'रात में लड़कियों को बाहर न निकले' वाले बयान पर गोवा के मुख्यमंत्री ने दिया स्पष्टीकरण

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Jul 30, 2021

पणजी। दो लड़कियों के सामूहिक दुष्कर्म पर अपनी टिप्पणी के लिए आलोचनाओं का सामना कर रहे गोवा के मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत ने शुक्रवार को कहा कि उनके बयान के वास्तविक संदर्भ को नहीं समझा गया। उन्होंने कहा कि नाबालिगों की सुरक्षा ‘‘साझा जिम्मेदारी’’ है। उन्होंने यह भी कहा कि वह घटना से बहुत दुखी हैं और यह सुनिश्चित करेंगे कि मामले में आरोपियों को ‘‘कानून के अनुसार कड़ी से कड़ी सजा’’ मिले।

इसे भी पढ़ें: देश में कोरोना वायरस के 44,230 नए मामले, 24 घंटे में 555 लोगों की जान गई

शुक्रवार को यहां जारी एक बयान में सावंत ने कहा, ‘‘दुर्भाग्यपूर्ण घटना के बारे में मेरे बयान को संदर्भ से अलग समझा गया। एक जिम्मेदार सरकार के प्रमुख और 14 साल की बेटी के पिता के तौर पर मैं काफी दुखी हूं। इस घटना का दुख बयां नहीं किया जा सकता।’’ मुख्यमंत्री ने कहा कि उन्होंने कभी कानून द्वारा मुहैया करायी गयी सुरक्षा के अधिकार से इनकार नहीं किया। उन्होंने कहा, ‘‘गोवा पुलिस सच्चे मायनों में एक पेशेवर बल रही है, खासतौर से जब महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा की बात आती है। उन्होंने तेजी से कार्रवाई की, आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया तथा मैं आपको आश्वस्त कर दूं कि मैं सुनिश्चित करुंगा कि दोषियों को कानून के तहत कड़ी से कड़ी सजा मिले। हमारे नागरिकों की सुरक्षा हमेशा मेरी सरकार की शीर्ष प्राथमिकता रही है।’’ उन्होंने कहा, ‘‘बच्चों, खासतौर से नाबालिगों की सुरक्षा साझा जिम्मेदारी है। उन्हें अपने बड़ों के मार्गदर्शन की आवश्यकता होती है।’’

मुख्यमंत्री ने कहा, ‘‘जब मैं नाबालिग बच्चों की साझा जिम्मेदारी के बारे में बोलता हूं तो यह चिंता, परवाह और अपने नागरिकों एवं बच्चों के लिए प्यार की वजह से बोलता हूं। हम सभी बच्चों को प्यार करते हैं। मुख्यमंत्री के तौर पर गोवा के सभी बच्चों की मुझे चिंता है।’’ सावंत ने कहा कि बच्चों की सुरक्षा से संबंधित मामलों में कोई समझौता नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा, ‘‘गलतफहमी के लिए कोई जगह मत रखिए। चलिए, एकजुट रहें। एक-दूसरे पर विश्वास करें। आइए, हम एक गोवा के रूप में एकजुट रहे ताकि अपनी ताकत से हम ऐसी बुराइयों को खत्म कर सकें।

प्रमुख खबरें

उत्तराखंड में 160 किमी लंबे 51 Ropeway प्रोजेक्ट प्रस्तावित, 9 नवंबर से शुरू होगा काम

पूर्व उपराष्ट्रपति Hamid Ansari के बयान पर CM Yogi Adityanath का पलटवार, सनातन परंपरा के अपमान का लगाया आरोप

K Annamalai ने पेरियार के सुधारों को सराहा, नास्तिकता और ब्राह्मण विरोधी विचारों को नकारा

UDAN Scheme: Purulia में हवाई अड्डा बनाने के लिए Bengal सरकार 28 सितंबर को केंद्र संग करेगी समझौता