Hockey India अध्यक्ष Dilip Tirkey ने अधिकारियों पर लगाया चोरी का आरोप, Delhi Police से की शिकायत

By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Sep 25, 2026

हॉकी इंडिया के भीतर चल रही अंदरूनी खींचतान ने तब नाटकीय मोड़ ले लिया है जब महासंघ के अध्यक्ष और पूर्व भारतीय कप्तान दिलीप टिर्की ने कुछ हॉकी इंडिया अधिकारियों के खिलाफ दिल्ली पुलिस में शिकायत दर्ज कराई और उन पर ‘आपराधिक विश्वासघात, चोरी, जान जोखिम में डालने और गलत तरीके से परित्याग’ का आरोप लगाया। टिर्की द्वारा दर्ज कराई गई शिकायत में उनकी संपत्तियों और दस्तावेजों की तत्काल बरामदगी की भी मांग की गई है। दक्षिण दिल्ली के डीसीपी (पुलिस उपायुक्त) कार्यालय ने शिकायत प्राप्त होने की पुष्टि की, लेकिन यह भी बताया कि अभी तक कोई प्राथमिकी दर्ज नहीं की गई है।

इसे भी पढ़ें: Rohini में दोस्त के जन्मदिन पर की हवाई फायरिंग, पुलिस ने आरोपी Karan Bhasin को दबोचा

विश्वसनीय सूत्रों के अनुसार, टिर्की 22 सितंबर को राष्ट्रीय राजधानी के आधिकारिक दौरे पर थे और प्रोटोकॉल के अनुसार हॉकी इंडिया ने उनके प्रवास के दौरान उन्हें एक आधिकारिक वाहन उपलब्ध कराया था। सूत्र ने कहा कि महासंघ ने अचानक वाहन वापस बुला लिया और टिर्की का निजी सामान वापस नहीं किया जिसमें उनकी जरूरी दवाइयों वाला एक बैग भी शामिल था जो वाहन के अंदर रखा था। पूर्व भारतीय डिफेंडर ने हॉकी इंडिया अधिकारियों को बार-बार फोन कर वाहन को उनका सामान लेकर वापस भेजने को कहा।

आरोप है कि हॉकी इंडिया अधिकारियों ने उनके फोन का जवाब नहीं दिया। टिर्की वर्तमान में प्रशासनिक फैसलों और बैठक के प्रोटोकॉल को लेकर हॉकी इंडिया के महासचिव भोला नाथ सिंह के साथ वर्चस्व की लड़ाई में उलझे हुए हैं। यह विवाद नीदरलैंड और बेल्जियम में होने वाले विश्व कप से ठीक पहले भारतीय टीम की जर्सी के रंग में किए गए विवादास्पद बदलाव के बाद और बढ़ गया।

इसे भी पढ़ें: LSR कॉलेज पहुंची Delhi Police, पार्क में नाबालिग से दरिंदगी के बाद बढ़ाई सुरक्षा

इसके बारे में अध्यक्ष टिर्की का दावा है कि यह फैसला उनकी सहमति के बिना किया गया था। इन आंतरिक मतभेदों को दूर करने, हॉकी इंडिया लीग (एचआईएल) के पुनर्गठन पर चर्चा करने और चुनाव की तारीखों को अंतिम रूप देने के लिए 18 सितंबर को एक आपातकालीन कार्यकारी बोर्ड बैठक निर्धारित की गई थी, लेकिन टिर्की ने कहा कि उनकी मंजूरी नहीं ली गई थी और इसलिए यह अवैध थी। इसके बावजूद बैठक हुई और एचआईएल की योजनाओं पर चर्चा की गई जिसमें फ्रेंचाइजी इक्विटी के साथ एक अलग संयुक्त उद्यम कंपनी का गठन और इसके प्रशासन की निगरानी के लिए एक नयी संचालन परिषद का गठन शामिल था।

इसे भी पढ़ें: Delhi Jahangirpuri में कर्मचारी से 90 लाख की 35 किलो चांदी की लूट

बैठक में टिर्की द्वारा श्रीवास्तव को जारी कारण बताओ नोटिस और आगामी एशियाई चैंपियंस ट्रॉफी की मेजबानी मोहाली और जालंधर में किए जाने पर भी विचार-विमर्श हुआ। जब भोला नाथ से संपर्क किया गया तो उन्होंने कहा कि उन्हें टिर्की द्वारा दर्ज कराई गई शिकायत की जानकारी नहीं है क्योंकि वह एशियाई खेलों के लिए नागोया में हैं। भोला नाथ ने नागोया से पीटीआई से कहा, ‘‘मुझे सही में ऐसी किसी घटना की जानकारी नहीं है।

मैं जापान में हूं ताकि अपनी दोनों टीम को प्रेरित कर सकूं जिससे वे एशियाई खेलों में स्वर्ण जीतकर सीधे लॉस एंजिलिस ओलंपिक के लिए क्वालीफाई कर सकें। ’’ उन्होंने कहा, ‘‘जहां तक चुनाव का सवाल है, यह तय कार्यक्रम के अनुसार सात नवंबर को होगा।

प्रमुख खबरें

Digital Media: स्कूलों में Smartphone बैन और बच्चों के लिए बने राष्ट्रीय नीति, रिपोर्ट में मांग

Asian Games में MMA पदक विजेता Suchika Tariyal ने सेमीफाइनल के फैसले पर उठाए सवाल

SEBI ने Omaxe और 5 अन्य पर लगाया बैन, 1.92 करोड़ का जुर्माना भी ठोका

Supreme Court ने GST अधिकारियों को वकील के जब्त डेटा का विश्लेषण 28 सितंबर तक रोकने का दिया निर्देश