Rohini में दोस्त के जन्मदिन पर की हवाई फायरिंग, पुलिस ने आरोपी Karan Bhasin को दबोचा

Prabhasakshi Image
Prabhasakshi

दिल्ली के रोहिणी सेक्टर 3 में दोस्त के दफ्तर में जन्मदिन मनाते हुए देसी तमंचे से गोली चलाने वाले आरोपी करण भसीन को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। इस घटना में कोई हताहत नहीं हुआ और पुलिस ने मौके से भागने की कोशिश कर रहे आरोपी से हथियार व कारतूस बरामद किए हैं।

दिल्ली के रोहिणी इलाके में बृहस्पतिवार को अपने दोस्त के जन्मदिन के मौके पर हर्ष में एक देसी तमंचे से गोली चलाने के आरोप में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने यह जानकारी दी। पुलिस अधिकारी ने बताया कि घटना में कोई घायल नहीं हुआ।

उन्होंने बताया कि पुलिस को शाम करीब 7:38 बजे रोहिणी के सेक्टर 3 में गोलीबारी के संबंध में सूचना मिली, जिसके बाद एक टीम मौके पर पहुंची और आरोपी को पकड़ लिया, जिसकी पहचान रोहिणी के सेक्टर 24 निवासी करण भसीन के रूप में हुई। अधिकारी के मुताबिक, जब पुलिस मौके पर पहुंची तो भसीन कथित तौर पर मौके से भागने की कोशिश कर रहा था। पुलिस ने कहा कि पूछताछ के दौरान, भसीन ने खुलासा किया कि वह अपने दोस्त चिराग धवन का जन्मदिन मनाने के लिए उसके कार्यालय गया था और जश्न में देसी तमंचे से एक गोली चला दी।

पुलिस ने बताया कि भसीन की निशानदेही पर एक कूड़ेदान से .32 बोर का एक देसी तमंचा और तीन कारतूस बरामद किए गए, जबकि घटनास्थल से कारतूस का खोखा भी बरामद किया गया। पुलिस ने कहा कि भसीन के खिलाफ पहले भी 13 मामले दर्ज हैं। पुलिस ने कहा कि भारतीय न्याय संहिता और शस्त्र अधिनियम के प्रासंगिक प्रावधानों के तहत मामला दर्ज किया गया है।

All the updates here:

अन्य न्यूज़