BCG रिपोर्ट: AI अपनाने में भारत तेजी से उभरता दावेदार, कुशल पेशेवरों से मिली मजबूती

BCG रिपोर्ट: AI अपनाने में भारत तेजी से उभरता दावेदार, कुशल पेशेवरों से मिली मजबूती
प्रतिरूप फोटो
AI-Generated

परामर्श कंपनी बोस्टन कंसल्टिंग ग्रुप की रिपोर्ट के अनुसार भारत कृत्रिम मेधा अपनाने की मजबूत तैयारी के साथ तेजी से उभरते दावेदारों में शामिल हो गया है। 75 से अधिक अर्थव्यवस्थाओं के अध्ययन में देश के कुशल आईटी पेशेवरों और विशेषज्ञों को इसकी मुख्य ताकत बताया गया है।

भारत कृत्रिम मेधा (एआई) के क्षेत्र में दुनिया के उन देशों में शामिल है, जहां इस प्रौद्योगिकी को अपनाने की अच्छी तैयारी है और इसके संभावित नुकसान का जोखिम भी अपेक्षाकृत कम है। परामर्श कंपनी बोस्टन कंसल्टिंग ग्रुप (बीसीजी) ने बुधवार को एक रिपोर्ट में यह बात कही। बीसीजी की ‘एआई मैच्योरिटी मैट्रिक्स 2026’ रिपोर्ट के मुताबिक, कुशल पेशेवरों और एआई विशेषज्ञों की बड़ी संख्या भारत को इस मामले में बढ़त देती है।

रिपोर्ट में 75 से अधिक अर्थव्यवस्थाओं का 33 मानकों पर आकलन किया गया है। इसमें भारत को चार श्रेणियों में दूसरी सबसे ऊंची श्रेणी ‘राइजिंग कंटेंडर्स’ यानी तेजी से उभरते दावेदारों में रखा गया है। इस श्रेणी के देश एआई अपनाने के लिए अच्छी तैयारी रखते हैं, लेकिन उनकी अर्थव्यवस्थाओं पर इसके संभावित असर का जोखिम अपेक्षाकृत कम है।

रिपोर्ट के मुताबिक, भारत में एआई विशेषज्ञों की बड़ी संख्या और सूचना प्रौद्योगिकी (आईटी) सेवा क्षेत्र का व्यापक कार्यबल उसकी प्रमुख ताकत है। अमेरिका, ब्रिटेन, संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) और कनाडा से लौट रहे भारतीय पेशेवर भी देश में एआई प्रतिभा का आधार मजबूत कर रहे हैं। यह ऐसे समय में महत्वपूर्ण है जब वर्ष 2025 में देशों के बीच एआई प्रतिभाओं के सीमापार स्थानांतरण में 12 प्रतिशत की गिरावट आई।

बीसीजी ने सरकार की एआई संबंधी प्रशिक्षण पहल का भी उल्लेख किया। ‘युवा एआई फॉर ऑल’ के तहत एक करोड़ नागरिकों को एआई का बुनियादी प्रशिक्षण देने का लक्ष्य है। वहीं, ‘इंडियाएआई फ्यूचर्स स्किल्स’ के तहत छोटे शहरों में एआई प्रयोगशालाएं स्थापित की जा रही हैं और पेशेवर प्रमाणपत्र पाठ्यक्रम उपलब्ध कराए जा रहे हैं।

भारत के अलावा चिली, इंडोनेशिया, लिथुआनिया, न्यूजीलैंड, पोलैंड, तुर्किये और वियतनाम भी ‘राइजिंग कंटेंडर्स’ श्रेणी में शामिल हैं। वहीं, कनाडा, चीन, जापान, सिंगापुर, दक्षिण कोरिया, ब्रिटेन और अमेरिका को एआई के क्षेत्र में सबसे अग्रणी देशों में रखा गया है। रिपोर्ट के मुताबिक, एआई अब अर्थव्यवस्था को प्रभावित करने वाली एक स्थापित ताकत बन चुका है।

वर्ष 2026 में कंपनियों के राजस्व के अनुपात में एआई पर निवेश साल भर पहले के मुकाबले दोगुना हो गया। सर्वेक्षण में शामिल करीब 90 प्रतिशत मुख्य कार्यपालक अधिकारियों (सीईओ) ने एआई से लागत घटाने या राजस्व बढ़ाने में लाभ होने की बात कही। बीसीजी ने कहा कि अब केवल एआई से जुड़ी रणनीति बनाना पर्याप्त नहीं है।

असली चुनौती इस प्रौद्योगिकी को बड़े पैमाने पर अपनाने और उसका प्रभावी संचालन करने की है। इसके लिए कुशल प्रतिभा के साथ पर्याप्त बिजली, डेटा केंद्र और बिजली ग्रिड से जुड़ने की सुविधा भी जरूरी है। बीसीजी ने कहा, कंप्यूटिंग क्षमता कुछ महीनों में जुटाई जा सकती है, लेकिन कुशल प्रतिभा तैयार करने में समय लगता है।

भारत के लिए चुनौती अपनी प्रतिभा को एआई के बड़े पैमाने पर इस्तेमाल की क्षमता में बदलने की है। परामर्श कंपनी के मुताबिक, अगली रिपोर्ट में वे अर्थव्यवस्थाएं बेहतर स्थिति में होंगी, जो एआई को तेजी से और बड़े पैमाने पर अपनाने के साथ उसका प्रभावी एवं भरोसेमंद ढंग से संचालन कर सकेंगी। केवल इस प्रौद्योगिकी तक बेहतर पहुंच रखने से बढ़त नहीं मिल पाएगी।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़