Prabhasakshi NewsRoom: जवानों की शहादत से गम और गुस्से में है देश, Pakistan को इस बार तगड़ा सबक सिखाने की माँग

By नीरज कुमार दुबे | Sep 14, 2023

पाकिस्तान है कि मानता नहीं। एक तरफ वह आतंकवाद से खुद को पीड़ित बताता है तो दूसरी तरफ कश्मीर में आतंकवादी भेजकर माहौल बिगाड़ने का प्रयास करता है लेकिन हमारे जांबाज सैनिक पाकिस्तान की हर नापाक हरकत का मुंहतोड़ जवाब दे रहे हैं। दूसरी ओर मातृभूमि की रक्षा करते हुए और पाकिस्तान की हरकतों का जवाब देते हुए हमारे जवानों की शहादत से देश में गम और गुस्सा भी बढ़ता जा रहा है। पाकिस्तान की बढ़ती हिमाकत को देखते हुए मोदी सरकार से मांग की जा रही है कि पड़ोसी को एक बार तगड़ा सबक सिखा दिया जाये।

इसे भी पढ़ें: Jammu-Kashmir में आतंकियों साथ मुठभेड़ में सेना के कर्नल, मेजर और पुलिस उपाधीक्षक शहीद

हम आपको बता दें कि आतंकवादी संगठन लश्कर-ए-तैयबा के छद्म समूह प्रतिबंधित रेजिस्टेंस फ्रंट ने इस हमले की जिम्मेदारी ली है। अधिकारियों का मानना है कि ये उन्हीं आतंकवादियों का समूह है, जिन्होंने चार अगस्त को कुलगाम जिले के हलाण वनक्षेत्र के ऊंचाई वाले इलाके में सेना के जवानों पर हमला किया था, जिसमें तीन जवान शहीद हो गए थे। अधिकारियों ने बताया कि गारोल इलाके में आतंकियों के खिलाफ अभियान मंगलवार शाम को शुरू हुआ था, लेकिन रात में इसे रोक दिया गया था। अधिकारियों ने बताया कि एक ठिकाने पर आतंकवादियों को देखे जाने की सूचना के बाद आज सुबह फिर उनकी (आतंकवादियों) तलाश शुरू की गई।

अपने दल का नेतृत्व करते हुए कर्नल मनप्रीत सिंह ने आतंकवादियों पर हमला बोला। हालांकि, आतंकवादियों की गोलीबारी में वह गंभीर रूप से घायल हो गए। 12वीं सिख लाइट इन्फेंट्री (एलआई) से संबद्ध कर्नल मनप्रीत सिंह को सेना पदक से भी सम्मानित किया गया था। जबकि मेजर आशीष धोनैक 15वीं सिख एलआई से थे। अधिकारियों ने बताया कि आशीष धोनैक और हुमायूं भट को भी गोलियां लगीं थीं जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए। हम आपको बता दें कि यह हमला ऐसे समय हुआ जब एक दिन पहले ही जम्मू क्षेत्र के राजौरी में पीर पंजाल के दक्षिण में एक मुठभेड़ में सेना का एक जवान शहीद हो गया था जबकि सेना की छह वर्षीय मादा लैब्राडोर भी अपने ‘हैंडलर’ को बचाने के दौरान जान गंवा बैठी थी।

दूसरी ओर, शहीदों के घरों में मातम पसरा हुआ है। कोई जल्द ही रिटायर होने वाला था तो कोई हाल ही में पिता बना था। जवानों की शहादत से उनके परिजनों के सपने टूट गये हैं। शहीदों के परिजनों को सांत्वना देने के लिए लोग बड़ी संख्या में एकत्रित हो रहे हैं। हम आपको बता दें कि पानीपत में मेजर आशीष धोनैक के घर पर आसपास के लोग बड़ी संख्या में एकत्रित हुए हैं। वहीं दूसरी ओर मोहाली में कर्नल मनप्रीत सिंह के घर पर भी बड़ी संख्या में लोगों का जमावड़ा लगा हुआ है। उधर, कश्मीर में हुमायूं भट को जब सुपुर्द-ए-खाक किया गया तो बड़ी संख्या में लोग जुटे। इस बीच, जम्मू में भारतीय जनता युवा मोर्चा के कार्यकर्ताओं ने बड़ी संख्या में एकत्रित होकर प्रदर्शन किया और पाकिस्तान के खिलाफ नारेबाजी कर मोदी सरकार से तगड़ा जवाब देने की मांग की।

हम आपको यह भी बता दें कि जम्मू-कश्मीर पुलिस ने आज कहा है कि उसने अनंतनाग जिले में लश्कर-ए-तैयबा के दो आतंकवादियों को ‘घेर’ लिया है। बताया जा रहा है कि इसमें से एक को मुठभेड़ में मार गिराया जा चुका है। इसके अलावा पूरे इलाके में सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है। इस बीच, पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) दिलबाग सिंह ने पुलिस और सेना के बहादुर अधिकारियों की मौत पर शोक व्यक्त किया। उन्होंने एक संदेश में कहा कि दोषियों को जल्द ही न्याय के कठघरे में लाया जाएगा। 

प्रमुख खबरें

Bollywood Wrap Up | संजय लीला भंसाली के सेट पर हादसे से मचा हड़कंप, सैन फ्रांसिस्को में दिलजीत के शो में सुरक्षा चूक

Hormone Balancing Foods: PCOS और Stress से हैं परेशान? ये 5 Superfoods करेंगे Hormone Balance, जानें इनके फायदे

Travel Tips: कम बजट में चाहिए जन्नत का मजा? Family Trip के लिए परफेक्ट हैं ये हिल स्टेशन

Diljit Dosanjh के लाइव कॉन्सर्ट में सुरक्षा में बड़ी चूक, मंच पर चढ़े खालिस्तान-समर्थक, प्रदर्शनकारी को पुलिस ने किया गिरफ्तार