कांग्रेस के CWC को भाजपा ने बताया ‘करप्शन वाली कमेटी‘

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Aug 05, 2018

नयी दिल्ली। कांग्रेस कार्य समिति (सीडब्ल्यूसी) के भ्रष्टाचार के मुद्दे पर सरकार को घेरने के संकल्प के घंटों बाद भाजपा ने सीडब्ल्यूसी को ‘करप्शन वाली कमेटी’ करार दिया। भाजपा प्रवक्ता संबित पात्रा ने कहा कि भारत में हुआ भ्रष्टाचार का प्रत्येक कृत्य इस पार्टी से जुड़ा होता है और यह पार्टी लोगों को सरकार के खिलाफ गुमराह कर रही है। उन्होंने कहा, ‘‘ कांग्रेस के भ्रष्टाचार के साथ गहरे संबंध रहे हैं। जब भी भारत में भ्रष्टाचार होता है तो यह 10 जनपथ जाता है। 10 जनपथ भारत में भ्रष्टाचार का स्थायी पता है और भ्रष्टाचार का हर कृत्य गांधी परिवार से मिलता है।’’ 

10 जनपथ संप्रग अध्यक्ष सोनिया गांधी का आधिकारिक आवास है। सत्तारूढ़ पार्टी ने राफेल लड़ाकू विमान की कीमत तय करने में मोदी सरकार की ओर से की गई अनियमितताओं के आरोप को भी खारिज करते हुए कहा कि कांग्रेस इस मुद्दे को लेकर झूठ फैला रही है क्योंकि पार्टी खरीद सौदे में कोई बिचौलिया नहीं होने से ‘‘हताश’’ है।

 

पात्रा ने कहा, ‘‘ उन्होंने (राहुल गांधी) ने संसद को बताया था कि फ्रांस के राष्ट्रपति ने उनके कान में कुछ कहा था। कुछ घंटों के अंदर फ्रांस सरकार ने एक बयान जारी करके उनके झूठ का पर्दाफाश कर दिया। क्या इससे ज्यादा कुछ अपमानजनक हो सकता है। उनकी दुनिया में आलोचना हुई और ऐसा पहली बार हुआ है कि अन्य देश को हस्तक्षेप करना पड़ा... और एक पत्र जारी करना पड़ा। लेकिन राहुल गांधी ने अपना झूठ जारी रखा हुआ है।’’ 

 

भाजपा प्रवक्ता ने असम के राष्ट्रीय नागरिक रजिस्टर (एनआरसी) पर हो रहे विवाद पर कांग्रेस पर वोट बैंक की राजनीति करने का भी आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि पार्टी की दिलचस्पी सिर्फ ‘राष्ट्रीय अवैध प्रवासी रजिस्टर’ में है। मुद्दे पर पार्टी के ढोंग का पर्दाफाश करने की कोशिश करते हुए उन्होंने कहा कि पार्टी ने भाजपा अध्यक्ष और राज्यसभा सदस्य अमित शाह को ऊपरी ससंद में बोलने नहीं दिया, जबकि उनके नेता सीडब्ल्यूसी की बैठक में इस पर चर्चा करते हैं।

 

पात्रा ने हैरानी जताई, ‘‘ क्या सीडब्ल्यूसी संसद से ज्यादा महत्वपूर्ण है।’’ सीडब्ल्यूसी के सदस्यों पर भ्रष्टाचार को लेकर तंज कसते हुए भाजपा प्रवक्ता ने कहा कि यह ‘यह करप्शन वाली कमेटी’ है। बैंक धोखधड़ी मामले में आरोपी मेहुल चोकसी को देश से भगाने में और एंटीगुआ की नागरिकता हासिल करने में मोदी सरकार की मिलीभगत के कांग्रेस के दावे को खारिज करते हुए पात्रा ने कहा कि चोकसी के एंटीगुआ के वकील डेविड डोरसेट ने एक साक्षात्कार में कथित रूप से कहा है कि चोकसी को इसलिए निशाना बनाया जा रहा है क्योंकि उसके कांग्रेस के साथ अच्छे रिश्ते नहीं है। भाजपा प्रवक्ता ने बताया, ‘‘कांग्रेस पार्टी ने ऋण देने वाले एजेंट के तौर पर काम किया और भाजपा कर्ज वसूली के एजेंट के तौर पर काम कर रही है।’’ 

प्रमुख खबरें

पुलिस हिरासत से भागा खुंखार अपराधी, दिल्ली के लोधी कॉलोनी में हत्या के आरोप में थाने में बंद था

Sikkim Elections 2024: पूर्व सीएम चामलिंग ने राज्य में लगाया कुशासन का आरोप, कहा- यह आखिरी मौका

Breaking News: तमिलनाडु में बेहद दर्दनाक हादसा! कन्नियाकुमारी तट के पास 5 मेडिकल छात्र समुद्र में डूब गए

जयशंकर ने किया पश्चिमी देशों के दबाव का जिक्र, फिर भी...क्यों रूस नहीं भूल पाएगा ये अहसान?