By रेनू तिवारी | Nov 12, 2026
हॉलीवुड और वैश्विक सिनेमा के गलियारों में इन दिनों फिल्म 'घोस्ट सोल्जर' (Ghost Soldier) की जबरदस्त चर्चा है। फिल्म के निर्देशक विलियम यूबैंक ने हाल ही में एक इंटरव्यू के दौरान खुलासा किया है कि उन्होंने फिल्म के मुख्य नायक हेनरी "फिट्ज़" फिट्ज़गेराल्ड के किरदार के लिए अभिनेता जिम कैविज़ेल को ही पहली पसंद क्यों चुना था। निर्देशक का मानना है कि जिम के निजी विचार, उनकी अटूट लगन और अनुशासन इस किरदार से इस हद तक मेल खाते हैं कि उनके अलावा इस भूमिका की कल्पना करना मुश्किल था।
जिम कैविज़ेल के इस रोल के लिए एकदम सही होने की वजह बताते हुए, यूबैंक ने 'इंडिया टुडे' को दिए एक बयान में कहा, "जिम, फिट्ज़ के किरदार के लिए इसलिए एकदम सही हैं क्योंकि वे दोनों ही अपने उसूलों के प्रति बहुत समर्पित हैं। फिट्ज़ की तरह ही, जिम भी प्रकृति के करीब रहते हैं, लेकिन साथ ही दुनिया और लोगों को देखने का उनका नज़रिया बहुत स्पष्ट और सटीक है। जिम अपनी एक्टिंग में बहुत सारा प्यार और ऊर्जा लाते हैं, और कभी-कभी उनमें एक ऐसी गंभीरता भी होती है जिसका कोई मुकाबला नहीं। वे अपना सब कुछ झोंक देते हैं: चाहे कोई मज़ेदार सीन हो या बहुत गंभीर, जिम उसे स्क्रीन पर इस तरह पेश करते हैं कि वह एकदम जीवंत हो उठता है।"
वहीं, जिम कैविज़ेल भी यूबैंक की फिल्म 'लैंड ऑफ़ बैड' देखने के बाद यह मान गए थे कि इस प्रोजेक्ट के लिए वही सही निर्देशक हैं। अपनी प्रतिक्रिया याद करते हुए अभिनेता ने कहा, "स्क्रीनिंग के बाद, मैंने कहा, 'विल ही वह इंसान हैं', और उन्होंने इस फिल्म में ऐसी बहुत सी चीज़ें जोड़ीं जो स्क्रिप्ट (कागज़) पर नहीं लिखी थीं।"
'अंडरवाटर' और 'लैंड ऑफ़ बैड' जैसी फिल्मों के लिए मशहूर यूबैंक ने 'घोस्ट सोल्जर' को एक ऐसे मौके के रूप में देखा, जहाँ वे 'वेस्टर्न' (काउबॉय शैली) फिल्मों के पारंपरिक तत्वों को आज के दौर के एक्शन और तकनीक के साथ मिला सकें। उन्होंने कहा, "यह एक आधुनिक 'वेस्टर्न' फिल्म जैसी लगी, जिसमें कई शानदार गैजेट्स भी हैं। कॉर्पोरेट अत्याचार - जो आज की दुनिया में सच में हो रहा है - जैसे गंभीर विषय पर काम करना बहुत मज़ेदार रहा। मुझे पता था कि मैं इन सब चीज़ों को मिलाकर एक रोमांचक और साहसिक अनुभव तैयार कर सकता हूँ।"
फिल्म की कहानी फिट्ज़ के इर्द-गिर्द घूमती है, जो अपने गृहनगर में दुनिया से दूर (ऑफ-द-ग्रिड) रहता है। उसकी ज़िंदगी में तब मोड़ आता है, जब एक ताकतवर विदेशी कॉर्पोरेशन उसकी और उसके पड़ोसियों की ज़मीन पर कब्ज़ा करने की कोशिश करता है। पूर्व स्पेशल फोर्सेस सैनिक और आधुनिक हथियारों के विशेषज्ञ होने के नाते, फिट्ज़ अपनी मिलिट्री ट्रेनिंग और अनोखे हथियारों का इस्तेमाल करके उनका मुकाबला करता है। रोमानिया के पहाड़ी-मैदानी इलाकों में फिल्माई गई 'घोस्ट सोल्जर' में इन जगहों का इस्तेमाल ग्रामीण व्योमिंग के रूप में किया गया है। फिल्म की यह सुनसान लोकेशन तनाव पैदा करने और इसके वेस्टर्न-शैली वाले माहौल को और गहरा करने का काम करती है।
सोनी पिक्चर्स रिलीज़िंग इंटरनेशनल द्वारा निर्मित और वितरित, 'घोस्ट सोल्जर' 13 नवंबर, 2026 को भारतीय सिनेमाघरों में रिलीज़ होगी।
Entertainment News Hindi Today only at Prabhasakshi