By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Dec 29, 2021
बोम्मई ने पत्रकारों से कहा, ‘‘मैं भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेतृत्व, राज्य इकाई के अध्यक्ष, पदाधिकारियों और राज्य कार्यकारिणी के सदस्यों का हमारी सरकार में विश्वास जताने और हमें आगे बढ़ने के लिहाज से प्रोत्साहित करने के लिए शुक्रिया अदा करता हूं।’’ उन्होंने पत्रकारों से कहा कि वह, अन्य नेताओं के साथ मिलकर पार्टी को और मजबूत करने, और संगठित करने, पार्टी तथा सरकार के बीच प्रभावी समन्वय स्थापित करने, राजनीतिक चुनौतियों का सामना करने और आगामी चुनाव को लेकर नेतृत्व की अपेक्षाओं को पूरा करने के लिए सामूहिक प्रयास करेंगे। कुछ लोगों के विरोध के बावजूद आलाकमान से समर्थन मिलने के एक सवाल पर उन्होंने कहा, ‘‘आलाकमान शुरू से ही बहुत स्पष्ट रहा है। वही स्पष्टता यहां अरुण सिंह ने व्यक्त की है। यह एक प्रकार की पुन: पुष्टि है।’’
गौरतलब है कि पिछले कुछ समय से राज्य में नेतृत्व परिवर्तन और 2023 में विधानसभा चुनाव से पहले बोम्मई को शीर्ष पद से हटाये जाने की अटकलें हैं। बोम्मई के स्वास्थ्य को लेकर भी कई अफवाहें आईं, जिसके बारे में मंगलवार को उन्होंने कहा था कि उनमें बिना आराम किए, 365 दिन तक अथक परिश्रम करने की ताकत है। उन्होंने कहा था, ‘‘मैंने एक दिन में कम से कम 15 घंटे काम करने का निर्णय किया है।’’ बोम्मई ने इस साल 28 जुलाई को मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली थी।