दिल्ली पकड़ेगी रफ्तार, इंटर स्टेट ट्रैफिक का शहर में प्रवेश घटेगा, बाहर के आने वाले वाहनों की संख्या पर लगेगा अंकुश

By प्रेस विज्ञपति | Jan 01, 2025

नई दिल्ली। दिल्ली के सभी सातों भाजपा सांसदों ने केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी से भेंट करके उन्हें चार नए प्रोजेक्ट का मांग पत्र प्रस्ताव दिया है और उसके बाद सभी सांसदों आदि की उपस्थिती में केन्द्रीय राज्य मंत्री हर्ष मल्होत्रा ने पत्रकार वार्ता को सम्बोधित किया और मांग पत्र प्रस्ताव  की जानकारी दी।

हर्ष मल्होत्रा ने कहा कि प्रदूषण के कारण दिल्ली जहरीली हवा में सांस लेने के लिए मजबूर है और भीड़भाड़ के कारण लोगों का समय तो बर्बाद होता ही है, ईंधन की भी बर्बादी होती है। इसीलिए सातों सांसदों ने आपस में विचार करके चार बड़े प्रोजेक्ट का सुझाव नितिन गडकरी से मिलकर उन्हें दिया है। 

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के मार्गदर्शन और गडकरी के नेतृत्व में देश में 10 वर्ष में 55 हजार किमी. नेशनल हाईवे का निर्माण हुआ है। दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेस वे बनकर तैयार है और शीघ्र ही इसे वाहनों के लिए खोला जाएगा। दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस वे जोकि 1250 किमी. लंबा है, वह भी तैयार किया जा रहा है जिससे 36 घंटे की बजाय 12 घंटे में ही मुंबई पहुंचना संभव हो जाएगा। इसके अतिरिक्त दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेस वे पहले ही चालू हो चुका है जिसका उद्घाटन माननीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने किया था। इसी की तर्ज पर चार प्रोजेक्ट का सुझाव दिया गया है।

इन प्रोजेक्ट्स के बारे में हर्ष मल्होत्रा ने बताया कि दिल्ली एयरपोर्ट से शिवमूर्ति पहुंचने के बाद शहर आने में एक-एक घंटा जाम में फंसे रहना पड़ता है। इसलिए शिवमूर्ति से नेल्सन मंडेला मार्ग तक टनल बनाने का सुझाव दिया गया है। इससे यह रास्ता सिर्फ 7-8 मिनट में तय हो जाएगा।

दूसरा प्रोजेक्ट दिल्ली-अमृतसर-कटरा एक्सप्रेस वे को कुंडली - मानसर - पलवल यानी केएमपी एक्सप्रेस वे से जोड़ने का है। इससे कटरा-अमृतसर की ओर से आने वाले लोगों को दिल्ली आने की बजाय सीधे एयरपोर्ट और गुड़गांव जाने का रास्ता मिल जाएगा।

तीसरा प्रोजेक्ट दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेस वे से दिल्ली आकर उत्तर प्रदेश और नोएडा की तरफ जाने वालों के लिए दिया गया है ताकि ये सारा ट्रेफिक दिल्ली में प्रवेश न करे। इस प्रस्ताव में यूईआर-2 को दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेस वे से जोड़ना है। इससे भी वाहनों को दिल्ली आने की बजाय गाजियाबाद से ही वैकल्पिक रास्ता मिल जाएगा।

चौथा प्रोजेक्ट यूईआर-2 के एक्सटेंशन के रूप में है जिसमें अलीपुर के निकट यूईआर-2 का एक्सटेंशन करके उसे ट्रोनिका सिटी के निकट दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेस वे से जोड़ा जाए ताकि वे वाहन भी दिल्ली मे प्रवेश न करें जिन्हें उत्तर प्रदेश जाना है। मल्होत्रा ने कहा कि नितिन गडकरी ने आश्वासन दिया है कि मंत्रालय इन प्रस्तावों पर विचार करेगा और इस बारे में शीघ्र उचित फैसला लेगा।

प्रमुख खबरें

Shamar Joseph का पंजा, Rutherford की फिफ्टी, West Indies ने श्रीलंका से 2-1 से जीती T20 सीरीज

Mercedes S-Class Hybrid की भारत में धमाकेदार एंट्री, कीमत 2.20 करोड़, जानें दमदार Features

Salesforce ने खेला AI पर बड़ा दांव, Fin के अधिग्रहण से Agentforce Platform होगा और भी स्मार्ट।

England vs New Zealand: जोफ्रा आर्चर की वापसी से मजबूत हुई टीम, दो खिलाड़ी करेंगे Test डेब्यू