Supreme Court ने Vinay Kulkarni की दोषसिद्धि पर रोक हटाई, BJP नेता हत्या मामले में झटका

By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Nov 25, 2026

भाजपा के एक नेता की हत्या के मामले में 2016 में दोषी ठहराए गए कर्नाटक के पूर्व मंत्री विनय कुलकर्णी को फिर से जेल जाना पड़ सकता है, क्योंकि उच्चतम न्यायालय ने बुधवार को उच्च न्यायालय के उस आदेश को रद्द कर दिया, जिसमें उनकी दोषसिद्धि पर रोक लगाई गई थी और आजीवन कारावास की सजा निलंबित कर दी गई थी। न्यायमूर्ति प्रशांत कुमार मिश्रा और न्यायमूर्ति श्री चंद्रशेखर की उच्चतम न्यायालय की पीठ ने कुलकर्णी के मामा चंद्रशेखर इंदी उर्फ चंदू मामा और मामले के जांच अधिकारी चन्नकेशव बी तिंगरीकर सहित अन्य दोषियों की सजाएं निलंबित करने के आदेश को भी रद्द कर दिया। धारवाड़ के भाजपा नेता योगेश गौदर की जून 2016 में शहर के एक जिम में हथियारबंद समूह ने धारदार हथियारों से हमला कर हत्या कर दी थी।

कुलकर्णी और 15 अन्य लोगों को इस साल 16 अप्रैल को बेंगलुरु में सांसदों और विधायकों के लिए गठित विशेष अदालत ने दोषी ठहराया था। अदालत ने एक दिन बाद उन्हें आजीवन कारावास की सजा सुनाई। कर्नाटक उच्च न्यायालय ने 31 जुलाई को मामले में कुलकर्णी की दोषसिद्धि पर रोक लगा दी और आजीवन कारावास की सजा निलंबित कर दी।

इसने कुलकर्णी की अपील का निपटारा होने तक उन्हें जमानत पर रिहा करने का भी आदेश दिया। उच्च न्यायालय की धारवाड़ पीठ ने उन्हें पांच लाख रुपये का निजी मुचलका और इतनी ही राशि के दो जमानतदार पेश करने का निर्देश दिया। उसने कुलकर्णी के पूर्व अनुमति के बिना देश छोड़ने पर रोक लगा दी और पूर्व विधायक को निर्देश दिया कि जब भी आवश्यक हो, वह उच्च न्यायालय और अधीनस्थ अदालत के समक्ष पेश हों।

इस मामले की जांच 2019 में सीबीआई को सौंपी थी। गौदर की हत्या के समय कुलकर्णी मंत्री थे। कुलकर्णी को 2020 में सीबीआई ने गिरफ्तार किया था और इस साल की शुरुआत में विशेष अदालत द्वारा दोषी ठहराए जाने से पहले बाद में उन्हें जमानत दे दी गई थी।

प्रमुख खबरें

Oscars 2027 में भारत की उम्मीद बनी Gondhal, इंटरनेशनल कैटेगरी में मिली जगह; 104 फिल्मों से होगा मुकाबला

Thirupparankundram Row: SC आदेश की अनदेखी पर गरमाई Politics, निशाने पर TN Govt

Nagpur में बोले CP Radhakrishnan: महिला सशक्तीकरण सरकार और समाज की साझा जिम्मेदारी

Ball Corporation की Meerut में लगेगी नई यूनिट, 2900 करोड़ रुपये का होगा निवेश