By अंकित सिंह | Mar 23, 2023
जम्मू कश्मीर के पूर्व मुख्यमंत्री और नेशनल कांफ्रेंस के प्रमुख फारूक अब्दुल्ला ने राम को लेकर बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा है कि राम सिर्फ हिंदुओं के नहीं बल्कि सबके हैं। इसके साथ ही उन्होंने भाजपा पर भी निशाना साधा है। अपने वक्तव्य में फारूक अब्दुल्ला ने कहा कि भगवान राम सिर्फ हिंदू का भगवान नहीं है। अपने दिमाग से निकालिए। भगवान राम सबके भगवान है चाहे वह हिंदू हो, मुसलमान हो, सिख हो, अमेरिकन हो। जैसे अल्लाह सिर्फ मुसलमानों का ही रब नहीं है। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि भगवान राम भी अल्लाह की तरफ से भेजे गए हैं, लोगों को सही रास्ता दिखाने के लिए।
इससे पहले फारूक अब्दुल्ला ने विपक्षी दलों के नेताओं के एक प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व करते हुए केंद्र शासित प्रदेश में समय से पहले विधानसभा चुनाव कराने के लिए निर्वाचन आयोग (ईसी) से मुलाकात की थी। नेशनल कांफ्रेंस (नेकां) के नेता ने मुख्य निर्वाचन आयुक्त (सीईसी) राजीव कुमार के साथ बैठक के बाद कहा कि जम्मू कश्मीर में पिछले पांच साल से विधानसभा नहीं है और निर्वाचित सरकार भी नहीं है। उन्होंने कहा कि प्रतिनिधिमंडल ने सीईसी और आयोग के अन्य सदस्यों को सूचित किया कि सरकार जम्मू-कश्मीर में सामान्य स्थिति बहाल करने का दावा करती रही है और अब जिम्मेदारी (विधानसभा चुनाव कराने की) निर्वाचन आयोग पर है। पूर्ववर्ती राज्य के तीन बार मुख्यमंत्री रहे अब्दुल्ला ने कहा, “ऐसे में आयोग जम्मू कश्मीर के लोगों की पीड़ा पर संज्ञान क्यों नहीं ले रहा है।”