India Vs Pakistan T20 World Cup | खत्म हुआ गतिरोध! 15 फरवरी को होगा भारत और पाकिस्तान का मैच, मोहसिन नकवी ने बहिष्कार का फैसला वापिस लिया

By रेनू तिवारी | Feb 10, 2026

क्रिकेट जगत के लिए एक बड़ी राहत भरी खबर सामने आई है। भारत और पाकिस्तान के बीच बहुप्रतीक्षित टी20 विश्व कप मैच अब अपने निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार ही होगा। पाकिस्तान सरकार ने बांग्लादेश और श्रीलंका के कूटनीतिक हस्तक्षेप और समझाने के बाद मैच के बहिष्कार का अपना फैसला वापस ले लिया है और इसके साथ ही टूर्नामेंट में जारी गतिरोध भी खत्म हो गया है।

पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शाहबाज शरीफ को श्रीलंका से राष्ट्रपति अनुरा कुमारा दिसानायके का भी फोन आया था जिन्होंने उनसे बहिष्कार का फैसला वापिस लेने का अनुरोध किया था। इसमें कहा गया ,‘‘श्रीलंका के राष्ट्रपति ने प्रधानमंत्री से मौजूदा गतिरोध को सौहार्दपूर्ण ढंग से हल करने के लिए गंभीरता से विचार करने का अनुरोध किया था।’’

इसे भी पढ़ें: Bangladesh Election से पहले सड़कों पर संग्राम, BNP-जमात की हिंसक झड़प में 40 से ज्यादा घायल

सरकार का बयान आने से पहले पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड के प्रमुख मोहसिन नकवी ने शरीफ को आईसीसी से रविवार को हुई उनकी और इस्लाम की बातचीत का ब्यौरा दिया। नकवी ने इससे पहले कहा था कि अंतिम फैसला आने में एक दिन लगेगा। उन्होंने कहा था ,‘‘ बांग्लादेश सही था लिहाजा हमे उसका साथ देना ही था।’’ भारत में सुरक्षा कारणों से खेलने से इनकार के बाद बांग्लादेश को विश्व कप से बाहर कर दिया गया था। बीसीबी प्रमुख इस्लाम ने ढाका में जारी बयान में पाकिस्तान को धन्यवाद दिया लेकिन यह भी कहा कि भारत के खिलाफ इस मैच को खेलना क्रिकेट के हित में है।

इसे भी पढ़ें: Bihar Assembly में Nitish vs Rabri, CM बोले 'RJD ने कुछ नहीं किया', राबड़ी का जवाब 'Law and Order फेल'

उन्होंने एक बयान में कहा ,‘‘ इस समय में बांग्लादेश के साथ खड़े होने के लिये हम पाकिस्तान के शुक्रगुजार हैं। यह भाईचारा बना रहे।’’ उन्होंने कहा ,‘‘ पाकिस्तान की कल संक्षिप्त यात्रा और हमारी बातचीत के बाद मैं पाकिस्तान से अनुरोध करूंगा कि समूचे क्रिकेट इकोसिस्टम के फायदे के लिये वह 15 फरवरी को भारत के खिलाफ टी20 विश्व कप का मैच खेले।’’

आईसीसी ने दुबई में जारी बयान में कहा कि भारत में खेलने से इनकार पर बांग्लादेश पर कोई दंड नहीं लगाया जायेगा। बांग्लादेश की जगह स्कॉटलैंड टूर्नामेंट खेल रहा है। आईसीसी ने एक बयान में कहा ,‘‘ इस पर रजामंदी बनी है कि मौजूदा मसले के संदर्भ में बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड पर किसी तरह का आर्थिक, खेलसंबंधी या प्रशासनिक दंड नहीं लगाया जायेगा।’’

इसमें कहा गया ,‘‘ बीसीबी को विवाद निपटान समिति के पास जाने का अधिकार है। आईसीसी के मौजूदा नियमों के तहत यह अधिकार बरकरार है।’’ आईसीसी ने कहा कि उसका नजरिया निष्पक्षता और समानता के सिद्धांतों पर आधारित है और यह सजा देने के बजाय मदद करने के साझा मकसद को दिखाता है। आईसीसी ने यह भी कहा कि बांग्लादेश को 2028 से 2031 के बीच में एक आईसीसी टूर्नामेंट की मेजबानी दी जायेगी। इधर नकवी ने इन अटकलों को भी खारिज किया था कि आईसीसी से कार्रवाई की चेतावनी मिलने के कारण पीसीबी दबाव में है।

उन्होंने कहा ,‘‘ आपको पता है कि हम इन धमकियों से डरने वालों में से नहीं है। सभी हमारे फील्ड मार्शल (असीम मुनीर) को जानते हैं। हम किसी प्रतिबंध से नहीं डरते।’’ सूत्र ने कहा कि आईसीसी उपाध्यक्ष इमरान ख्वाजा के साथ रविवार को हुई बातचीत में नकवी ने कई मुद्दे उठाए। इसमें भारत पाक क्रिकेट की बहाली और बांग्लादेश समेत त्रिकोणीय श्रृंखला का आयोजन शामिल है ताकि विश्व कप से बाहर होने से बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड को हुए नुकसान की भरपाई हो सके। भारत . पाक द्विपक्षीय क्रिकेट आईसीसी के दायरे में नहीं है जबकि त्रिकोणीय श्रृंखला की मांग खारिज कर दी गई है।

भारत ने एक दशक से अधिक समय से कोई त्रिकोणीय श्रृंखला नहीं खेली है। आईसीसी अगले अंडर 19 विश्व कप की मेजबानी बांग्लादेश को दे सकती है। सूत्र के मुताबिक, ‘‘नकवी ने ख्वाजा से सवाल किया कि अगर पाकिस्तान टीम ने एशिया कप ट्रॉफी किसी भारतीय बोर्ड अधिकारी से स्वीकार करने से इंकार कर दिया होता तो क्या आईसीसी ने चुप्पी साधी होती।’’ यह ट्रॉफी फिलहाल दुबई स्थित एशियाई क्रिकेट परिषद मुख्यालय के एक बंद कमरे में है। नकवी ने स्पष्ट किया था कि वह मीडिया की मौजूदगी में ट्रॉफी सौंपेंगे।

प्रमुख खबरें

Odisha में BJD को बड़ा झटका, Naveen Patnaik के करीबी MP देबाशीष सामंतराय ने दिया इस्तीफा

Chand Mera Dil Movie Review: शानदार संगीत और उम्दा कोशिश के बावजूद कमजोर लेखन की भेंट चढ़ी अनन्या पांडे और लक्ष्य की फिल्म

Russia ने यूक्रेन वॉर में जबरन फौजी बनाया, 49 भारतीयों की मौत

Sunil Dutt Death Anniversary: रेडियो की आवाज से कैसे बने Bollywood के Superstar, जानें सफर