PM मोदी के नेतृत्व में भारत सीमा पर कर रहा पाक और चीन का मजबूती से सामना: जेपी नड्डा

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Jul 29, 2020

नयी दिल्ली। भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा ने बुधवार को कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में आज भारत कोरोना वायरस के साथ-साथ सीमा पर पाकिस्तान और चीन का भी मजबूती से मुकाबला कर रहा है। आज का भारत पहले वाला भारत नहीं रहा। भारत की इस छवि को दुनिया भी समझ रही है। नड्डा ने हरियाणा में नवनिर्मित छह जिला पार्टी कार्यालयों का उद्घाटन करने के बाद नेताओं और कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए यह भी कहा कि कोरोना वायरस के परिणामस्वरूप देश भर में लागू किए गए लॉकडाउन के दौरान भाजपा ने जो सेवा का कार्य किया वह पहले कभी नहीं हुआ। 

नड्डा ने कहा, ‘‘आज हम कोरोना से लड़ रहे हैं। आज हम पाकिस्तान से भी लड़ रहे है और चीन के साथ भी गलवान में गतिरोध में खड़े हैं। हमारी सेना खड़ी है और 130 करोड का सारा देश खड़ा है।’’ लॉकडाउन के दौरान भाजपा संगठन की ओर से देश भर में चलाए गए सेवा कार्यक्रमों की चर्चा करते हुए भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि इस अवधि में भी पार्टी ने डिजीटल माध्यमों का इस्तेमाल करते हुए जनता के साथ संपर्क बनाए रखा। उन्होंने कहा, ‘‘सारे राजनीतिक दल लॉकडाउन में लॉकडाउन हो गए थे। आज भी हैं। यह भाजपा है, जिसने वीडियो कांफ्रेंस और डिजिटल माध्यमों का इस्तेमाल करते हुए संपर्क अभियान को ऊपर से लेकर नीचे तक आगे बढ़ाया है।’’ 

इसे भी पढ़ें: हेमंत सरकार पर बरसे जेपी नड्डा, बोले- अराजकता का दूसरा नाम बन गया है झारखंड 

उन्होंने नई गति और नई ऊर्जा के साथ संगठन के काम को आगे बढ़ाने का आह्वान करते हुए कहा, ‘‘भाजपा ने कभी सेवा का इतना कार्य नहीं किया था जितना लॉकडाउन के समय किया है। यह हमारे संस्कारों से आया है।’’ नड्डा ने इस मौके पर लॉकडाउन के दौरान किए गए कार्यों के लिए प्रदेश भाजपा संगठन और मनोहर लाल खट्टर के नेतृत्व वाली भाजपा सरकार की भी जमकर सराहना की वहीं पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार पर भी हमला बोला। उन्होंने कहा, ‘‘हरियाणा भ्रष्टाचार और ट्रांसफर उद्योग के लिए जाना जाता था। नियुक्तियों में घोटाले के लिए जाना जाता था। नियुक्तियों के चक्कर में बड़े-बड़े लोग जेल गए हैं। मनोहर जी के नेतृत्व में चलने वाली सरकार ने हरियाणा की तस्वीर बदल दी है। पारदर्शिता ला दी है। ना ही ट्रांसफर में और ना ही नियुक्ति में कोई भ्रष्टाचार है। आज भ्रष्टाचार मुक्त हो गया प्रदेश। उत्तम काम हुए हैं।’’

उन्होंने कार्यकर्ताओं से आग्रह किया कि वे हरियाणा की तस्वीर बदलने के लिए काम करें ताकि कल दुनिया में इसकी चर्चा हो सके। उन्होंने कहा, ‘‘हरियाणा भ्रष्टाचार मुक्त हुआ है, विकासयुक्त हुआ है। विकास करते हुए आगे बढ़े और देश का नंबर एक का राज्य बने, इस मनोबल के साथ हमें काम करना है।’’ भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि देश भर में भाजपा के 500 कार्यालय बन चुके हैं और 400 कार्यालय बनने के क्रम में हैं, जिसे पूरा करने की जिम्मेदारी उनकी है। उन्होंने कहा कि कार्यालय का होना संगठन के काम को स्थिरता देता है और कार्यकर्ताओं को काम करने का संस्कार भी देता है। 

इसे भी पढ़ें: भाजपा शासित राज्यों के मुख्यमंत्रियों से बुधवार को संवाद करेंगे जेपी नड्डा 

उन्होंने कहा, ‘‘कार्यालय संस्कार और रीति नीति का केंद्र हैं। वहां से कार्यपद्धति समझ में आती है। कार्य करने की प्रेरणा मिलती है और वहां जब हम अच्छे सत्संग में आते हैं हमारे विचार की प्रक्रिया उन्नत होती है।’’ चंडीगढ़ से कार्यक्रम में शामिल मुख्यमंत्री खट्टर ने इस अवसर पर उन दिनों को याद किया जब भाजपा के कार्यालय कार्यकर्ताओं के घर हुआ करते थे तथा एक और दो कमरों के मकान से पार्टी के कार्यक्रम संचालित होते थे। उन्होंने कहा, ‘‘आज का अवसर मील का पत्थर है। यह केवल भवनों का उद्घाटन नहीं है। पार्टी के सुदृढ़ीकरण की दिशा में आगे बढ़ने का कदम है।’’ जिन छह जिलों में भाजपा के नवनिर्मित कार्यालयों का उद्घाटन हुआ उनमें सोनीपत, हिसार, पलवल, रेवाड़ी, फतेहाबाद और नूह शामिल है।

प्रमुख खबरें

Ram Mandir पर चंदा चोरी के आरोप, VHP ने Kejriwal-Priyanka Gandhi के खिलाफ कार्रवाई की मांग की

PM Modis visit to Indonesia: रक्षा, व्यापार से लेकर स्पेस तक, कई अहम Deals पर लग सकती है मुहर

दुनिया का सबसे नीच आदमी जिंदा क्यों? Khamenei के अंतिम संस्कार में Donald Trump के खिलाफ लगे भड़काऊ नारे

बच्चों से जुड़े अश्लील कंटेंट पर भारत सरकार का कड़ा रुख, Instagram-Meta को भेजा नोटिस