट पर भी कुछ ऐसी सूचनाएं छपी हैं जिनसे देसी गाय के शुद्ध घी की स्वास्थ्यवर्धक सुगंध आ रही थी। लिखा था, बिना किसी हानिकारक रासायनिक के, परम्परागत तरीके से तैयार, प्राकृतिक तत्वों और गाय के दूध से सफाई कर, गाय का देशी घी डाल कर स्वादिष्ट और  पौष्टिक बनाई गई है। गन्ने के सुन्दर स्कैच के नीचे लिखा है, ‘ताज़ा और बेहतरीन गन्नों से बनाई गई’। वह बात दीगर है कि खाने की चीज़ों में घटिया से बढ़िया किस्म के रंग भी शामिल किए जा रहे हैं और चीज़ों को खाने लायक समय तक बचाए रखने के लिए प्रिजर्वेटिव्स, जिन्हें हिंदी में संरक्षक कहते हैं, प्रयोग किए जा रहे हैं। यह तमाम सूचनाएं पैक के एक तरफ है। 

दूसरी तरफ छपी सूचनाओं से समझ आता है कि एक किलो शक्कर की कीमत में दो किलो से ज्यादा चीनी आ सकती है। दिलचस्प यह है कि पैक पर देसी शक्कर के स्वास्थ्य लाभ भी लिखे हैं। हेमोग्लोबिन बढ़ाएगी, अर्थराइटस रोकेगी, पाचन सिस्टम को बेहतर बनाएगी, शरीर के हर हिस्से को नरिशमेंट देगी, ब्लड प्रेशर ठीक रखेगी। इस बारे नहीं लिखा कि प्रचार के बाद स्वाद में फंसे ग्राहक ने ज्यादा देसी शक्कर ज़्यादा खा ली तो शरीर का क्या होगा। ग्राहक शक्कर खाते हुए सूचनाओं की सचाई का मज़ा ले सकता है लेकिन कहीं कुछ तो कड़वा भी होगा। यहीं मेरे दिमाग ने कहा, शक कर।

- संतोष उत्सुक

प्रमुख खबरें

CJI Suryakant Clarification: Cockroach टिप्पणी पर बोले प्रधान न्यायाधीश, कहा- Social Media पर फैलाया भ्रम

शुभमन गिल ने पूरे किए कप्तानी का एक साल, 600th Test में कप्तानी कर रचेंगे इतिहास; Shubman Gill on WTC Goals

Tom Cruise के प्यार में करियर छोड़ने को तैयार थीं Nicole Kidman, खुद किया खुलासा

Monsoon में नमी से खराब हो सकते हैं TV और Router, इलेक्ट्रॉनिक Gadgets को बचाने के लिए अपनाएं ये Smart Tips