By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Dec 16, 2020
नोएडा। नए कृषि कानूनों के विरोध में चिल्ला बॉर्डर पर धरना दे रहे भारतीय किसान यूनियन (भानु) के नेताओं ने बुधवार को फिर से नोएडा से दिल्ली जाने वाले मार्ग को अवरुद्ध कर दिया। भाकियू (भानु) के प्रदेश अध्यक्ष योगेश प्रताप सिंह ने कहा, ‘‘जब तक केंद्र सरकार नए कृषि कानूनों को वापस नहीं लेती और किसान आयोग का गठन नहीं करती, तब तक उनका धरना जारी रहेगा।’’ उन्होंने कहा कि पांच दिनों तक चिल्ला बॉर्डर खुला रहा, लेकिन केंद्र सरकार की तरफ से किसान आयोग बनाने की कोई पहल नहीं की गई। किसानों द्वारा चिल्ला बॉर्डर को दोबारा जाम करने के बाद लोगों की परेशानियां बढ़ गई हैं। यातायात को डीएनडी की तरफ मोड़ दिया गया।