By अभिनय आकाश | Jul 16, 2026
समुद्री प्रशासन महानिदेशालय (DGMA) ने बुधवार को जारी एक आदेश में जहाज मालिकों, जहाज प्रबंधकों और भर्ती कंपनियों को निर्देश दिया है कि वे होर्मुज जलडमरूमध्य से गुजरने वाले जहाजों पर भारतीय नाविकों को तैनात न करें, क्योंकि अमेरिका और ईरान के बीच तनाव लगातार बढ़ रहा है। सरकारी आंकड़ों के मुताबिक, भारत दुनिया में समुद्री कर्मचारियों (सीफ़ेयरर्स) का तीसरा सबसे बड़ा सप्लायर है और दुनिया भर में जहाजों पर 3,00,000 से ज़्यादा भारतीय नाविक काम कर रहे हैं। यह कदम पिछले तीन दिनों में इस इलाके में जहाजों पर हुए अलग-अलग हमलों में दो भारतीय नाविकों की मौत के बाद उठाया गया है।
अधिकारियों ने बताया कि होर्मुज जलडमरूमध्य से गुजरने वाले जहाजों पर हुए अलग-अलग हमलों में दो भारतीय नागरिकों की मौत हो गई है। इनमें बिहार के गोपालगंज जिले के 31 वर्षीय रोहन कुमार और पुणे के 30 वर्षीय हेरंभ करमरकर शामिल हैं। मंगलवार को होर्मुज जलडमरूमध्य में दो अमीराती तेल टैंकरों - MT मोम्बासा और MT अल बहिया - पर हुए मिसाइल हमलों में कुमार की मौत हो गई। मृतक की मौत की पुष्टि करते हुए जिला मजिस्ट्रेट (DM) समीर सौरभ ने बताया था, मृतक के शव को वापस लाने की कागजी कार्रवाई शुरू करने के लिए उनके परिवार के पास विशेष रूप से एक अधिकारी को भेजा गया है।