उत्तरकाशी के पवाणी गांव में आग पीड़ितों को मिलेंगे 5 लाख, CM पुष्कर सिंह धामी ने की घोषणा

By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Nov 27, 2026

उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बृहस्पतिवार को मोरी तहसील के पवाणी गांव का दौरा कर आग से प्रभावित प्रत्येक परिवार को पांच लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की। गांव में दो दिन पहले लगी भीषण आग में 39 मकान जलकर राख हो गए थे, जिससे 56 परिवार बेघर हो गए। मुख्यमंत्री ने प्रभावित परिवारों से मुलाकात की और उनकी आपबीती सुनी।

उन्होंने आश्वासन दिया कि इस मुश्किल घड़ी में राज्य सरकार उनके साथ खड़ी है और संकट से उबरने के लिए हरसंभव सहायता उपलब्ध कराई जाएगी। धामी ने गांव का दौरा करने के बाद कहा, “दो दिन पहले पवाणी गांव में लगी भीषण आग ने लगभग पूरे गांव को तबाह कर दिया। लोगों के पास केवल वही कपड़े बचे, जो उन्होंने उस समय पहन रखे थे।

आग में बड़ी संख्या में मवेशियों का भी नुकसान हुआ है। सर्दियों में इस क्षेत्र में बर्फबारी होती है, इसलिए लोगों ने छह महीने का राशन जमा करके रखा था, जो आग में जलकर नष्ट हो गया।” उन्होंने कहा कि इस दुखद घटना में जिन लोगों के घर और जीवनभर की जमा-पूंजी नष्ट हो गई, उनके दर्द को शब्दों में बयां करना मुश्किल है। धामी ने कहा, “प्रशासन आग से प्रभावित प्रत्येक परिवार के साथ मजबूती से खड़ा है।

यह केवल आर्थिक सहायता देने की बात नहीं है, बल्कि हर परिवार को दोबारा अपने पैरों पर खड़ा करने और उसका भविष्य सुरक्षित करने की प्रतिबद्धता है।” उन्होंने संबंधित अधिकारियों को नुकसान का विस्तृत आकलन करने और प्रभावित परिवारों को जल्द से जल्द सभी जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए।

प्रमुख खबरें

UP Election 2027 के वादों के लिए सपा ने तैयार किया पांच साल का वित्तीय खाका: अखिलेश यादव

Lucknow के सहारा शहर परिसर में लगी भीषण आग, दमकल कर्मियों ने पाया काबू

Revanth Reddy का BRS पर वार, KCR ने तेलंगाना का पानी जगन सरकार के पास गिरवी रखा

Haryana Assembly में मनाया गया Constitution Day, सीएम सैनी और हुड्डा ने पढ़ा प्रस्तावना