आंध्र प्रदेश: घातक सड़क दुर्घटना मामले में पूर्व मुख्यमंत्री जगनमोहन रेड्डी को आरोपी बनाया गया

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Jun 23, 2025

युवजन श्रमिक रायथू कांग्रेस पार्टी (वाईएसआरसीपी) प्रमुख और पूर्व मुख्यमंत्री वाई एस जगनमोहन रेड्डी को हाल ही में पलनाडु जिले के रेंटापल्ला गांव जाते समय हुई एक घातक सड़क दुर्घटना में आरोपी बनाया गया है। पुलिस के एक अधिकारी ने रविवार को यह जानकारी दी।

गुंटूर जिले के पुलिस अधीक्षक (एसपी) एस सतीश कुमार ने रविवार देर रात संवाददाताओं को बताया, ‘‘विभिन्न सबूतों का विश्लेषण करने के बाद, यह पाया गया कि दुर्घटना में जान गंवाने वाला व्यक्ति जगनमोहन रेड्डी के वाहन के पहियों के नीचे कुचल गया था।’’

कुमार ने बताया कि सूचना मिलने पर बुजुर्ग सिंगैया को गंभीर रूप से घायल पाया गया और उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। सिंगैया की पत्नी चीली लुरधु मैरी की शिकायत के आधार पर स्थानीय थाने में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 106(1) (लापरवाही से मौत) के तहत मामला दर्ज किया गया था।

अधिकारी ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज, ड्रोन फुटेज और परिस्थितिजन्य साक्ष्यों का विश्लेषण करने के बाद, पुलिस ने सिंगैया के पूर्व मुख्यमंत्री के वाहन से कुचले जाने की पुष्टि की।

पुलिस ने व्यक्ति के कुचले जाने की पुष्टि होने के बाद मामले में बीएनएस की धारा 105 (गैर इरादतन हत्या) और धारा 49 (उकसाना) को शामिल किया तथा इसमें शामिल परिस्थितियों की जांच तेज कर दी।

कुमार ने संवाददाताओं को बताया कि जगनमोहन रेड्डी के अलावा अन्य आरोपियों में वाहन चालक रमना रेड्डी, निजी सहायक के. नागेश्वर रेड्डी, वाईएसआर कांग्रेस पार्टी के वरिष्ठ नेता वाईवी सुब्बारेड्डी, पूर्व विधायक परनी वेंकटरमैया और पूर्व मंत्री विदादला रजनी शामिल हैं।

प्रमुख खबरें

London में Kirandeep Kaur हत्याकांड के आरोपी पर अप्रैल में चलेगा मुकदमा

Aung San Suu Kyi को King Charles III द्वारा भेजी गईं पुस्तकें म्यांमा प्रशासन ने सौंपी

पूर्व डिप्टी सीएम KS Eshwarappa को आए दो धमकी भरे फोन, पुलिस में दी शिकायत

Delhi Police के सिपाही और उसके साथी ने किया अपहरण, डेढ़ लाख फिरौती मांगने पर गिरफ्तार