By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Nov 25, 2026
उपराष्ट्रपति सी पी राधाकृष्णन ने बुधवार को कहा कि महिला सशक्तीकरण सरकारों, विश्वविद्यालयों, उद्योग जगत, नागरिक समाज और परिवारों की साझा जिम्मेदारी है। उन्होंने विश्वविद्यालयों से महिलाओं को कौशल हासिल करने, आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनने और नेतृत्व की भूमिकाओं के लिए तैयार करने में मदद करने का आग्रह किया। राधाकृष्णन राष्ट्रसंत तुकड़ोजी महाराज नागपुर विश्वविद्यालय में ‘स्वयंसिद्धा’ पहल के तहत आयोजित पहले राष्ट्रीय सम्मेलन ‘विजया : शिक्षा के माध्यम से सशक्तीकरण का सफर’ के उद्घाटन समारोह को संबोधित कर रहे थे।
उन्होंने कहा कि महाराष्ट्र के राज्यपाल के रूप में अपने कार्यकाल के दौरान शुरू किए गए ‘स्वयंसिद्धा’ कार्यक्रम की परिकल्पना उच्च शिक्षण संस्थानों को महिला सशक्तीकरण की प्रक्रिया से सीधे जोड़ने के उद्देश्य से की गई थी। राधाकृष्णन ने कहा, ‘‘शिक्षा को महिलाओं के लिए कक्षाओं से निकलकर शोध, पेशेवर करियर, प्रशासन और संस्थागत निर्णय लेने की प्रक्रियाओं तक पहुंचने के रास्ते खोलने चाहिए। विश्वविद्यालयों को महिलाओं को कौशल हासिल करने, आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनने, आत्मविश्वास बढ़ाने और नेतृत्व की भूमिकाओं के लिए तैयार करने में मदद करनी चाहिए।’’ उन्होंने विश्वविद्यालयों और कॉलेजों से विद्यार्थियों की जरूरतों को पहचानने का भी आग्रह किया।
उन्होंने कहा कि खासतौर पर ग्रामीण और दूरदराज के इलाकों या आर्थिक रूप से कमजोर पृष्ठभूमि से आने वाले विद्यार्थियों को डिजिटल सुविधाओं, करियर मार्गदर्शन और कौशल प्रशिक्षण तक पहुंच उपलब्ध कराई जानी चाहिए। उपराष्ट्रपति ने कहा, ‘‘महिला सशक्तीकरण सरकारों, विश्वविद्यालयों, उद्योग जगत, नागरिक समाज और परिवारों की साझा जिम्मेदारी है। विश्वविद्यालयों को शोध को प्रोत्साहित करना चाहिए, सफल प्रयासों और तरीकों का दस्तावेजीकरण करना चाहिए और उन्हें दूसरे संस्थानों के साथ साझा करना चाहिए।’’ उच्च शिक्षा पर अखिल भारतीय सर्वेक्षण (एआईएसएचई) का उल्लेख करते हुए राधाकृष्णन ने कहा कि उच्च शिक्षा में महिलाओं का सकल नामांकन अनुपात (जीईआर) 2014-15 में लगभग 23 प्रतिशत था, जो 2023-24 में बढ़कर 31 प्रतिशत से अधिक हो गया।
उन्होंने कहा कि उच्च शिक्षा में महिलाओं की बढ़ती संख्या और दीक्षांत समारोहों में उनका प्रदर्शन इस बदलाव को दर्शाता है कि देश अब ‘महिला विकास’ से आगे बढ़कर ‘महिला नेतृत्व वाले विकास’ की ओर बढ़ रहा है। उपराष्ट्रपति ने नारी शक्ति वंदन अधिनियम का भी उल्लेख किया। यह कानून लोकसभा और राज्य विधानसभाओं में महिलाओं के लिए 33 प्रतिशत आरक्षण का प्रावधान करता है।
उन्होंने इसे लोकतांत्रिक संस्थाओं में महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया। राधाकृष्णन ने ‘स्वयंसिद्धा’ पहल को राष्ट्रीय मंच पर लाने के लिए नागपुर विश्वविद्यालय की सराहना की। उन्होंने कहा कि ‘विजया’ नाम महिला सशक्तीकरण के छह आयामों को दर्शाता है।
ये हैं- दृष्टि, समावेशन, न्याय, निर्णय लेने की स्वतंत्रता एवं क्षमता, युवा महिलाओं को नेतृत्वकर्ता के रूप में तैयार करना और उपलब्धि। उन्होंने उम्मीद जताई कि यह सम्मेलन केवल दो दिवसीय आयोजन बनकर नहीं रह जाएगा बल्कि इससे संस्थागत स्तर पर ठोस कदम उठाने की दिशा में काम होगा।