न्यायमूर्ति प्रशांत कुमार के मामले में एक पूर्ण बैठक बुलाने का आग्रह

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Aug 08, 2025

इलाहाबाद उच्च न्यायालय के न्यायाधीशों के एक समूह ने न्यायमूर्ति प्रशांत कुमार को निशाना बनाने वाले उच्चतम न्यायालय के हाल के आदेश को लेकर मुख्य न्यायाधीश अरुण भंसाली से एक पूर्ण बैठक (फुल कोर्ट मीटिंग) आहूत करने का आग्रह किया है।

उच्चतम न्यायालय ने चार अगस्त को दिए अपने निर्णय में न्यायमूर्ति कुमार के न्यायिक तर्क को लेकर गंभीर टिप्पणी की थी और उच्च न्यायालय प्रशासन को उन्हें आपराधिक रोस्टर से हटाने का निर्देश दिया था।

साथ ही उच्चतम न्यायालय ने न्यायमूर्ति प्रशांत कुमार को उनकी सेवानिवृत्ति तक एक वरिष्ठ न्यायाधीश के साथ एक खंडपीठ में रखने को भी कहा था। ये निर्देश न्यायमूर्ति जे बी पारदीवाला और न्यायमूर्ति आर. महादेवन की पीठ ने ‘मेसर्स शिखर केमिकल्स’ द्वारा दायर एक याचिका पर सुनवाई करते हुए दिया था।

कंपनी ने एक वाणिज्यिक विवाद को लेकर शुरू किए गए आपराधिक मुकदमे को रद्द करने का अनुरोध करते हुए उच्चतम न्यायालय का रुख किया था। इससे पूर्व, इलाहाबाद उच्च न्यायालय ने कंपनी की याचिका खारिज कर दी थी।

न्यायमूर्ति प्रशांत कुमार ने कहा था कि शिकायतकर्ता को दीवानी उपाय के लिए बाध्य करना ‘‘बहुत अनुचित’’ होगा और बकाया वसूली के लिए आपराधिक मुकदमा चलाने की अनुमति दी जा सकती है।

उच्चतम न्यायालय ने इस तर्क को यह कहते हुए पलट दिया, ‘‘हम इस आदेश के पैरा 12 में दिए गए तर्क को लेकर हैरान हैं... न्यायाधीश यहां तक कह गए कि शिकायतकर्ता को दीवानी मुकदमा चलाने के लिए कहना बहुत अनुचित होगा क्योंकि दीवानी मुकदमों में लंबा समय लगता है इसलिए शिकायतकर्ता को बकाया वसूली के लिए आपराधिक मुकदमा दायर करने की अनुमति दी जा सकती है।’

उच्चतम न्यायालय ने इस दृष्टिकोण को ‘‘अस्थिर’’ पाते हुए उच्च न्यायालय के आदेश को दरकिनार कर दिया और निर्देश दिया कि इस मामले को एक दूसरे न्यायाधीश द्वारा नए सिरे से सुना जाए।

प्रमुख खबरें

4 साल बाद Nitish से मिले RCP Singh, क्या JD(U) में होगी उनकी वापसी?

Pakistan में असली vs नकली कश्मीरी पर जंग, PoK के PM और रक्षा मंत्री Khawaja Asif आपस में भिड़े

Ireland से शर्मनाक T20I हार के बाद Shreyas Iyer का कड़ा संदेश: किसी को हल्के में नहीं ले सकते

Dharmendra Pradhan पर PM मोदी ने दे दिया बड़ा संकेत? जन्मदिन वाले मैसेज के क्या मायने हैं