दिवाली पर धनवर्षा के लिए आजमाएं यह टोटके, माता लक्ष्मी भी होंगी प्रसन्न

By विंध्यवासिनी सिंह | Nov 11, 2020

दीवाली हर साल अमावस्या के दिन पड़ती है, इसीलिए सिद्धि कामनाओं और तंत्र -मंत्र करने वाले लोगों के लिए भी यह विशेष समय माना जाता है। कई लोग दीवाली के दिन कुछ टोने और टोटके आजमा कर अपने घर में आई आर्थिक समस्या को दूर करने का प्रयत्न करते हैं। तो आज हम आपको ऐसे ही कुछ आसान टोटके बताएंगे, जिनसे आपकी आर्थिक समस्या का समाधान निकल सकता है।

आर्थिक समस्या से निजात पाने के लिए दीवाली के दिन लोग पुराने बरगद के पेड़ की जटा में गांठ लगा देते हैं और जब उनकी आर्थिक समस्या दूर हो जाती है तो वह इस गांठ को खोल देते हैं। यह टोटका भी कई लोग कारगर मानते हैं।

इसे भी पढ़ें: दिवाली के अवसर पर सफाई से लेकर घर की सजावट में काम आएंगे यह हैक्स

अपने घर आई आर्थिक समस्या को दूर करने के लिए दीवाली के दिन लोग गन्ने की जड़ को लेकर साफ कर लेते हैं और उसमें लाल वस्त्र लपेटकर लाल सिंदूर और लाल चंदन लगाकर अपनी तिजोरी में रख देते हैं।

उल्लू मां लक्ष्मी का वाहन माना जाता है और ऐसा कहा जाता है कि हर पूर्णिमा की रात को उल्लू पीपल के पेड़ का चक्कर लगाता है। ऐसे में माता लक्ष्मी जो कि पीपल के पेड़ पर विराजमान रहती हैं, वह उल्लू पर अपनी दया दृष्टि बनाए रखती हैं। तो दीवाली की रात उल्लू की एक तस्वीर अपने तिजोरी पर लगाने से माता लक्ष्मी की कृपा बनी रहती है, ऐसी मान्यता है।

दीवाली की रात लक्ष्मी पूजा के दौरान पूजा में काली हल्दी को चढ़ाने से भी आर्थिक समस्या दूर हो सकती है। लेकिन ध्यान रहे कि पूजा समाप्त होने के बाद काली हल्दी को लाल कपड़े में बांधकर तिजोरी में रख देना होता है।

दीवाली के दिन पीपल के पत्ते पर दीपक रख कर जलाने और नदी तथा तालाब में प्रवाहित करने से भी कहा जाता है कि आर्थिक समस्या दूर होती है और माँ लक्ष्मी की कृपा आपके ऊपर प्रवाहित होने लगती हैं।

इसे भी पढ़ें: बिहार: दीपावली के बाद सातवीं बार सीएम पद की शपथ लेंगे नीतीश कुमार!

दीवाली के दिन तुलसी की पूजा का भी बहुत महत्व है और इस दिन तुलसी के पौधे को वस्त्र अर्पित करना चाहिए। इसमें लाल या पीला वस्त्र शामिल है। ऐसा करने से आपके घर में दरिद्रता कम होती है। वहीं आज के दिन तुलसी के सामने घी का दीपक जलाना आपके लिए बेहद लाभदायक होता है।

दीवाली की पूजा में पीली कौड़ियों का इस्तेमाल अवश्य करें क्योंकि पीली कौड़ी से माता प्रसन्न होती हैं और आपकी आर्थिक समस्या दूर होती है।

दीवाली के दिन आधी रात के समय अपने घर के प्रत्येक कमरे में घंटियां बजाने से कहा जाता है कि घर की दरिद्रता दूर हो जाती है और महालक्ष्मी की कृपा आनी शुरू हो जाती है।

इस रात चांदी की कटोरी में कपूर जलाकर माँ लक्ष्मी की आरती करने से भी घर की दरिद्रता दूर होती है, ऐसी मान्यता है।

कई लोग मानते हैं कि इस दिन नया झाड़ू खरीद कर किसी मंदिर में दान करने से भी घर की आर्थिक समस्या दूर होती है।

इसी प्रकार, दीवाली के दिन पहले से निमंत्रण देकर किसी बरगद के पेड़ के नीचे से कोई पौधा लेकर आएं और अपने घर में उसे लगाएं। जहां तक संभव हो, आप बरगद का छोटा पौधा ही लेकर आयें तो आपको काफी फायदा मिलेगा। आपके घर में लगाया बरगद का पौधा जैसे जैसे बढ़ेगा वैसे- वैसे आपकी आर्थिक समस्या दूर होगी।

दीवाली की रात पूजा में माता लक्ष्मी को कमल का फूल, कमल के गट्टे, गन्ना, नागकेसर, आंवला और खीर चढ़ाएं। इससे आपके घर में धन आगमन होगा, क्योंकि इन चीजों से माता लक्ष्मी बेहद प्रसन्न होती हैं। 

तो ये हैं वो टोटके जिन्हे आजमा कर आप आसानी से माँ लक्ष्मी को प्रसन्न कर पाएंगे। हालाँकि, यह तमाम चीजें कर्म से ऊपर नहीं हैं और वास्तव में माता लक्ष्मी को प्रसन्न करने के लिए कर्म के मार्ग पर मजबूती से पैर टिकाये रहना कहीं ज्यादा आवश्यक है।

-विंध्यवासिनी सिंह 

प्रमुख खबरें

West Asia संकट के बीच MEA का बड़ा एक्शन, Iran से 1862 भारतीयों की सुरक्षित वापसी में मदद की

CM Nishant Kumar के नारों पर Nitish की मुस्कान, क्या Bihar में पक रही है कोई Political खिचड़ी?

नजफगढ़ का ‘प्रिंस’: जिसने आईपीएल का सपना पूरा करने के लिए कांस्टेबल की परीक्षा छोड़ दी थी

घुसपैठ से ध्यान भटकाने का खेल? Nishikant Dubey का आरोप- TMC ने Pakistan से दिलवाया बयान