इंग्लैंड के ऐतिहासिक दौरे पर मैनचेस्टर पहुंची वेस्टइंडीज की टीम, 14 दिन रहेंगे Quarantine

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Jun 09, 2020

लंदन। कप्तान जैसन होल्डर की अगुवाई में वेस्टइंडीज का 39 सदस्यीय क्रिकेट दल कोविड-19 के कारण बदली हुई परिस्थितियों में तीन टेस्ट मैचों की श्रृंखला खेलने के लिये मंगलवार को मैनचेस्टर पहुंचा। कोरोना वायरस महामारी के कारण मार्च से ही दुनिया भर में क्रिकेट गतिविधियां ठप्प पड़ी हैं और वेस्टइंडीज इसके बाद किसी देश का दौरा करने वाली पहली टीम बन गयी है। इस श्रृंखला के दौरान तीनों मैच जैव सुरक्षित वातावरण में खेले जाएंगे और दर्शकों को स्टेडियम में आने की अनुमति नहीं होगी। वेस्टइंडीज से रवाना होने से पहले सभी खिलाड़ियों का कोविड-19 परीक्षण करवाया गया था जिसमें सभी की रिपोर्ट ‘नेगेटिव’ आयी थी। खिलाड़ियों को सोमवार को कैरेबियाई क्षेत्र के विभिन्न द्वीपों से दो विमानों से लाया गया और फिर वे विशेष विमान से इंग्लैंड के लिये रवाना हुए। कैरेबियाई टीम सात सप्ताह के इस दौरे में अभी ओल्ड ट्रैफर्ड में 14 दिन तक पृथकवास पर रहेगी जहां आखिरी दो टेस्ट मैच भी खेले जाएंगे। सभी खिलाड़ियों यहां पहुंचने पर फिर से कोविड-19 के लिये परीक्षण किया जाएगा।

इसे भी पढ़ें: एशिया कप टी20 टूर्नामेंट पर फैसला टला, गांगुली और शाह ने ACC बैठक में हिस्सा लिया

रिजर्व खिलाड़ी टेस्ट टीम की तैयारियों में उनकी मदद करेंगे और किसी खिलाड़ी के चोटिल होने पर आसानी से उसकी जगह ले पाएंगे। वेस्टइंडीज के कप्तान जैसन होल्डर ने रवाना होने से पहले इस दौरे को क्रिकेट के लिये बड़ा कदम करार दिया था। उन्होंने कहा, ‘‘हम श्रृंखला के लिये इंग्लैंड जा रहे हैं और यह खेलों विशेषकर क्रिकेट के लिये यह बहुत बड़ा कदम है।’’ इस दौरे से क्रिकेट के फिर से ढर्रे पर लौटने की संभावना भी बन गयी है। श्रृंखला के दौरान खेलते हुए भी खिलाड़ियों को कुछ कड़े स्वास्थ्य नियमों का पालन करना होगा। अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) की क्रिकेट समिति ने गेंद को चमकाने के लिये लार के इस्तेमाल पर प्रतिबंध लगाने की सिफारिश की है जिसे बुधवार को होने वाली आईसीसी बोर्ड बैठक में मंजूरी मिलने की संभावना है। इसके अलावा खिलाड़ियों और सहयोगी स्टाफ का लगातार परीक्षण किया जाएगा। वेस्टइंडीज को पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार मई और जून में इंग्लैंड का दौरा करना था लेकिन कोरोना वायरस महामारी के कारण इसे स्थगित कर दिया गया था। बल्लेबाजी कोच मोंटी देसाई टीम के साथ इस दौरे पर नहीं गये हैं। वह अभी भारत में हैं जहां अभी कोविड-19 के कारण यात्रा प्रतिबंध लागू हैं।

इसे भी पढ़ें: जानिए राहुल द्रविड़ ने ऐसा क्यों कहा-

वेस्टइंडीज ने उनकी जगह फ्लॉयड रीफर को बल्लेबाजी कोच नियुक्त किया है। वीडियो विश्लेषक ए आर श्रीकांत भारत में रहकर टीम की मदद करेंगे। वेस्टइंडीज के दल में मुख्य कोच फिल सिमन्स, रीफर, सहायक कोच रोडी एस्टविक और रेयन ग्रिफिथ तथा चिकित्सा टीम भी शामिल है। वेस्टइंडीज की टेस्ट टीम : जैसन होल्डर (कप्तान), जर्मेन ब्लैकवुड, नक्रुमा बोनर, क्रैग ब्रैथवेट, शमर ब्रूक्स, जॉन कैंपबेल, रोस्टन चेज, रकीम कॉर्नवाल, शेन डाउरिच, केमार होल्डर, शाई होप, अल्जारी जोसेफ, रेमन रीफर और केमार रोच। रिजर्व खिलाड़ी : सुनील अंबरीस, जोशुआ डासिल्वा, शैनन गेब्रियल, कीन हार्डिंग, काइल मेयर, प्रेस्टन मैकस्वीन, मार्क्विनो मिंडले, शाइनी मोसले, एंडरसन फिलिप, ओशेन थॉमस और जोमेल वार्रिकान।

प्रमुख खबरें

Jemimah Rodrigues की जगह Pratika Rawal की एंट्री, Asia Cup से पहले Indian Womens Team में हुआ बड़ा बदलाव

Electronics Export में 57% की रिकॉर्ड उछाल, लेकिन China और Taiwan पर निर्भरता अब भी बड़ी Challenge

Ferran Torres छोड़ेंगे Barcelona: PSG के साथ 50 Million Euro के बड़े Transfer सौदे पर लगी मुहर

Manchester United नहीं करेगा 100 Million का मेगा सौदा, कोच Michael Carrick ने Transfer Strategy पर तोड़ी चुप्पी