एक युग का अंत लेकिन उनकी विरासत रहेगी जिंदा...ऋषि कपूर के निधन पर गमगीन बॉलीवुड

By रेनू तिवारी | Apr 30, 2020

मुम्बई। अभी बॉलीवुड ने इरफान खान के रूप में एक दिग्गज सितारा खोया ही था 2020 की एक और सुबह अपने साथ दुख का सागर समेट लायी। बॉलीवुड के दिग्गज कलाकार ने अभिनेता ऋषि कपूर एच एन रिलायंस अस्पताल में दुनिया को अलविदा कह दिया। ऋषि कपूर के निधन की खबरे उनके दोस्त अमिताभ बच्चन ने दी। अमिताभ ने एक ट्वीट किया और कहा- ऋषि कपूर नहीं रहे, मैं अब टूट गया हूं। जब मुस्कुराते थे तब मानों खुशियां बिखेर देते थे और जब नाराज होते थे तो फटकार भी लगाते थे। सिमेना के कपूर खानदार की सबसे मजबूत कड़ी ऋषि कपूर ने 30 अप्रैल 2020 सुबह 8.45 पर दुनिया को अलविदा कह दिया। ऋषि कपूर ऐसे अभिनेता था जिन्होंने हर उम्र के किरदार को पर्दे पर निभाया। ऋषि कपूर के करियर में कभी उम्र बाधा नहीं बनीं क्योंकि उन्होंने अपनी उम्र के हिसाब से किरदार को चुना और दमदार तरीके से प्रस्तुत किया। उन्होंने पर्दे पर बॉबी का किरार भी निभाया और मुल्क में मुराद का भी। समय के साथ-साथ उम्र बढ़ी, शरीर ढला लेकिन कला पर कोई फर्क नहीं पड़ा। कहते हैं कलाकार मरता है लेकिन उसकी कला कभी नहीं। उसने निभाए गये किरदार हमेशा लोगों के जहन में जिंदा रहते हैं। 

ऋषि कपूर भी ऐसी ही शख्सियत थे, जो भरे आज हमेशा के लिए चले गये हो लेकिन वो हमेशा दर्शकों के दिल में अमर रहेंगे। ऋषि कपूर को उनके फैंस बहुत प्यार करते हैं। जब वह अपनी बीमारी का इलाज करवाने अमेरिका गये थे तो लोगों ने उनके ठीक होने की दुआ मांगी थी।

जाने-माने अभिनेता ऋषि कपूर के निधन पर बॉलीवुड की हस्तियों ने शोक जताते हुए इसे सिनेमा जगत के लिए एक ‘‘बड़ी अपूरणीय क्षति’’ बताया। अभिनेता कपूर (67) 2018 से ल्यूकेमिया (रक्त का कैंसर) से जंग लड़ रहे थे। तबीयत बिगड़ने के बाद बुधवार को उन्हें एच. एन. रिलायंस अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां आज सुबह उनका निधन हो गया। परिवार ने ऋषि के निधन के बाद एक बयान जारी करते हुए कहा, ‘‘ दो साल तक ल्यूकेमिया से जंग लड़ने के बाद हमारे प्यारे ऋषि आज सुबह पौने नौ बजे इस दुनिया को अलविदा कह गए।’’ उन्होंने कहा, ‘‘ दो महाद्वीपों में दो साल तक इलाज के दौरान उनके भीतर जिंदादिली कायम रही और लगातार खुश रहे। वह हमेशा परिवार, दोस्तों, खाने पीने और फिल्मों की ही बातें करते रहते थे। और इस दौरान जो भी उनसे मिला वह हैरान होता था कि कैसे इस बीमारी को उन्होंने खुद पर हावी नहीं होने दिया।’’

 

परिवार ने कहा कि वह अभिनेता को ‘‘आंसुओं से नहीं मुस्कुराहट के साथ याद’’ किया जाना पसंद करेंगे। बेटी रिद्धिमा कपूर साहनी ने पिता को एक योद्धा बताते हुए उन्हें अंतिम विदाई दी। रिद्धिमा ने इंस्टाग्राम पर ऋषि कपूर के एक साथ एक तस्वीर साझा करते हुए लिखा, ‘‘ पापा, मुझे आपसे प्यार है और हमेशा रहेगा। मेरे सबसे शक्तिशाली योद्धा भगवान आपकी आत्मा को शांति दे। हर दिन आपकी ‘फेस टाइम कॉल’ की याद आएगी। अगली मुलाकात तक... पापा ‘आई लव यू’।’’

 

दिवंगत अभिनेता की भांजी एंव अदाकारा करीना कपूर खान ने अपने पिता रणधीर और ऋषि की एक पुरानी तस्वीर साझा करते हुए लिखा, ‘‘ दो बेहतरीन लड़के... पापा और चिंटू अंकल।’’ ऋषि के करीबी मित्र और उनके साथ कई फिल्मों में काम कर चुके अमिताभ बच्चन ने सबसे पहले सोशल मीडिया पर उनके निधन की जानकारी दी थी लेकिन कुछ सेकेंड बाद ही अपना ट्वीट हटा दिया। उन्होंने लिखा था, ‘‘ वह चले गए। ऋषि कपूर चले गए.... अभी उनका निधन हो गया.... मैं सदमे में हूं।’’ अदाकारा आलिया भट्ट ने उन्हें याद करते हुए इंस्टाग्राम पर लिखा, ‘‘ एक बेहद भावुक ट्वीटर (ट्वीट करने वाले) और एक पिता पिछले दो वर्षों में जो प्यार मुझे मिला है उसे मैं हमेशा संजोकर रखूंगी।’’

 

शाहरुख खान ने ट्विटर पर एक ऋषि के नाम एक संदेश पोस्ट करते हुए लिखा, ‘‘ कूपर खानदान को संवेदनाएं। अल्लाह आपको इस दुख की घड़ी का सामना करने की हिम्मत दे।’’ धर्मेन्द्र ने लिखा, ‘‘ सदमे पर सदमा.... ऋषि भी चला गया। कैंसर के खिलाफ उन्होंने एक बड़ी लड़ाई लड़ी। वह मेरे बेटे जैसे था। बेहद दुखी हूं। परिवार के साथ मेरी प्रार्थनाएं हैं।’’ निर्देशक अनुराग कश्यप ने ऋषि को एक ‘‘बेबाक’’ और ‘‘संवेदनशील’’ इंसान की तरह याद किया। फिल्मकार जोया अख्तर ने ऋषि की फिल्म ‘कर्ज’ के लिए अपनी दीवानगी जाहिर करते हुए उन्हें यााद किया। उन्होंने लिखा, ‘‘ मोन्टी: तुमने कभी किसी से प्यार किया? आठ साल की मैं : हां तुमसे। यह कभी नहीं बदलेगा। आपके जाने का बेहद दुख है लेकिन आप हमारे जीवन में थे इस बात का गहरा आभार है।’’

 

सुपरस्टार रजनीकांत ने भी कपूर के निधन पर शोक जताया। उन्होंने लिखा, ‘‘ बेहद दुखद.. भगवान आपकी आत्मा को शांति दे... मेरे प्रिय दोस्त ऋषि कपूर।’’ स्वर कोकिला लता मंगेशकर ने कहा कि अभिनेता के निधन से सिनेमा जगत में एक खालीपन आ गया है। उन्होंने लिखा, ‘‘ मुझे समझ नहीं आ रहा क्या कहूं? ऋषि जी के निधन की खबर सुन काफी दुखी हूं। उनका निधन फिल्म उद्योग के लिए एक अपूरणीय क्षति है। मेरे लिए यह दर्द असहनीय है। भगवान उनकी आत्मा को शांति दे।’’ गायिका आशा भोंसले ने कहा कि अभिनेता ने हमेशा उनका साथ दिया लेकिन वह इस दुख की घड़ी में वह उनके पास नहीं जा सकतीं। उन्होंने कहा, ‘‘ वह सदा रहेंगे और खास रहेंगे।’’

 

फिल्म ‘कपूर एंड सन्स’ के निर्देशक शकुन बत्रा ने ‘पीटीआई-भाषा’ से कहा, ‘‘ यह काफी दुखद है और मैं उन्हें बहुत याद करूंगा।’’ अभिनेता इरफान खान के बुधवार को असमय निधन के बाद आज ऋषि के निधन की खबर आई है। खान को भी कैंसर था। सलमान खान ने ट्वीट किया, ‘‘ चिंटू सर भगवान आपकी आत्मा को शांति दे। कहा-सुना माफ। परिवार और दोस्तों को शक्ति मिले।’’ आमिर खान ने कहा कि सिनेमा जगत ने महान शख्सियतों में से एक को खो दिया। ‘‘ आपकी बहुत याद आएगी ऋषि जी।’’

 

माधुरी दीक्षित ने कहा कि यह सम्मान की बात है कि ‘याराना’ , ‘प्रेम ग्रंथ’ जैसी फिल्मों में आपके साथ काम करने को मौका मिला। आपके निधन से बेहद दुखी हूं। संजय दत्त ने कहा कि अभिनेता उनके लिए हमेशा एक प्ररेणा का स्रोत थे और अच्छे-बुरे समय में हमेशा उन्होंने उन्हें सही राह दिखाई। अक्षय कुमार ने लिखा, ‘‘ऐसा लग रहा है कि कोई बुरा सपना देख रहा हूं।’’ उन्होंने लिखा, ‘‘ ऋषि जी के निधन की दुखद खबर सुनी, यह दिल दहलाने वाला है। वह एक महान शख्स, बेहतरीन साथी कलाकार और परिवार के एक अच्छे मित्र थे। परिवार के साथ मेरी प्रार्थनाएं और संवेदनाएं हैं।’’

 

फिल्मकार करण जौहर ने लिखा, ‘‘ मेरा पूरा बचपन उन्हीं से था।’’ फरहान अख्तर ने भी ऋषि के निधन पर शोक जताते हुए इसे एक अपूरणीय क्षति बताया। अजय देवगन ने लिखा, ‘‘ एक के बाद एक झटका। ऋषि जी के निधन से दिल टूट सा गया है।’’ मनोज बाजपेयी ने उनके निधन पर शोक जताते हुए कहा कि अभी इरफान की जीवनी लिख ही रहा था कि ऋषि जी के निधन की खबर ने मुझे तोड़ दिया है।

 

फिल्म ‘दो दूनी चार’ के निर्देशक हबीब फैसल ने उन्हें याद करते हुए ‘पीटीआई-भाषा’ से कहा, ‘‘ जब उनका इलाज चल रहा था, तब अक्सर में उन्हें मैसेज करता था। और वह हमेशा कहते थे ‘‘ मैं ठीक हूं, वापस आ रहा हूं तुम ‘दो दूनी चार’ का सीक्वल लिखो।’’ फिल्म ‘अग्निपथ’ के निर्देशक करण मल्होत्रा ने ‘पीटीआई-भाषा’ से कहा, ‘‘ मैं उन्हें जुनूनी , गुस्सेल और प्यार करने वाले इंसान के तौर पर याद करता हूं। वह ऊर्जा से भरे व्यक्ति थे...वह आपको उनसे प्यार करने के लिए मजबूर कर देते थे।’’

 

शत्रुघ्न सिन्हा, निर्देशक इम्तियाज अली, अनुभव सिन्हा, गीतकार जावेद अख्तर, अदाकार सिम्मी ग्रेवाल, प्रियंका चोपड़ा, तापसी पन्नू, उर्मिला मातोंडकर, लेखक अपूर्व असरानी सहित कई बॉलीवुड हस्तियों ने उनके निधन पर शोक जताते हुए परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की।

प्रमुख खबरें

Mamata Banerjee ने नहीं दी PM Modi की बर्धमान रैली को इजाजत, बीजेपी नेता ने दिया ये बयान

Rahul Gandhi और Priyanka Gandhi नहीं लड़ेंगे इन सीटों से चुनाव, बड़ी वजह आई सामने

Ayushman Bharat Yojana 2024: 30 अप्रैल को मनाया जा रहा आयुष्मान भारत योजना, जानिए कैसे हुई इसकी शुरूआत

KKR vs DC IPL 2024: सॉल्ट और चक्रवर्ती के तूफान में उड़ी दिल्ली, कोलकाता की शानदार जीत