5जी स्पेक्टूम के मूल्य, अन्य तौर-तरीकों पर ट्राई की सिफारिशें 7-10 दिन में

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Mar 29, 2022

 नयी दिल्ली| भारतीय दूरसंचार नियामक प्राधिकरण (ट्राई) 5जी स्पेक्ट्रम के मूल्य और अन्य तौर-तरीकों पर अपनी सिफारिशें अगले सात से 10 दिन में देगा। एक वरिष्ठ अधिकारी ने मंगलवार को यह जानकारी दी।

रघुनंदन ने कहा, ‘‘हम इसके अंतिम चरण में हैं। हम इसके बारे में 7-10 दिन में सिफारिशें देंगे।’’ स्पेक्ट्रम के मूल्य और अन्य चीजों पर ट्राई के विचार काफी महत्वपूर्ण हैं क्योंकि इनसे नीलामी की प्रक्रिया तय होगी और अंतत: पांचवीं पीढ़ी की सेवाओं को शुरू किया जा सकेगा।

दूरसंचार उद्योग उम्मीद कर रहा था कि ट्राई की सिफारिशें मार्च के अंत तक आएंगी। नियामक ने पिछले साल नवंबर में विभिन्न बैंड के स्पेक्ट्रम की नीलामी के तौर-तरीकों पर विचार-विमर्श के लिए एक विस्तृत परिचर्चा पत्र निकाला था।

इसमें स्पेक्ट्रम के मूल्य के अलावा इससे जुड़ी अन्य शर्तें शामिल हैं। ट्राई का परिचर्चा या परामर्श पत्र 207 पृष्ठ का था और इसमें उद्योग स्तर पर चर्चा के लिए 74 सवाल शामिल थे। नए फ्रीक्वेंसी बैंड 526-698 मेगाहर्ट्ज और मिलीमीटर बैंड मसलन 24.25-28.5 गीगाहर्ट्ज के अलावा 700 मेगाहर्ट्ज, 900 मेगाहर्ट्ज, 1800 मेगाहर्ट्ज, 2100 मेगाहर्ट्ज, 2300 मेगाहर्ट्ज, 2500 मेगाहर्ट्ज और 3300-3670 मेगाहर्ट्ज बैंड के लिए भी नियम तय किए जाने हैं।

आखिरी दौर की स्पेक्ट्रम नीलामी मार्च, 2021 में हुई थी। इसमें 855.6 मेगाहर्ट्ज स्पेक्ट्रम के लिए 77,800 करोड़ रुपये की विजेता बोलियां हासिल हुई थीं। लेकिन उस समय हुई नीलामी में करीब 63 प्रतिशत स्पेक्ट्रम बिक नहीं पाया था।

प्रमुख खबरें

Semicon 2.0 और Mobile Manufacturing को Cabinet की मंजूरी, ₹1.89 Lakh Crore से आत्मनिर्भर बनेगा Digital India

योगी सरकार का बेटियों को ऐतिहासिक उपहार, जेवर में शिक्षा और सशक्तिकरण का नया अध्याय शुरू

वांगचुक से डरते हैं प्रधानमंत्री, 2011 के अन्ना आंदोलन का जिक्र करते हुए केजरीवाल ने साधा निशाना

केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने निर्माणाधीन भाजपा जिला कार्यालय का किया निरीक्षण