By अनुराग गुप्ता | Feb 15, 2022
नयी दिल्ली। पूर्व केंद्रीय कानून मंत्री अश्विनी कुमार ने कांग्रेस को अलविदा कहा है। 46 साल तक कांग्रेस में रहने वाले अश्विनी कुमार ने मंगलवार को पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा दे दिया। उन्होंने अपना इस्तीफा कांग्रेस अध्यक्षा सोनिया गांधी को एक पत्र के माध्यम से भेजा।
उन्होंने कहा कि मैं 46 साल के लंबे जुड़ाव के बाद पार्टी छोड़ रहा हूं और हमारे स्वतंत्रता सेनानियों द्वारा परिकल्पित उदार लोकतंत्र के गणमान्य वादे के आधार पर परिवर्तनकारी नेतृत्व के विचार से प्रेरित सार्वजनिक कारणों को सक्रिय रूप से आगे बढ़ाने की उम्मीद करता हूं।
कौन हैं अश्विनी कुमार ?
69 वर्षीय नेता भारत के सबसे कम उम्र के अतिरिक्त सॉलिसिटर जनरल के रूप में कार्य कर चुके हैं। वह पंजाब से राज्यसभा सांसद रह चुके हैं और यूपीए सरकार में कई विभागों की जिम्मेदारी भी संभाली थी। अश्विनी कुमार अक्टूबर 2012 से मई 2013 तक कानून और न्याय मंत्री रहे। इससे पहले जनवरी 2011 से मई 2013 तक योजना मंत्रालय, विज्ञान और प्रौद्योगिकी मंत्रालय और पृथ्वी विज्ञान मंत्रालय में राज्य मंत्री थे। वह जनवरी से जुलाई 2011 तक संसदीय मामलों के राज्य मंत्री थे।
अश्विनी कुमार कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रवक्ता के तौर पर काम कर चुके हैं। एक कानूनी वकील के रूप में उन्होंने भोपाल गैस त्रासदी जैसे संवेदनशील मामले पर उच्चतम न्यायालय में अपनी दलीलें दी हैं।