By निधि अविनाश | May 08, 2022
उत्तर प्रदेश के बांदा से रिश्ते को शर्मसार कर देने वाली खबर सामने आ रही है। बताया जा रहा है कि 49 वर्षीय पिता ने अपनी ही 19 साल की बेटी का बलात्कार किया है।अपने साथ हुए यौन उत्पीड़न को बेटी सह नहीं पाई और आत्महत्या कर ली। बांदा पुलिस ने शुक्रवार को बताया कि लड़की का शव उसके ही घर में मृत पाया गया था। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
19 साल की मृतक लड़की की छोटी बहन ने पुलिस को बताया कि बुधवार की शाम उनके पिता शराब के नशे में घर आए और अपनी बड़ी बेटी के साथ कथित तौर पर दुष्कर्म किया। उसने आगे कहा कि घटना के बाद उसकी बहन बहुत उदास थी और गुरुवार रात को उसने आत्महत्या कर ली। स्थानीय थाने के थानाध्यक्ष ने बताया कि पिता के खिलाफ दुष्कर्म और आत्महत्या के लिए उकसाने का मामला दर्ज कर दिया है।
शिकायतकर्ता ने पुलिस को बताया कि शुक्रवार की सुबह उसने अपनी बहन का शव अपने कमरे के अंदर एक हुक से लटका हुए देखा। उसने एक पड़ोसी को सूचना दी, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची। एएसपी, बांदा, लक्ष्मी निवास मिश्रा ने कहा कि ऑटोप्सी रिपोर्ट में कहा गया है कि मौत फांसी के कारण हुई है। शव परीक्षण में बलात्कार के बाहरी सबूत नहीं मिले और फोरेंसिक परीक्षण रिपोर्ट की प्रतीक्षा की जा रही है।