न्यूजीलैंड के खिलाफ जीत की राह पर लौटने उतरेगी टीम इंडिया

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Feb 07, 2020

आकलैंड। श्रृंखला के पहले मैच में गेंदबाजी और क्षेत्ररक्षण में कमियां उजागर होने के बाद भारतीय टीम अब उनसे उबरकर न्यूजीलैंड के खिलाफ शनिवार को यहां दूसरे एक दिवसीय मैच में उतरेगी। टी20 श्रृंखला में 5 . 0 से जीतने के बाद भारतीय टीम को तीन वनडे मैचों के पहले ही मैच में चार विकेट से पराजय झेलनी पड़ी। 

न्यूजीलैंड ने वनडे क्रिकेट में अपने सर्वोच्च स्कोर लक्ष्य का पीछा करते हुए यह जीत दर्ज की। ईडन पार्क मैदान छोटा होने से बाद में बल्लेबाजी करने वाली टीम को फायदा होगा। न्यूजीलैंड ने यहां दोनों टी20 मैचों में पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया लेकिन भारत ने अलग अलग हालात में बखूबी लक्ष्य का पीछा किया।

हैमिल्टन में हालांकि उसे जीत नहीं मिल सकी। भारतीय टीम ने वैसे वेस्टइंडीज और आस्ट्रेलिया के खिलाफ एक मैच हारने के बाद वापसी करके वनडे श्रृंखला जीती है और यहां भी उसके इरादे ऐसा ही कुछ करने के होंगे वेस्टइंडीज के खिलाफ चेन्नई में और आस्ट्रेलिया के खिलाफ मुंबई को भारत को शिकस्त का सामना करना पड़ा था।

इसे भी पढ़ें: भारतीय महिला टीम को इंग्लैंड के खिलाफ करना होगा बल्लेबाजी में सुधार

न्यूजीलैंड के बल्लेबाजों ने पहले वनडे में भारत पर पूरी तरह से दबाव बनाया और भारतीय गेंदबाजों के पास उसका कोई जवाब नहीं था। पहले वनडे में विकेट की तलाश में कप्तान विराट कोहली ने बार बार जसप्रीत बुमराह पर ही भरोसा किया । भारत को इस अत्यधिक निर्भरता से बचना होगा। भारतीय फील्डिंग भी पिछले मैच में लचर थी । चेन्नई, मुंबई और हैमिल्टन में हर जगह हार का अहम कारण लचर फील्डिंग रही । 

बांग्लादेश के खिलाफ श्रृंखला के बाद से भारत के क्षेत्ररक्षण का स्तर गिरा है और टीम को मिलकर इसमें सुधार करना होगा। भारतीय टीम ने शुक्रवार को वैकल्पिक अभ्यास सत्र में भाग लिया। नवदीप सैनी और शार्दुल ठाकुर दोनों ने गेंदबाजी और बल्लेबाजी की । ठाकुर टी20 मैच में महंगे साबित हुए थे और पहले वनडे में भी कुछ खास नहीं कर  के। भारत उनकी जगह सैनी को उतार सकता है। इसके अलावा टीम में केदार जाधव की भूमिका पर भी सवाल उठ रहे हैं । चयनकर्ताओं ने टीम में संतुलन के लिये उन्हें अंतिम एकादश में रखा लेकिन कोहली ने हैमिल्टन में उनसे एक भी ओवर नहीं कराया।

इसे भी पढ़ें: क्रिकेट छोड़ यह काम करने लगे है कैप्टन कूल, दिखें इस नए अवतार में

शायद छोटी बाउंड्री की वजह से ऐसा किया गया लेकिन यहां तो मैदान और भी छोटा है । ऐसे में शिवम दुबे या मनीष पांडे को उतारना बेहतर होगा ।न्यूजीलैंड के लिये टी20 श्रृंखला में हार के बाद टीम में बदलाव सुखद रहा । टाम लाथम ने मध्यक्रम में उपयोगी बल्लेबाजी की । हेनरी निकोल्स ने भी अच्छा प्रदर्शन किया । रोस टेलर अपने फार्म को बरकरार रखना चाहेंगे। कप्तान केन विलियमसन फिटनेस कारणों से बाहर है जबकि स्काट कुग्लेन बीमार होने के कारण नहीं खेल सकेंगे । ईश सोढी की जगह छह फुट आठ इंच लंबे काइल जैमीसन को उतारा जायेगा । 

टीमें:

भारत: विराट कोहली, पृथ्वी साव, मयंक अग्रवाल, केएल राहुल (विकेटकीपर), मनीष पांडे, ऋषभ पंत, श्रेयस अय्यर, शिवम दूबे, रवींद्र जडेजा, कुलदीप यादव, युजवेंद्र चहल, मोहम्मद शमी, जसप्रीत बुमराह, शार्दुल ठाकुर, नवदीप सैनी।

न्यूजीलैंड: टाम लैथम (कप्तान और विकेटकीपर), मार्टिन गुप्टिल, रास टेलर, कालिन डी ग्रैंडहोमे, जिमी नीशम, स्काट कुगलेइजन, टाम ब्लंडेल, हेनरी निकोल्स, मिशेल सेंटनर, हैमिश बेनेट, ईश सोढ़ी, टिम साउदी, काइल जैमीसन, मार्क चैपमैन। मैच भारतीय समयानुसार सुबह साढ़े सात बजे से होगा।

प्रमुख खबरें

INDIA Bloc की बैठक में शामिल नहीं हुआ Shiv Sena UBT, जानें क्या है पूरा मामला

TCS और Wipro समेत IT कंपनियों पर अमेरिकी Green Card रोक का भारत ने किया विरोध

J&K के Kishtwar में PDP Leader Abdul Kabir गिरफ्तार, Burhan Wani को शहीद बता कर खड़ा किया था विवाद

तुमको भी ठोंकेगे, अंसारुल्लाह ने अब सऊदी के यारों को खुल्ला धमकाया