Modi Cabinet ने गैस संकट को दूर करने के लिए उठाया बड़ा कदम, देश में अब कोयले से बनेगी गैस, खरीफ फसलों का MSP बढ़ाने को भी मंजूरी दी

By नीरज कुमार दुबे | May 13, 2026

वर्तमान वैश्विक चुनौतियों और गैस आपूर्ति को लेकर पैदा हो रहे संकट के बीच मोदी सरकार ने बड़ा मास्टर स्ट्रोक चलते हुए देश के विशाल कोयला भंडार को ऊर्जा आत्मनिर्भरता का आधार बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बढ़ाया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में आज हुई केंद्रीय मंत्रिमंडल की बैठक में कोयले से गैस बनाने की महत्वाकांक्षी योजना को मंजूरी दी गयी। सरकार का मानना है कि अगले चार से पांच वर्षों में बड़े पैमाने पर कोयले से गैस का उत्पादन शुरू होने पर भारत गैस के मामले में आत्मनिर्भर बन सकेगा और उसे वर्तमान जैसी वैश्विक आपूर्ति चुनौतियों तथा आयात निर्भरता का सामना नहीं करना पड़ेगा। आज लिये गये फैसलों की जानकारी संवाददाता सम्मेलन में केंद्रीय सूचना और प्रसारण मंत्री अश्विनी वैष्णव ने दी।

इसे भी पढ़ें: खर्च कटौती Mission पर PM Modi, अब 4 गाड़ियों के काफिले में चलेंगे, BJP शासित राज्यों में भी लागू हुआ नियम

मंत्रिमंडल की बैठक में खरीफ विपणन मौसम 2026-27 के लिये 14 खरीफ फसलों के न्यूनतम समर्थन मूल्य में बढ़ोतरी को भी मंजूरी दी गयी। सरकार ने कहा कि इसका उद्देश्य किसानों को उनकी उपज का लाभकारी मूल्य सुनिश्चित करना है। सूरजमुखी के बीज के समर्थन मूल्य में सबसे अधिक 622 रुपये प्रति क्विंटल की बढ़ोतरी की गयी है। इसके बाद कपास में 557 रुपये, रामतिल में 515 रुपये और तिल में 500 रुपये प्रति क्विंटल की बढ़ोतरी की गयी है। धान का न्यूनतम समर्थन मूल्य बढ़ाकर 2441 रुपये प्रति क्विंटल कर दिया गया है। अरहर का समर्थन मूल्य 8450 रुपये, मूंग का 8780 रुपये और उड़द का 8200 रुपये प्रति क्विंटल तय किया गया है। सरकार ने कहा कि वर्ष 2018-19 के बजट में किये गये वादे के अनुरूप किसानों को उत्पादन लागत का कम से कम डेढ़ गुना मूल्य सुनिश्चित किया जा रहा है। मूंग पर किसानों को लागत से 61 प्रतिशत, बाजरा और मक्का पर 56 प्रतिशत तथा अरहर पर 54 प्रतिशत लाभ मिलने का अनुमान है। सरकार ने यह भी बताया कि वर्ष 2014-15 से 2025-26 के दौरान धान खरीद 8418 लाख टन रही, जबकि इससे पहले के दस वर्षों में यह 4590 लाख टन थी। इसी अवधि में खरीफ फसलों पर किसानों को लगभग 19 लाख करोड़ रुपये का भुगतान किया गया।

मंत्रिमंडल की आर्थिक मामलों की समिति ने गुजरात में अहमदाबाद के सरखेज से धोलेरा तक सेमी हाई स्पीड डबल रेल लाइन परियोजना को भी मंजूरी दी। करीब 20 हजार 667 करोड़ रुपये लागत वाली यह परियोजना वर्ष 2030-31 तक पूरी की जायेगी। यह भारतीय रेल की पहली सेमी हाई स्पीड परियोजना होगी, जिसमें स्वदेशी तकनीक का उपयोग किया जायेगा। परियोजना के तहत अहमदाबाद, धोलेरा विशेष निवेश क्षेत्र, आगामी धोलेरा हवाई अड्डे और लोथल राष्ट्रीय समुद्री विरासत परिसर के बीच तेज संपर्क स्थापित होगा। इस नई रेल लाइन से यात्रा समय में कमी आयेगी और दैनिक आवागमन आसान होगा। 134 किलोमीटर लंबी इस परियोजना से गुजरात के लगभग 284 गांवों और करीब पांच लाख लोगों को लाभ मिलने की उम्मीद है। सरकार के अनुसार रेलवे के पर्यावरण अनुकूल और ऊर्जा दक्ष परिवहन साधन होने से देश में तेल आयात में कमी आयेगी तथा कार्बन उत्सर्जन भी घटेगा। अनुमान है कि इससे दो करोड़ किलोग्राम कार्बन उत्सर्जन में कमी आयेगी, जो लगभग दस लाख पेड़ लगाने के बराबर है।

केंद्रीय मंत्रिमंडल ने साथ ही नागपुर अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के उन्नयन और आधुनिकीकरण को भी मंजूरी दी। यह कार्य सार्वजनिक निजी भागीदारी मॉडल के तहत किया जायेगा। इसके लिये भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण की जमीन के पट्टे की अवधि बढाने का फैसला लिया गया है ताकि नागपुर हवाई अड्डे को 30 वर्षों के लिये निजी भागीदार को सौंपा जा सके। सरकार का कहना है कि इससे नागपुर को क्षेत्रीय विमानन केंद्र के रूप में विकसित करने में मदद मिलेगी। नई व्यवस्था के तहत नागपुर के डॉक्टर बाबासाहेब आंबेडकर अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे को विश्वस्तरीय सुविधाओं से लैस किया जायेगा और इसकी क्षमता बढ़ाकर हर वर्ष तीन करोड़ यात्रियों को संभालने योग्य बनाया जायेगा। इसके साथ ही माल ढुलाई सेवाओं को भी मजबूत किया जायेगा, जिससे विदर्भ क्षेत्र की आर्थिक गतिविधियों को गति मिलेगी।

प्रमुख खबरें

मखाना उत्‍पादन के ल‍िए 71 हजार तो खेत के ल‍िए 2 लाख रुपये दे रही सरकार

PR Sreejesh का Hockey India पर बड़ा हमला, बोले- Foreign Coach के लिए मुझे हटाया गया

Shaurya Path: अब Tejas Mk1A संभालेगा पश्चिमी सीमा पर सुरक्षा का जिम्मा, दुश्मनों की टेंशन बढ़ी

Jammu-Kashmir में घुसपैठियों को देखते ही सेना ने ललकारा, दोनों ओर से हुई दनादन फायरिंग, 1 आतंकी ढेर