पश्चिमी उत्तर प्रदेश राज्य के गठन का मुद्दा उठाना हकीकत कम, जुमला ज्यादा प्रतीत हो रहा है

By अजय कुमार | Oct 06, 2023

आम चुनाव से पूर्व एक बार फिर अलग पश्चिमी उत्तर प्रदेश की मांग उठने लगी है। मांग भी बीजेपी के सांसद द्वारा किया जाना और भी आश्चर्यजनक लगता है। दरअसल, केंद्रीय राज्यमंत्री डॉ. संजीव बालियान के पश्चिमी यूपी को अलग राज्य बनाने की मांग के बयान से राजनीति गरमा गई है। वैसे राजनीति के कुछ जानकार इसे किसान आंदोलन के चलते बीजेपी को हो रहे सियासी नुकसान को पाटने के तौर पर देख रहे हैं। जिस तरह से भारतीय किसान यूनियन के नेता राकेश टिकैत ने मोदी सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल रखा है, उसकी काट के तौर पर भी इसे देखा जा रहा है।

इसे भी पढ़ें: 'पश्चिमी उत्तर प्रदेश बने अलग राज्य, मेरठ हो राजधानी', संजीव बालियान के इस दांव के पीछे क्या है कहानी

संजीव बालियान की मांग पर आरएलडी के राष्ट्रीय महासचिव त्रिलोक त्यागी ने कहा कि चौधरी चरण सिंह छोटे राज्यों के पक्ष में थे। उन्होंने हरित प्रदेश, बुंदेलखंड और पूर्वांचल की बात की थी। इसके साथ ही विदर्भ और अन्य राज्यों की बात अपने वक्त पर करते थे, लेकिन बीजेपी राज्यों का बंटवारा नहीं करने जा रही है, वो चुनाव को देखकर डरी हुई है। पश्चिम में रालोद और जयंत चौधरी की लोकप्रियता बढ़ी है लिहाजा बीजेपी डर कर ऐसे बयान दे रही है।

वहीं दूसरी ओर बीजेपी के पूर्व विधायक संगीत सोम ने संजीव बालियान के बयान का विरोध किया है। उन्होंने कहा कि अगर ऐसा होता है तो पश्चिमी यूपी मिनी पाकिस्तान बन जाएगा। अब संगीत सोम के इस बयान पर त्रिलोक त्यागी ने पलटवार करते हुए कहा है कि ऐसे बयान मंदबुद्धि और कुबुद्धि के लोग देते हैं, जबकि समाजवादी पार्टी के ओर से सांसद एसटी हसन भी इस जुबानी जंग में आ गए हैं। उन्होंने पश्चिमी यूपी की मांग पर कहा कि हम चाहेंगे कि विभाजन नहीं हो। संजीव बालियान का ये बयान पूरी तरह राजनीति से प्रेरित है, वो इसमें कोई अपना समीकरण देख रहे होंगे। कांग्रेस के राज्यसभा सांसद प्रमोद तिवारी ने कहा है कि आप कह रहे हैं पश्चिमी राज्य, उत्तर प्रदेश के दो हिस्से करके बनने चाहिए। ये आप कह किससे रहे हैं- सपा, कांग्रेस या आरएलडी से। आप सत्ता में हैं तो साढ़े नौ साल में क्यों नहीं बनाया है। उत्तर प्रदेश में भी आपकी सरकार है, आप प्रस्ताव मंगा लीजिए और बनाईए। हम आपका स्वागत करेंगे। कांग्रेस नेता ने कहा कि बनाना तो आपको है और बीजेपी को बनाना है तो आप बनाते क्यों नहीं हैं। कुल मिलाकर सामने हार देखकर और दीवार पर लिखी हुई इबारत पढ़कर पश्चिमी यूपी के नाम पर जुमला फेंका जा रहा है।

-अजय कुमार

प्रमुख खबरें

Hormuz में हमलों से Crude Oil में लगी आग, US-Iran तनाव से भारत की भी बढ़ी टेंशन।

England की दिग्गज Tammy Beaumont कहेंगी अलविदा, Lords के ऐतिहासिक Test में भारत से आखिरी टक्कर

Team India की करारी हार का Gautam Gambhir ने बताया असली कारण, बोले- टीम बदलाव के दौर में

UAE से पाकिस्तान आ रहे विमान में ऐसा क्या था, बीच आसमान हुआ गायब! अलर्ट जारी