By रेनू तिवारी | Jul 07, 2026
Breaking News 7 July 2026 | आज की ताज़ा और बड़ी खबरें- देश-दुनिया की ताज़ा और बड़ी खबरें अब आपकी उंगलियों पर! प्रभासाक्षी के इस समाचार बुलेटिन में पढ़ें आज की मुख्य सुर्खियाँ। पूरी जानकारी के लिए नीचे दिए गए लिंक पर जाएँ।
स्पेशल इन्वेस्टिगेशन टीम (SIT) ने राम मंदिर ट्रस्ट द्वारा बड़े कार्यक्रमों पर खर्च किए गए 124 करोड़ रुपये से ज़्यादा की रकम की जांच का दायरा बढ़ा दिया है। इन कार्यक्रमों में जनवरी 2024 का प्राण-प्रतिष्ठा समारोह, 2025 के महाकुंभ से जुड़ी तैयारियां और नवंबर 2025 में हुआ ध्वजारोहण समारोह शामिल हैं। सूत्रों के मुताबिक,सूत्रों के मुताबिक, एसआईटी एक बड़े ऑडिट के हिस्से के तौर पर खर्चों की जांच कर रही है और अभी तक वित्तीय गड़बड़ियों को लेकर किसी नतीजे पर नहीं पहुंची है। इस कवायद का मकसद ट्रस्ट की वित्तीय प्रक्रियाओं और मंज़ूरी देने के तरीकों के पालन की पुष्टि करना है।
Bhupender Yadav के PS समेत 3 अधिकारी हटाए गए, क्या Cabinet Reshuffle की आहट है?
केंद्रीय पर्यावरण, वन और जलवायु परिवर्तन मंत्री भूपेंद्र यादव के साथ काम करने वाले तीन सीनियर अधिकारियों को उनके ऑफ़िस से हटा दिया गया है। 3 जुलाई को जारी अलग-अलग सरकारी आदेशों के ज़रिए किए गए इस दुर्लभ प्रशासनिक फेरबदल में मंत्री के निजी सचिव और दो अतिरिक्त निजी सचिव शामिल हैं। 'इंडियन एक्सप्रेस' की एक रिपोर्ट के मुताबिक, इन तीनों अधिकारियों को या तो उनके मूल कैडर में वापस भेज दिया गया है या फिर उनकी नियुक्ति को तत्काल प्रभाव से खत्म कर दिया गया है। मंत्रालय ने इस कदम के पीछे की वजहों के बारे में सार्वजनिक रूप से कुछ नहीं कहा है।
महाराष्ट्र में मॉनसून के रौद्र रूप ने जनजीवन को पूरी तरह अस्त-व्यस्त कर दिया है। मुंबई में मंगलवार सुबह से ही आसमान में घने बादल छाए हुए हैं और तेज हवाएं चल रही हैं। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने मुंबई और आसपास के इलाकों में भारी से अत्यधिक भारी बारिश और तेज हवाएं चलने का पूर्वानुमान जताते हुए 'ऑरेंज अलर्ट' जारी किया है। खतरे को देखते हुए प्रशासन ने एहतियात के तौर पर मंगलवार को मुंबई के सभी सरकारी, निजी और नगर निगम (BMC) संचालित स्कूल-कॉलेजों में छुट्टी घोषित कर दी है।
आखिरी चीखों से कांपा हाईवे... दिल दहला देने वाला हादसा! एक ही परिवार के 5 लोगों की दर्दनाक मौत
यह महज एक सड़क हादसा नहीं, बल्कि एक हंसते-खेलते परिवार की दर्दनाक अनहोनी है जिसने राष्ट्रीय राजमार्ग-30 (NH-30) को चीखों से दहला दिया। देर रात के सन्नाटे में जब मैहर का यह परिवार एक प्रियजन का जन्मदिन मनाकर खुशियों के साथ घर लौट रहा था, तब किसी ने नहीं सोचा था कि यह सफर उनका आखिरी सफर बन जाएगा। तेज रफ्तार एसयूवी की ट्रक से हुई भिड़ंत इतनी भयानक थी कि गाड़ी लोहे के मलबे में तब्दील हो गई और पल भर में परिवार के पांच चिराग हमेशा के लिए बुझ गए। हाईवे से गुजरने वाले लोग और राहत कर्मी उस मंजर को देखकर कांप उठे, जहां खुशियों का जश्न चंद सेकंड में चीख-पुकार और कभी न खत्म होने वाले मातम में बदल गया।
Ahmedabad Serial Blast Case: गुजरात हाई कोर्ट का बड़ा फैसला, 38 आतंकियों की सज़ा-ए-मौत बरकरार
गुजरात हाई कोर्ट ने मंगलवार को 2008 के अहमदाबाद सीरियल ब्लास्ट मामले में सभी 38 दोषियों की सज़ा को बरकरार रखा। कोर्ट ने सभी 38 आतंकवादियों की मौत की सज़ा और 11 आतंकवादियों की उम्रकैद की सज़ा को भी कायम रखा। सीरियल ब्लास्ट मामले में, गुजरात हाई कोर्ट ने मारे गए 56 लोगों के परिवारों को 10 लाख रुपये और घायल हुए 200 से ज़्यादा पीड़ितों को 1 लाख रुपये का मुआवज़ा देने का भी आदेश दिया।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को मंगलवार को इंडोनेशिया के सर्वोच्च सम्मान ‘बिन्तांग आदिपूर्ण ऑफ द रिपब्लिक ऑफ इंडोनेशिया’ प्रदान किया गया। इंडोनेशिया के राष्ट्रपति प्रबोवो सुबियांतो ने मोदी को यह पदक प्रदान किया। प्रधानमंत्री कार्यालय ने ‘एक्स’ पर पोस्ट कर कहा, ‘‘आज सुबह, मुझे बहुत स्नेह के साथ इंडोनेशिया का सर्वोच्च सम्मान भी प्रदान किया गया है। यह सम्मान कोटि-कोटि भारतवासियों का है... इंडोनेशिया के लोगों की भावनाओं का है, भारत और इंडोनेशिया के ऐतिहासिक और आत्मीय संबंधों का है।’’ मोदी ने कहा, ‘‘मैं राष्ट्रपति प्रबोवो, इंडोनेशिया की सरकार और यहां की जनता का हृदय से आभार व्यक्त करता हूं।’’
दुनिया के सबसे संवेदनशील और महत्वपूर्ण समुद्री रास्तों में से एक, होर्मुज़ जलडमरूमध्य (Strait of Hormuz) में मंगलवार सुबह एक कमर्शियल तेल टैंकर पर भीषण हमला हुआ। ओमान के तट के पास हुए इस हमले के बाद जहाज में आग लग गई। इस घटना ने फारस की खाड़ी में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर एक बार फिर अलार्म बजा दिया है और वैश्विक तेल आपूर्ति ठप होने की आशंकाओं के बीच ईरान के साथ तनाव को चरम पर पहुंचा दिया है।
दुनियाभर में जारी भारी तनाव के बीच अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने सोमवार को ईरान को बेहद सख्त और विनाशकारी लहजे में चेतावनी दी है। ओवल ऑफिस में पत्रकारों से बात करते हुए ट्रंप ने दो टूक कहा कि अमेरिका या तो तेहरान के साथ कोई डील करेगा या फिर "काम खत्म कर देगा।" राष्ट्रपति ट्रंप ने कड़े शब्दों में स्पष्ट किया कि यदि अमेरिका चाहे तो ईरान के पूरे वजूद और उसके अहम इंफ्रास्ट्रक्चर को चंद घंटों में जमींदोज करने की क्षमता रखता है।
बांग्लादेश की राजधानी ढाका के पास सावर (Savar) इलाके में सोमवार रात एक राजनीतिक रैली के दौरान ज़बरदस्त बम धमाका हुआ। यह विस्फोट बांग्लादेश की नेशनल सिटिज़न पार्टी (NCP) की उस रैली में हुआ, जो पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना के ख़िलाफ़ छात्रों के नेतृत्व वाले ऐतिहासिक विरोध प्रदर्शनों की दूसरी वर्षगांठ मनाने के लिए आयोजित की गई थी। इस अचानक हुए हमले में कम से कम तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं और पूरे देश में राजनीतिक सुरक्षा को लेकर नए सवाल खड़े हो गए हैं।
घरेलू शेयर बाजारों (सेंसेक्स और निफ्टी) में मंगलवार को शुरुआती कारोबार के दौरान बढ़त का सिलसिला जारी रहा। पश्चिम एशिया (मिडिल ईस्ट) में तनाव कम होने के बाद कच्चे तेल की कीमतों के युद्ध-पूर्व स्तर पर लौटने और लगातार विदेशी पूंजी के प्रवाह (FII Inflow) से निवेशकों का मनोबल ऊंचा हुआ है। इस सकारात्मक वैश्विक और घरेलू संकेतों के दम पर बाजार लगातार दूसरे दिन हरे निशान में कारोबार कर रहा है। बीएसई सेंसेक्स शुरुआती कारोबार में 176 अंक चढ़कर 78,461.16 अंक पर जबकि एनएसई निफ्टी 34.1 अंक की बढ़त के साथ 24,464.45 अंक पर रहा।
स्पेनिश फुटबॉल टीम ने फीफा विश्व कप में अपनी अभेद्य रक्षात्मक दीवार (Defense) के दम पर इतिहास के पन्नों में अपना नाम स्वर्णिम अक्षरों से दर्ज करा लिया है। प्री-क्वार्टर फाइनल मुकाबले में सोमवार को पुर्तगाल पर 1-0 की रोमांचक जीत दर्ज करने के साथ ही स्पेन ने विश्व कप इतिहास में लगातार छह मैचों में ‘क्लीन शीट’ (बिना एक भी गोल खाए मुकाबला जीतना या ड्रॉ खेलना) रखने का नया विश्व रिकॉर्ड बना दिया है। इसके साथ ही टीम के स्टार गोलकीपर उनाई साइमन ने लगातार 609 मिनट तक गोल न खाने का एक नया और अटूट वर्ल्ड रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया है।