By रेनू तिवारी | May 17, 2023
विवादों के बाद भी अदा शर्मा की फिल्म द केरला स्टोरी भारत में जबरदस्त कमाई कर रही हैं। अब तक फिल्म ने भारत में 150 करोड़ का व्यापार कर लिया हैं। फिल्म विदेश में भी रिलीज के लिए तैयार थी। फिल्म को यूके और आयरलैंड के 31 सिनेमाघरों में हिंदी और तमिल में प्रदर्शित करने के लिए तैयार किया गया था। शो भी बुक हो चुके थे लेकिन ब्रिटिश बोर्ड ऑफ फिल्म क्लासिफिकेशन (बीबीएफसी) से वर्गीकरण प्राप्त करने में विफल रहने के बाद फिल्म की रिलीज पर रोक लगा दी गयी। सभी स्क्रीनिंग रद्द कर दी गईं और टिकट वापस कर दिए गए। लेकिन अब ताजा रिपोर्ट के अनुसार फिल्म अंततः यूके में रिलीज़ हो रही है।
द केरला स्टोरी के निर्देशक सुदीप्तो सेन ने दर्शकों को सूचित किया कि उनकी नवीनतम पेशकश यूके में रिलीज होने के लिए तैयार है। उन्होंने ट्वीट किया, "बधाई हो ग्रेटब्रिटेन। आप जीत गए। आतंकवाद हार गया। आपकी प्रतिक्रिया का इंतजार करेंगे। ओह..अब ब्रिटिश लोग आतंक के खिलाफ सबसे बड़ी क्रांति देखेंगे... #TheKeralaStory।" अदा शर्मा ने इसे रीट्वीट करते हुए लिखा, "आप सभी को बधाई! यूके में मिलते हैं #TheKeralaStory।"
द केरला स्टोरी की रिलीज के बाद से अदा शर्मा को जान से मारने की धमकी भी मिल रही है। फिल्म को राजनीतिक दलों और समूहों के एक वर्ग से प्रतिक्रिया का सामना करना पड़ रहा है जिन्होंने इसे प्रचार करने का आरोप लगाया है और प्रतिबंध लगाने का आह्वान किया है। पश्चिम बंगाल में मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने शांति बनाए रखने और संभावित अपराधों और हिंसा को रोकने के बारे में चिंताओं का हवाला देते हुए फिल्म पर प्रतिबंध लगा दिया है। तमाम विवादों के बावजूद फिल्म घरेलू बॉक्स ऑफिस पर अच्छा प्रदर्शन कर रही है।