बाबू मोशाय, तुम नहीं समझोगे ! (व्यंग्य)

By डॉ. सुरेश कुमार मिश्रा ‘उरतृप्त’ | Dec 26, 2020

भारतीय क्रिकेट टीम छत्तीस रन बनाकर क्या ढेर हो गयी इन बदमाश समाचार पत्रों, टी.वी. चैनलों, सोशल मीडिया को मानो बैठे-बिठाए हाथ में बटेर लग गया। जिसे देखो उसे भारत की फजीहत करने में मज़ा आ रहा है। ताना तो ऐसे कस रहे हैं जैसे वे अगर होते तो आस्ट्रेलिया पर रनों का पहाड़ जमा देते। अब ससुरा वह भी सलाह देने लगा है जिसने कभी क्रिकेट की एबीसीडी भी नहीं जानी। सभी लगे हैं ज्ञान पेलने। विराट की चाल, रवि शास्त्री की नजर और भारतीय फैंस के हैशटैग पर कभी संदेह नहीं करते। ये कभी भी चकित कर सकते हैं। टीम के 36 रनों पर आलाऊट होने का जिस तरह से विश्लेषण किया जा रहा है, वह अक्षम्य अपराध और महापाप है। भारतीय टीम का इतने रनों पर आलाऊट होने का सबसे बड़ा कारण है– भारत और आस्ट्रेलिया के रिश्ते मजबूत बनाना। कभी सोचा है कि भारतीय टीम छत्तीस रनों पर ही क्यों ढेर हो गयी, नहीं न? फिर काहे को बेकार की बातें करते हो।

दूसरा कारण– 36 का आंकड़ा। पहले टेस्ट मैच के बहाने भारतीय टीम ने आस्ट्रेलिया को यह संकेत देने का प्रयास किया है कि हम बच्चे नहीं हैं। हमारी टीम में सभी तोपदार और तीसमारखाँ टाईप खिलाड़ी हैं। इसीलिए हम तुमसे छत्तीस का आंकड़ा बनाने आए हैं। हमारा यह कारनामा भविष्य में भारतीय टीम के लिए प्रेरणा का स्रोत होगा। हम दोस्ती और दुश्मनी बड़ी शिद्दत से करते हैं। हम जहाँ छत्तीस गुणों के बहाने संबंध मजबूत कर सकते हैं वहीं छत्तीस के आंकड़े के साथ टक्कर देने की पूरी ताकत भी रखते हैं। हम पर कोई संदेह करे यह हमें स्वीकार नहीं है। इसीलिए हमने 36 रन पर ढेर होकर हिंदी कहावत के बहाने तुम्हारे होश उड़ाने का काम किया है।

इसे भी पढ़ें: आसमानी खेती में नए सूरज-चाँद उगाते हैं (व्यंग्य)

कुल मिलाकर भारतीय टीम जहाँ आस्ट्रेलिया के साथ संबंध बनाने के प्रति गंभीर है, वहीं खेल भावना में अपने इरादों को अभिव्यक्त करने के प्रति आश्वस्त भी। वह छत्तीस गुणों व छत्तीस के आंकड़ों के साथ नए आयाम स्थापित करना चाहती है। ऐसी टीम के 36 रनों पर आलाऊट होने को लेकर जो बाबू मोशाय हायतौबा मचा रहे हैं, वे भारतीय टीम की अक्लमंदी, बहादुरी और त्याग को नहीं समझेंगे।

-डॉ. सुरेश कुमार मिश्रा ‘उरतृप्त’

प्रमुख खबरें

PSL में खेल रहे David Warner की बढ़ी मुश्किलें, Sydney में शराब पीकर गाड़ी चलाते हुए पकड़े गए

चीन के Nostradamus की बड़ी भविष्यवाणी, Iran-US Tension बदल देगा पूरा Global Order

Jet Fuel संकट में बाकी Airlines पस्त, Delta को Refinery से हो रहा करोड़ों का Profit

Badminton Asia में बड़ी तकनीकी चूक, बिना Hawk-Eye के खेलने पर HS Prannoy ने उठाए गंभीर सवाल