हेमंत सोरेन सरकार का पूरा हुआ एक साल, भाजपा ने जनता की अपेक्षाओं पर खरा उतरने में विफल बताया

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Dec 30, 2020

रांची। भाजपा की झारखंड इकाई ने राज्य में हेमंत सोरेन के नेतृत्व वाली सरकार पर बुधवार को यहां आरोप लगाया कि वह जनता की अपेक्षाओं पर खरा उतरने में पूरी तरह विफल रही है और ‘‘इस सरकार के कार्यकाल में उग्रवाद, भ्रष्टाचार तथा महिलाओं के खिलाफ अपराध’’ का बोलबाला रहा। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के विधायक दल के नेता बाबूलाल मरांडी और प्रदेश अध्यक्ष दीपक प्रकाश ने राज्य सरकार के एक वर्ष पूरा होने पर इसे देश की सबसे विफल सरकारों में से एक बताया और आरोप लगाया कि इस एक वर्ष में उग्रवाद, महिलाओं के खिलाफ अपराध तथा भ्रष्टाचार का बोलबाला रहा। 

उन्होंने आरोप लगाया कि उग्रवादियों को सत्ता में बैठे विधायकों और सरकार का संरक्षण प्राप्त है। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष दीपक प्रकाश ने हेमंत सरकार के एक वर्ष के कार्यकाल को जनता के सपनों पर कुठाराघात करने वाला साल बताते हुए कहा कि राज्य की सवा तीन करोड़ जनता को सरकार ने छलने का कार्य किया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस, झामुमो और राजद ने राज्य में परिवारवाद को बढ़ाने का कार्य किया है। प्रकाश ने कहा कि इस एक वर्ष में विकास शून्य रहा है और लूट-खसोट एवं भ्रष्टाचार को बढ़ावा मिला है। उन्होंने कहा, ‘‘यह सरकार होर्डिंग और विज्ञापन पर चलने वाली सरकार है। इनके एक वर्ष के कार्यकाल को सौ में से शून्य अंक दिया जाना उचित होगा।’’ 

इसे भी पढ़ें: भाजपा विधायक की खरीद-फरोख्त से संबंधित लालू प्रसाद यादव का ऑडियो वायरल, जांच के आदेश ! 

प्रकाश ने कहा कि भाजपा ने कोरोना वायरस संकट के दौरान अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन किया। उन्होंने आरोप लगाया कि यह सरकार किसानों के लिए घड़ियाली आंसू तो जरूर बहा रही है, किंतु इस राज्य में सबसे ज्यादा दुखी किसान हैं। उन्होंने कहा, ‘‘बिचैलियों को कांग्रेस और झामुमो का साथ मिल रहा है, किसान बदहाल हैं। आदिवासियों की हत्या हो रही है।’’ भाजपा ने राज्य सरकार की विफलताओं पर 28 पृष्ठ का आरोप पत्र जारी किया है, जिसमें उस पर हर मोर्चे पर विफल होने का आरोप लगाया गया है।

प्रमुख खबरें

BCCI घरेलू सत्र के लिए Muthoot Fincorp को 35 मैचों के Title Sponsor अधिकार सौंपेगा

वैवाहिक विवाद में पॉक्सो के तहत माता-पिता की तुरंत गिरफ्तारी नहीं होगी: Supreme Court

Bihar के समस्तीपुर और मुजफ्फरपुर में छेड़खानी के आरोप में 5 लोग गिरफ्तार

US कोर्ट ने Donald Trump के फैसले पर लगाई रोक, White House में पत्रकारों के प्रवेश की अनुमति