UP Governor Anandiben Patel ने 15 पुलिसकर्मियों को किया सम्मानित, समाज सुधार में योगदान का दिया संदेश

By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Oct 24, 2026

उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदी बेन पटेल ने शुक्रवार को कहा कि पुलिसकर्मी सुरक्षा सुनिश्चित करने के साथ समाज में सकारात्मक बदलाव के भी वाहक बनें। जन भवन से जारी एक बयान के मुताबिक उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने शुक्रवार को छत्रपति शाहू जी महाराज विश्वविद्यालय के वीरांगना लक्ष्मीबाई प्रेक्षागृह में आयोजित ‘टाइम्स सम्मान समारोह’ में विभिन्न श्रेणियों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले 15 पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को सम्मानित किया। ‘टाइम्स ऑफ इंडिया’ समूह द्वारा आयोजित इस समारोह में राज्यपाल ने पुलिसकर्मियों की कर्तव्यनिष्ठा, साहस और सेवा भावना की सराहना करते हुए उन्हें अपनी नियमित जिम्मेदारियों के साथ नशामुक्ति, शिक्षा, स्वच्छता और अन्य सामाजिक गतिविधियों में भी सक्रिय योगदान देने के लिए प्रेरित किया।

पटेल ने कहा, ‘‘हमारे पुलिसकर्मी दिन-रात जनसुरक्षा और कानून-व्यवस्था के दायित्वों का निर्वहन करते हैं। उनके परिवारों, विशेषकर उनकी बेटियों के स्वास्थ्य की चिंता करना, उनके प्रति हमारी कृतज्ञता सामाजिक उत्तरदायित्व का परिचायक है।’’ राज्यपाल ने कहा कि पुलिस की वर्दी के पीछे एक ऐसा व्यक्तित्व होता है, जो अपने व्यक्तिगत सुखों, पारिवारिक समय और अनेक इच्छाओं को पीछे छोड़कर समाज की सुरक्षा को सर्वोपरि रखता है। राज्यपाल ने जन भवन में संचालित विद्यालय का उदाहरण देते हुए बताया कि वहां वंचित परिवारों के लगभग 450 बच्चों को निःशुल्क शिक्षा प्रदान की जा रही है।

बयान के अनुसार समारोह में राज्यपाल ने अपर पुलिस उपायुक्त (मुख्यालय एवं महिला अपराध) स्नेहा तिवारी, पंकज कुमार, निरीक्षक अभय प्रताप सिंह, अल्पी सिंह, उपनिरीक्षक प्रभात मिश्रा, विनीत कुमार, मंगल सिंह, सुमन सिंह, पुष्पेंद्र कुमार, सिद्धांत सेठ एवं सिद्धनाथ सिंह सहित कई पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को विभिन्न श्रेणियों में सम्मानित किया।

प्रमुख खबरें

Jamia Millia Islamia को भारत विरोधी गतिविधियों का अड्डा नहीं बनने देंगे: VHP

सुरक्षा चिंताओं के कारण IndiGo ने Saudi Arabia की उड़ानें 31 अक्टूबर तक रोकीं

Delhi Metro की Airport Express Line पर चिपके मिले सरकार विरोधी पोस्टर, अज्ञात लोगों पर FIR

Jamia Millia Islamia के पास प्रदर्शन के दौरान Congress MP Imran Masood समेत 10 हिरासत में