Tata Power ने भूटान की ड्रुक पावर के साथ साझेदारी की, स्वच्छ ऊर्जा परियोजनाएं करेगी विकसित

By Prabhasakshi News Desk | Nov 20, 2024

नयी दिल्ली । टाटा पावर ने भूटान में 5,000 मेगावाट की स्वच्छ ऊर्जा क्षमता के विकास के लिए वहां की ड्रुक ग्रीन पावर कॉरपोरेशन लि. (डीजीपीसी) के साथ रणनीतिक साझेदारी की है। डीजीपीसी, ड्रुक होल्डिंग एंड इन्वेस्टमेंट्स लि. की अनुषंगी कंपनी है। यह भूटान की एकमात्र बिजली उत्पादन कंपनी है। टाटा पावर ने मंगलवार को बयान में कहा कि यह एशिया के स्वच्छ ऊर्जा क्षेत्र में दोनों देशों की दो प्रमुख बिजली कंपनियों के बीच सबसे बड़ी साझेदारी है। बयान के अनुसार, सहयोग के माध्यम से कम-से-कम 5,000 मेगावाट की नवीकरणीय ऊर्जा परियोजनाएं विकसित की जाएंगी।

उन्होंने कहा, ‘‘ यह भागीदारी भूटान की जलविद्युत क्षमता का उपयोग करने में मदद करेगी और भरोसेमंद तथा 24 घंटे स्वच्छ ऊर्जा आपूर्ति के जरिये दोनों देशों की बढ़ती ऊर्जा मांग को पूरा करेगी। हम साथ मिलकर एक नए ऊर्जा युग को आकार दे रहे हैं।’’ बयान में कहा गया है कि भूटान के प्रधानमंत्री दाशो शेरिंग टोबगे की उपस्थिति में डीजीपीसी के प्रबंध निदेशक दाशो छेवांग रिनजिन और टाटा पावर के सीईओ और प्रबंध निदेशक के बीच थिम्पू में समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर मंगलवार को हस्ताक्षर किये गये। इस मौके पर ऊर्जा एवं प्राकृतिक संसाधन मंत्री ल्योनपो जेम शेरिंग, टाटा संस के चेयरमैन एन चन्द्रशेखरन, भूटान में भारत के राजदूत सुधाकर दलेला और भूटान सरकार, भारतीय दूतावास, डीजीपीसी और टाटा पावर के अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौजूद थे।

डीजीपीसी के प्रबंध निदेशक दाशो छेवांग रिनजिन ने कहा, ‘‘टाटा पावर के साथ यह रणनीतिक साझेदारी भूटान के आर्थिक विकास और दीर्घकालिक ऊर्जा सुरक्षा के लिए विशाल नवीकरणीय ऊर्जा संसाधनों के तेजी से उपयोग के जरिये वहां के लोगों को अधिकतम लाभ पहुंचाने की आकांक्षाओं के अनुरूप है।’’ टाटा पावर का 2008 से डीजीपीसी के साथ एक लंबे समय से संबंध रहा है। उस समय दोनों कंपनियां भूटान के जलविद्युत क्षेत्र में पहली सार्वजनिक-निजी भागीदारी के रूप में 126 मेगावाट क्षमता की दगाछू जलविद्युत संयंत्र को सफलतापूर्वक विकसित करने के लिए साथ आई थीं। टाटा पावर के पास 1,200 किलोमीटर लंबी टाला पारेषण लाइन परियोजना भी है। कंपनी इसके जरिये भूटान से भारत तक स्वच्छ बिजली पहुंचाती है।

प्रमुख खबरें

Prabhasakshi NewsRoom: Kashmir में बड़ा Terror Attack, छत्तीसगढ़ के दो प्रवासी मजदूरों की मौत, सुरक्षा पर उठे सवाल, आतंकियों की खोज जारी

Delhi में हल्की बारिश के आसार, न्यूनतम तापमान 27.9 डिग्री दर्ज, AQI संतोषजनक

कौशांबी में Kanwar Yatra मार्ग के हर थाने पर मिलेगा गंगाजल, Kaushambi Police की नई पहल

Asmita Dey ने Commonwealth Games में जीता स्वर्ण, CM Yogi और DGP ने दी बधाई