By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | May 30, 2020
नयी दिल्ली। केन्द्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने शनिवार को कहा कि देश में कोरोना वायरस संक्रमण के मामले दोगुने होने के समय में सुधार हुआ है जो अब 13.3 दिन से बढ़कर 15.4 दिन हो गया है। मंत्रालय के अनुसार देश में कोविड-19 से मृतकों की संख्या 4,971 हो गई और संक्रमण के कुल मामलों की संख्या बढ़कर 1,73,763 पहुंच गई है। मंत्रालय ने कहा कि शनिवार की सुबह आठ बजे से पिछले 24 घंटे में कोविड-19 के 11,264 मरीज स्वस्थ हो चुके हैं और यह इस महामारी से एक दिन में स्वस्थ होने वाले मरीजों की सबसे अधिक संख्या है जिससे भारत में मरीजों की स्वस्थ होने की दर 47.40 प्रतिशत हो गई है। मंत्रालय के अनुसार देश में हालांकि एक दिन में सर्वाधिक 265 लोगों की मौत हुई और शनिवार की सुबह आठ बजे तक 7,964 मामले सामने आये है।