By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Mar 01, 2022
वाशिंगटन, अमेरिका के राष्ट्रपति जो बाइडन के प्रशासन के एक वरिष्ठ अधिकारी ने यहां सोमवार को कहा कि अमेरिका के भारत के साथ करीबी एवं सौहार्दपूर्ण संबंध हैं तथा उसने रूस को लेकर अपने देश की ‘‘चिंताओं’’ के बारे में नयी दिल्ली से बात की है। भारत यूक्रेन के खिलाफ रूस के हमले पर संयुक्त राष्ट्र महासभा का विशेष आपातकालीन सत्र बुलाने संबंधी एक प्रस्ताव पर मतदान से दूर रहा था। इससे पहले भी यूक्रेन के खिलाफ रूसी हमले पर संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद के एक प्रस्ताव पर हुए मतदान में भारत शामिल नहीं हुआ था। इस बारे में अमेरिका की प्रतिक्रिया के बारे में पूछे जाने पर अमेरिकी विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता नेड प्राइस ने संवाददाताओं से कहा, हमारे भारत के साथ बहुत निकट संबंध हैं। हमने हमारी चिंताओं, हमारी साझा चिंताओं पर चर्चा की है।