राजस्थान के सीमावर्ती इलाकों में रात भर रही अनिश्चितता, सुबह का माहौल सामान्य

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | May 11, 2025

पाकिस्तान की तरफ से शनिवार रात संघर्षविराम का उल्लंघन किए जाने के बाद राजस्थान के सीमावर्ती इलाकों में रातभर अनिश्चितता का माहौल रहा, हालांकि रविवार को अधिकांश शहरों व कस्बों में हालात सामान्य दिनों की तरह रहे।

शनिवार रात को राज्य के सीमावर्ती इलाकों में ‘ब्लैकआउट’ रहा और जैसलमेर, बाड़मेर सहित कई सीमावर्ती इलाकों में ड्रोन की गतिविधियां देखी गईं और विस्फोटों की आवाजें सुनी गईं।

जैसलमेर के निवासी रेवंत सिंह के अनुसार ड्रोन आदि की गतिविधि पहले की दो रातों की तुलना में कहीं कम रही। उन्होंने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया, ‘‘बीती रात पूरी तरह से तो सामान्य नहीं थी क्योंकि आसमान में ड्रोन गतिविधियां देखी गईं।’’

उन्होंने इसे घोषित संघर्षविराम का स्पष्ट उल्लंघन बताया। बृहस्पतिवार व शुक्रवार रात को राज्य के जैसलमेर और बाड़मेर में पाकिस्तान द्वारा ड्रोन हमले किए गए। भारतीय सशस्त्र बलों ने इन हमलों को हवा में ही विफल कर दिया और किसी भी तरह के जान-माल के नुकसान की खबर नहीं है।

राज्य में शनिवार को कई जगह ड्रोन के मलबे और मिसाइल जैसी वस्तुएं बरामद की गईं। शनिवार शाम को संघर्षविराम की घोषणा से सीमावर्ती इलाकों के लोग कुछ आश्वस्त नजर आए और स्थिति सामान्य होने लगी।

जैसलमेर और बाड़मेर में शाम को बाजार फिर से खुल गए और बाड़मेर में ‘ब्लैकआउट’ की घोषणा वापस ले ली गई। जैसलमेर और जोधपुर में भी ‘ब्लैकआउट’ की अवधि कम कर दी गई।

हालांकि, रात होते होते संघर्षविराम उल्लंघन की खबरें आने के बाद सीमावर्ती जिले श्रीगंगानगर, जैसलमेर, बाड़मेर के साथ फलोदी में जिला प्रशासन ने ‘अलर्ट’ जारी करते हुए ‘ब्लैकआउट’ कर दिया।

सीमा के निकट झिनझिनयाली (फतेहगढ़) गांव के तारेंद्र सिंह ने कहा, ‘‘शाम को संघर्षविराम की खबर मिली और बाजार फिर से खुल गए, लेकिन रात करीब नौ बजे फिर से आसमान में ड्रोन देखे गए। हमने विस्फोट सुने, हालांकि पिछली रात की तुलना में गतिविधि कम थी।’’ उन्होंने कहा, ‘‘आज दिन की शुरुआत सामान्य रही। दुकानें खुली हैं, गतिविधियां सामान्य हो गई हैं और कोई डर नहीं है।

प्रमुख खबरें

Chandrababu Naidu ने आंध्र प्रदेश में चक्रवात प्रभावित इलाकों का लिया जायजा, 37 करोड़ रुपये जारी

Semicon 2.0 में सिर्फ गंभीर कंपनियों को मौका, Ashwini Vaishnaw ने जारी की कड़ी चेतावनी

पाकिस्तान: Imaan Mazari ने 10 साल की सजा के खिलाफ Islamabad High Court में दायर की अपील

National Cancer Awareness Day 2026: भारत में बढ़ रहे कैंसर के मरीज, सामने आए चौंकाने वाले आंकड़े