आज कांग्रेस को न्याय याद आ रहा है, 55 साल से अभी तक क्या किया: वसुंधरा

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Apr 15, 2019

जयपुर। भाजपा की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे ने कांग्रेस की प्रस्तावित न्यूनतम आय योजना न्याय पर तंज कसते हुए सोमवार को कहा कि 55 साल से कांग्रेस क्या कर रही थी जबकि राज तो उन्हीं का था। राजे ने कहा, आज उनको न्याय याद आ रहा है वे 55 साल से अभी तक क्या करते आ रहे थे? वह भाजपा मुख्यालय पर जयपुर शहर से पार्टी के लोकसभा प्रत्याशी रामचरण बोहरा और जयपुर ग्रामीण के प्रत्याशी कर्नल राज्यवर्धन सिंह के समर्थन में एक जनसभा को संबोधित कर रही थीं। राजे ने कहा कि कांग्रेस का गरीबी हटाओ का नारा शुरू से आज तक चलता आ रहा है। 55 साल तक सत्ता में रहकर ये लोग गरीबी नहीं हटा पाए और एक बार फिर इसी नारे के साथ वे इस चुनाव में आ रहे हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के नेताओं को कुर्सी पसंद है, एसी कमरे में बैठना और हवाई यात्रा पसंद है। इन्हें जनता के बीच में जाना पसंद नहीं है। हम जनता की समस्याओं को जानने और उसके समाधान के लिए तीन तीन यात्राएं निकाल कर उनके बीच गये।

इसे भी पढ़ें: गुर्जर आंदोलन के नेता हैं बैंसला, जावड़ेकर बोले- लड़कियों की शिक्षा में निभाया अहम योगदान

राजे ने शहर में कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी के लगे पोस्टर पर तंज कसते हुए कहा कि पोस्टर में लिखा है  गरीबी पर वार करेंगे, हर गरीब को 72000 रुपये देंगे और अब हम न्याय करेंगे।....इसका मतलब साफ है कि 55 साल तक सत्ता में रहकर आपने जनता से अन्याय किया है। उन्होंने कहा कि भाजपा ने जो वादे किये थे उसे पूरा करने में सरकार ने कोई कमी नहीं रखी। इसके साथ ही राजे ने राज्य की कांग्रेस सरकार पर भाजपा सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को बंद करने का आरोप लगाया। इस अवसर पर भाजपा के प्रदेशाध्यक्ष मदन लाल सैनी, विधायक नरपत सिंह राजवी, अशोक लाहोटी, पूर्व मंत्री कालीचरण सराफ, अरूण चतुर्वेदी व पूर्व विधायक मोहन लाल गुप्ता भी मौजद थे। 

प्रमुख खबरें

Jammu and Kashmir: पुंछ में एयरफोर्स के काफिले पर आतंकी हमला, कई जवानों के घायल होने की आशंका

RCB vs GT IPL 2024: रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और गुजरात टाइटंस के बीच भिड़ंत, यहां देखें प्लेइंग इलेवन

Prajwal Revanna Sex Scandal: अपहरण मामले में फंसे प्रज्वल के पिता, एचडी रेवन्ना को SIT ने किया गिरफ्तार

20 साल बाद संजय निरुपम की हुई घर वापसी, महायुति को कितना होगा फायदा?