LSR कॉलेज पहुंची Delhi Police, पार्क में नाबालिग से दरिंदगी के बाद बढ़ाई सुरक्षा

Prabhasakshi Image
Prabhasakshi

आस्था कुंज पार्क में 17 वर्षीय किशोरी से कथित सामूहिक दुष्कर्म के बाद लेडी श्री राम कॉलेज पहुंची दिल्ली पुलिस ने सुरक्षा प्रबंधों की समीक्षा की। छात्राओं की चिंताओं के मद्देनजर कॉलेज परिसर के बाहर महिला पुलिसकर्मियों और पीसीआर वैन की तैनाती कर दी गई है। पुलिस ने इस मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है जिनमें से एक मुठभेड़ में घायल हुआ।

राष्ट्रीय राजधानी में दक्षिण रेंज के संयुक्त पुलिस आयुक्त (जेसीपी) विजय कुमार सहित दिल्ली पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों ने आस्था कुंज पार्क में 17 वर्षीय लड़की के साथ कथित सामूहिक दुष्कर्म के बाद बुधवार को पास के लेडी श्री राम कॉलेज फॉर वूमन (एलएसआर) का दौरा किया और महाविद्यालय की प्राचार्य के साथ बैठक की। आस्था कुंज पार्क कॉलेज से करीब दो किलोमीटर दूर स्थित है और दुष्कर्म की घटना के बाद छात्राओं ने अपनी सुरक्षा को लेकर चिंता जताई थी जिसके बाद कॉलेज ने नियमित कक्षाएं रद्द कर दी थीं और उन्हें ऑनलाइन कर दिया था। इसके एक दिन बाद वरिष्ठ अधिकारी दिल्ली विश्वविद्यालय के इस कॉलेज में पहुंचे।

अधिकारियों ने कहा कि सुरक्षा व्यवस्था के तहत, दिल्ली पुलिस के जवानों को कॉलेज परिसर के बाहर तैनात किया गया है जबकि महिला पुलिसकर्मी और महिला पीसीआर वैन भी इलाके में तैनात की गई हैं। उन्होंने बताया कि वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने छात्राओं की सुरक्षा के संबंध में कॉलेज प्रशासन के साथ चर्चा की और परिसर के आसपास व्यवस्था की समीक्षा की। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने कहा, हम यह सुनिश्चित करेंगे कि महिलाएं सुरक्षित महसूस करें और कानून-व्यवस्था कायम रहे।

अधिकारियों ने बताया कि नाबालिग से कथित दुष्कर्म के मामले में मंगलवार को तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया। इनमें से एक आरोपी पुलिस के साथ मुठभेड़ में जख्मी हो गया था। पुलिस ने बताया कि यह सामूहिक दुष्कर्म की घटना सोमवार शाम को हुई जब 17 वर्षीय किशोरी अपने 17 वर्षीय मित्र के साथ कालकाजी मंदिर के पास आस्था कुंज पार्क गई थी।

घटना के बाद, छात्राओं ने क्षेत्र में सुरक्षा को लेकर चिंता जताई, जिसके बाद कॉलेज प्रशासन को एहतियाती कदम उठाने पड़े। कॉलेज ने मंगलवार को कहा था कि उसके लिए छात्राओं की सुरक्षा और कल्याण उसकी सर्वोच्च प्राथमिकता है और संकाय सलाहकार तथा कॉलेज परामर्शदाता सहायता की आवश्यकता वाले विद्यार्थियों के लिए उपलब्ध रहेंगे।

All the updates here:

अन्य न्यूज़