National Highlights: चुनावी समीकरणों को साधने में जुटी सरकारें, यूपी और पंजाब में हुआ मंत्रिमंडल विस्तार

By टीम प्रभासाक्षी | Sep 26, 2021

प्रभासाक्षी की खास खबरों में जानिए दिनभर की उन घटनाओं के बारे में जिनका सरोकार सीधे जनता से है। पंजाब के नवनियुक्त मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी के मंत्रिपरिषद के पहले विस्तार में 15 सदस्यों ने पंजाब के मंत्री के तौर पर शपथ ली है। वहीं दूसरी ओर योगी मंत्रिमंडल का भी आज विस्तार हो गया। पढ़िए विस्तार से सभी खबरों को... 

 

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मन की बात कार्यक्रम में हिमाचल प्रदेश की चोन्जिन एन्गमो का नाम लिया यह हमारे प्रदेश के लिए गर्व की बात- सुरेश कश्यप


भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सुरेश कश्यप ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपनी मन की बात में नदियों का स्मरण करने की परंपरा पर बात की, प्राकृतिक खेती, लोकल फ़ॉर वोकल एवं हथकरघा के साथ साथ कई मुद्दों पर केंद्रित रहा। जिस प्रकार से देश मे डिजिटल लेन देन बड़ा और गरीबों के खाते में सीधा पैसा जाना शुरू हुआ है इससे भ्रष्टाचार पर रोक लगी है।


पंजाब में चन्नी सरकार का हुआ कैबिनेट विस्तार, कांग्रेस के 15 विधायकों ने ली मंत्री पद की शपथ


कांग्रेस नेता राहुल गांधी और केंद्रीय आलाकमान के साथ मैराथन बैठकें करने के बाद, पंजाब के नवनियुक्त मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी ने अपने नए मंत्रिमंडल के लिए 15 सदस्यों के नामों को अंतिम रूप दिया, जिन्होंने पंजाब के मंत्री के तौर पर शपथ ली है। पंजाब में चरणजीत सिंह चन्नी के मंत्रिपरिषद के पहले विस्तार में ब्रह्म मोहिंद्रा, मनप्रीत बादल, तृप्त राजिंदर सिंह बाजवा ने मंत्री पद की शपथ ली। इसके अलावा अरूणा चौधरी, सुखबिंदर सिंह सरकारिया, राणा गुरजीत सिंह, रजिया सुल्ताना और विजय इंदर सिंगला ने भी कैबिनेट मंत्री के रूप में शपथ ली। पंजाब मंत्रिपरिषद् विस्तार के दौरान भारत भूषण आशु, रणदीप सिंह नाभा और राजकुमार वेरका ने कैबिनेट मंत्री के तौर पर शपथ ली।


किसान यूनियन के ‘भारत बंद’ में शामिल हों पार्टी कार्यकर्ता, प्रदेश इकाई प्रमुख: कांग्रेस


कांग्रेस ने रविवार को अपने सभी कार्यकर्ताओं, प्रदेश इकाई प्रमुखों और पार्टी से जुड़े संगठनों के प्रमुखों को केंद्र के तीन कृषि कानूनों के विरोध में किसान यूनियन द्वारा 27 सितंबर को आहूत ‘भारत बंद’ में भाग लेने के लिए कहा। किसानों के आंदोलन की अगुवाई कर रहे 40 से अधिक कृषि यूनियन के निकाय संयुक्त किसान मोर्चा ने इससे पहले लोगों से बंद में शामिल होने की अपील की थी। कांग्रेस महासचिव (संगठन) के सी वेणुगोपाल ने कहा कि कांग्रेस और उसके कार्यकर्ता सोमवार को किसान यूनियन द्वारा आहूत किये गए शांतिपूर्ण भारत बंद को अपना पूरा समर्थन देंगे।


जम्मू कश्मीर के श्रीनगर में 14 साल के बाद वायुसेना का एयर शो, युवा हुए प्रभावित


जम्मू कश्मीर के श्रीनगर में 14 साल के बाद रविवार को एयरशो आयोजित किया गया, जिसमें भारतीय वायुसेना के विभिन्न लड़ाकू विमानों और चिनूक हेलीकॉप्टरों ने हैरतअंगेज़ करतब दिखाए। अधिकारियों ने बताया कि श्रीनगर के वायुसेना स्टेशन ने इस एयरशो को आयोजित किया था और सरकार ‘आज़ादी का अमृत महोत्सव’ के तहत इस कार्यक्रम का हिस्सा थी। वायुसेना की आकाशगंगा स्काई डाइविंग और सूर्य किरण एयरोबैटिक डिस्प्ले टीमों ने इसमें हिस्सा लिया।


योगी के 7 नए सिपहसालार 2022 में करेंगे बेड़ा पार, जातीय समीकरण को साधते हुए हुआ मंत्रिमंडल विस्तार


उत्तर प्रदेश में अगले साल विधानसभा के चुनाव प्रस्तावित हैं। यह चुनाव भाजपा सरकार का नेतृत्व कर रहे योगी आदित्यनाथ के चेहरे पर लड़ा जाएगा। इसके साथ ही भाजपा की ओर से इस बात की भी तैयारी की जाने लगी है कि सभी जातिगत समीकरणों को कैसे साधा जाए। इसी को देखते हुए बहुप्रतीक्षित योगी मंत्रिमंडल का आज विस्तार हो गया। योगी मंत्रिमंडल में अलग-अलग जातीय समीकरणों को साधने के लिए अलग-अलग चेहरों को शामिल किया गया है। माना जा रहा है कि भाजपा की ओर से आने वाले चुनाव को लेकर जातिगत समीकरणों को साधने हुए यह बड़ा कदम उठाया गया है।

प्रमुख खबरें

Baramati में कृषि क्षेत्र से जुड़े लोगों ने बताई समस्याएं, Ajit-Sunetra से जनता को बड़ी उम्मीदें

Sharad Pawar के हाथ से फिसल रहा Baramati, अजित का बढ़ रहा दबदबा

रायबरेली से नामांकन के बाद बोले राहुल गांधी, बड़े भरोसे के साथ मेरी मां ने मुझे सौंपी परिवार की कर्मभूमि

जीने के लिए केवल कुछ महीने का समय, पत्नी अनीता गोयल को कैंसर, नरेश गोयल की जमानत याचिका पर 6 मई को फैसला