US Special Forces एशिया में आक्रामकता रोकने Philippines संग बढ़ाएंगे सैन्याभ्यास

By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Aug 14, 2026

अमेरिकी विशेष अभियान बल, एशिया में फिलीपीन और दूसरे देशों की सेना के साथ मिलकर युद्ध अभ्यास बढ़ाने के लिए तैयार हैं, ताकि सुरक्षा गठबंधन को और मजबूत किया जा सके और इस इलाके में किसी बड़े टकराव को रोकने में मदद मिल सके। अमेरिकी सेना के एक अधिकारी ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी। अमेरिकी विशेष अभियान कमान के कमांडर एडमिरल फ्रैंक ब्रैडली, दक्षिण कोरिया की यात्रा के बाद अब फिलीपीन में हैं।

ब्रैडली की कमान के तहत करीब 80,000 कर्मी हैं और इसका मुख्यालय फ्लोरिडा के टैंपा स्थित मैकडिल वायुसेना अड्डे पर है। यह कमान अमेरिकी सेना के सबसे संवेदनशील और जोखिम भरे गुप्त अभियानों को अंजाम देती है। ब्रैडली ने कहा कि उनके अधिकतर बल दुनिया भर के 80 से अधिक देशों में तैनात हैं।

उन्होंने फिलीपीन के अधिकारियों के साथ सेना के आधुनिकीकरण, अमेरिका और अन्य सहयोगी देशों के साथ युद्ध अभ्यास बढ़ाने तथा दक्षिण चीन सागर में चीन की बढ़ती आक्रामक गतिविधियों को रोकने के लिए सुरक्षा साझेदारियों के दायरे को व्यापक बनाने पर चर्चा की। विवादित समुद्री क्षेत्र को लेकर चीन और उसके छोटे प्रतिद्वंद्वी दावेदार देशों- फिलीपीन, वियतनाम, मलेशिया, ब्रुनेई और ताइवान के बीच दशकों से तनावपूर्ण गतिरोध बना हुआ है। हालांकि, हाल के वर्षों में चीन और फिलीपीन की सेनाओं के बीच टकराव विशेष रूप से बढ़े हैं।

अमेरिका ने कई बार चेतावनी दी है कि अगर फिलीपीन की सेनाओं पर सशस्त्र हमला होता है तो एशिया में उसके सबसे पुराने सहयोगी की रक्षा करना उसकी जिम्मेदारी होगी।

प्रमुख खबरें

चौथे T20 में हार के बाद बल्लेबाजों को जिम्मेदारी लेने की Sunil Gavaskar की नसीहत

IDBI Bank निजीकरण का AIBEA ने किया विरोध, विदेशी निवेश से जुड़े फैसले को वापस लेने की मांग

Mauritius में हिंसा के बाद दो रातों के लिए बढ़ा कर्फ्यू, अब तक 120 गिरफ्तार

Pakistan के Peshawar में School की छत ढहने से 33 की मौत, 40 से ज्यादा घायल