By अंकित सिंह | Feb 26, 2022
रक्तदान महादान होता है। यही कारण है कि लोग स्वेच्छा से रक्तदान करते हैं। जम्मू से भी हमारे पास रक्तदान से ही जुड़ी हुई खबर आई। दरअसल, एनएसएस यूनिट और रेड रिबन क्लब ऑफ गवर्नमेंट कॉलेज ऑफ एजुकेशन (जीसीओई) ने जम्मू विश्वविद्यालय रक्त दाताओं और सरकारी मेडिकल कॉलेज तथा अस्पताल जम्मू के सहयोग से आज कॉलेज परिसर में रक्तदान शिविर का आयोजन किया। रक्तदान शिविर का उद्घाटन कॉलेज की प्राचार्य डॉ कुलविंदर कौर ने किया। डॉ कुलविंदर कौर ने इस नेक काम के लिए एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी डॉ शुभ्रा जामवाल और रेड रिबन क्लब की संयोजक प्रो राधिका महाजन और उनकी टीम के सदस्यों के प्रयासों की सराहना की।
अपने संबोधन में प्राचार्य ने आगे कहा कि केवल स्वैच्छिक रक्त दाता ही जरूरतमंद लोगों के जीवन को बचाने के लिए रक्त की पर्याप्त आपूर्ति बनाए रखने में मदद कर सकते हैं। वे सुरक्षित रक्त के स्रोत भी हैं। कुछ छात्र पहली बार दान देने वाले थे और उन्होंने अपने दोस्तों को भविष्य में इस नेक कार्य में भाग लेने के लिए प्रेरिर तरने का संकल्प लिया।