कांग्रेस विधायक कलावती भूरिया का कोरोना से निधन, मुख्यमंत्री सहित नेताओं ने जताया शोक

By दिनेश शुक्ल | Apr 24, 2021

इंदौर। मध्य प्रदेश की जोबट विधानसभा सीट से कांग्रेस विधायक कलावती भूरिया का निधन हो गया है। कलावती भूरिया कोरोना संक्रमित थीं और पिछले कई दिनों से उनका इलाज इंदौर के एक निजी अस्पताल में चल रहा था जहां शनिवार सुबह उनका निधन हुआ। इसकी सूचना पर कांग्रेस पार्टी और उनके क्षेत्र में शोक की लहर छा गई है। मुख्‍यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने उनके निधन पर गहरा शोक व्‍यक्‍त किया है। 

इसे भी पढ़ें: शिवराज सरकार के ‘योग से निरोग’ अभियान पर कमलनाथ ने किए सवाल खड़े

कांग्रेस विधायक कलावती भूरिया के निधन पर पूर्व मुख्यमंत्री व प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ ने ट्वीट करके श्रद्धांजलि दी है। उन्होंने अपने शोक संदेश में कहा ''प्रदेश के जोबट क्षेत्र की विधायक कलावती भूरिया के दुखद निधन का समाचार बेहद व्यथित व स्तब्ध करने वाला है। वे एक सक्रिय, दबंग, जुझारू, मिलनसार विधायक थीं। अपने क्षेत्र की जनता के प्रति उनका विशेष लगाव था और उनके हितों के लिये सदैव संघर्षरत रहती थीं। उनका दुखद निधन पूरे कांग्रेस परिवार और मेरे लिये भी एक बड़ी क्षति है। परिवार के प्रति मेरी शोक संवेदनाएँ। ईश्वर उन्हें अपने श्रीचरणों में स्थान व पीछे परिजनों को यह दु:ख सहने की शक्ति प्रदान करे।''

इसे भी पढ़ें: मध्य प्रदेश के पीडब्ल्यूडी मंत्री ने निकाली डॉक्टर की भर्ती, जेब से देंगे दो लाख वेतन

उधर, छिंदवाड़ा से सांसद नकुल नाथ ने ट्वीट कर उन्हें श्रद्धांजलि दी। उन्होंने ट्वीट में लिखा मध्य प्रदेश की जोबट विधानसभा से विधायक कलावती भूरिया जी के निधन का दुःखद समाचार प्राप्त हुआ। ईश्वर से प्रार्थना करता हूं कि दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें एवं शोक संतप्त परिवार को यह दुःख सहन करने की शक्ति प्रदान करें। 

इसी तरह से पूर्व मंत्री एवं विधायक जीतू पटवारी ने ट्वीट कर लिखा, ''जांबाज जनसेवक और जोबट विधायक बहन कलावती भूरिया हमारे बीच नहीं रहीं। झाबुआ-आलीराजपुर जिले से कांग्रेस का यह प्रतिनिधि चेहरा, अपनी निष्ठा-प्रतिष्ठा के लिए हमेशा याद किया जाएगा। ईश्वर से प्रार्थना है, उन्हें अपने श्रीचरणों में स्थान दें। नमन।''

इसे भी पढ़ें: रेमडेसिविर इंजेक्शन,ऑक्सीजन और आवश्यक दवाओं की कालाबाजारी करने वाले की खैर नहीं, हेल्पलाईन नंबर हुआ जारी

कलावती भूरिया को 15 अप्रैल को कोरोना संक्रमित होने के बाद अस्पताल में भर्ती करवाया गया था। पिछले दो दिनों से उनकी तबीयत ज्यादा खराब थी। शनिवार सुबह उन्होंने अस्पताल में आखिरी सांसें लीं। उनके राजनीति सफर में जनप्रतिनिधि काल की बात करें तो वे पहली बार जोबट विधानसभा से वर्ष 2018 में चुनाव जीतकर विधायक बनी थीं। इसके पहले झाबुआ जिला पंचायत की लगातार  चानर बार अध्यक्ष रह चुकी थीं। वे पूर्व केंद्रीय मंत्री कांतिलाल भूरिया की भतीजी थीं।

 

इसे भी पढ़ें: रायसेन के गैरतगंज में दो दिन से लापता दो युवकों के कुएं में मिले शव

उल्लेखनीय है कि कोरोना से जूझ रहे  इंदौर में रिकॉर्ड 1813 नए संक्रमित मिले हैं। यहां कुल मरीजों की संख्‍या अब 99 हजार 925 पर पहुंच चुकी है। यहां जिस प्रकार से यहां संक्रमित मिल रहे हैं, उसे देखते हुए कहा जा सकता है कि शनिवार रात को यह आंकड़ा एक लाख के पार हो जाएगा। पिछले 24 घण्‍टे में सात मरीजों की जान भी गई, जिसके बाद मृतक संख्या अब 1092 पर जा पहुंची है जबकि कुल संक्रमितों में से 86 हजार 212 ठीक अब तक ठीक भी हुए हैं। 

प्रमुख खबरें

Ashutosh Ranka ने Barmer में शिक्षकों की कमी के खिलाफ हुए प्रदर्शन का किया समर्थन

Yogi Adityanath ने हर घर तिरंगा अभियान को लेकर पांच करोड़ घरों का लक्ष्य तय किया

बच्चों को माफ करना चाहते हैं... PM नहीं बल्कि अभिभावक बनकर मोदी ने कैसे युवा आक्रोश को किया शांत?

Dhurandhar Style में Lyari की सड़कों पर बहा खून, Gangster Uzair Baloch के भाई Zubair को गोलियों से भून डाला