नूर अहमद का स्वप्निल पदार्पण, रचिन रविंद्र और गायकवाड ने सीएसके को दिलाई जीत

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Mar 24, 2025

अफगानिस्तान के ‘मिस्ट्री’ स्पिनर नूर अहमद (18 रन देकर चार विकेट) के यादगार पदार्पण के बाद कप्तान रूतुराज गायकवाड (53 रन) और रचिन रविंद्र (नाबाद 65 रन) के अर्धशतक से चेन्नई सुपर किंग्स (सीएसके) ने रविवार को इंडियन प्रीमियर लीग मैच में मुंबई इंडियंस को चार विकेट से शिकस्त दी।

सीएसके ने टॉस जीतकर नूर अहमद के शानदार प्रदर्शन से मुंबई इंडियंस को 20 ओवर में नौ विकेट पर 155 पर रोक दिया। इसमें सीएसके लिए नूर अहमद के अलावा खलील अहमद ने 29 रन देकर तीन विकेट झटके। इस लक्ष्य का पीछा करने उतरी सीएसके के लिए रचिन रविंद्र और गायकवाड के अलावा रविंद्र जडेजा ने रन आउट होने से पहले 17 रन बनाए।

इन तीनों के अलावा कोई भी बल्लेबाज दोहरे अंक तक नहीं पहुंच सका जिसमें मुंबई इंडियंस के गेंदबाजों विशेषकर आईपीएल में पदार्पण करने वाले केरल के बायें हाथ के स्पिनर विग्नेश पुथुर (32 रन देकर तीन विकेट) का अहम योगदान रहा। चौबीस साल के पुथुर ने गायकवाड, शिवम दूबे और दीपक हुड्डा के विकेट झटके।

सीएसके ने 19.1 ओवर में छह विकेट पर 158 रन बनाकर जीत से अभियान शुरू किया। रचिन रविंद्र ने अंत में पुथुर की गेंदों पर दो छक्के जड़कर दर्शकों का मनोरंजन किया। रविंद्र जडेजा के आउट होने के बाद जैसे ही महेंद्र सिंह धोनी क्रीज पर उतरे, दर्शकों के शोर से उनकी खुशी बयां हुई जो उनसे विजयी रन बनाने की उम्मीद लगाये थे क्योंकि तब जीत के लिए केवल चार रन चाहिए थे। पर रचिन रविंद्र ने छक्का जड़कर घरेलू मैदान पर टीम को जीत दिलाई।

इससे मुंबई इंडियंस ने 2012 के बाद से अपना शुरूआती मैच नहीं जीतने का अजीब रिकॉर्ड बरकरार रखा। इससे पहले बल्लेबाजी का न्योता मिलने के बाद मुंबई इंडियंस तिलक वर्मा 31 रन बनाकर शीर्ष स्कोरर रहे। उसके लिए कप्तान सूर्यकुमार यादव 29 रन का ही योगदान दे सके।

अंत में दीपक चाहर ने 15 गेंद में नाबाद 28 रन बनाकर टीम को इस स्कोर तक पहुंचाने में मदद की। नूर अहमद ने जहां मुंबई इंडियंस के मध्य क्रम को ध्वस्त किया तो वहीं खलील अहमद ने सलामी बल्लेबाज रोहित शर्मा (शून्य) और रेयान रिकलटन (सात गेंद में 13 रन) को पावरप्ले में पवेलियन भेज दिया। हमेशा की तरह सीएसके ने अपनी घरेलू मैदान पर चेपक की पिच पर शुरूआती विकेट झटके।

बल्लेबाजी का न्योता मिलने के बाद रोहित सबसे पहले आउट हुए, उन्होंने खलील की गेंद को फ्लिक करने का प्रयास किया और मिड-विकेट पर शिवम दुबे के हाथों कैच आउट हुए, तब टीम का खाता भी नहीं खुलाथा।

मुंबई इंडियंस के लिए अपना पहला मैच खेल रहे रिकलटन अपनी संक्षिप्त पारी के दौरान अच्छे दिख रहे थे लेकिन जल्द ही खलील का दूसरा विकेट बन गए। सीएसके में 10 साल बाद वापसी कर रहे आर अश्विन ने अपने पहले ओवर में ही विकेट झटककर स्कोर तीन विकेट पर 36 रन कर दिया। जब विल जैक्स उनकी गेंद पर मिड-ऑफ पर दुबे को आसान कैच थमा बैठे। सूर्यकुमार यादव (26 गेंद) और फॉर्म में चल रहे तिलक वर्मा (25 गेंद) ने 51 रन की साझेदारी कर पारी को आगे बढ़ाया। लेकिन एम एस धोनी ने नूर अहमद की गेंद पर मुंबई इंडियंस के कार्यवाहक कप्तान को स्टंप आउट कर दिया।

धोनी ने दिखाया कि वह हमेशा की तरह स्टंप के पीछे फुर्तीले हैं और सूर्यकुमार के अपने बल्ले को पूरी तरह स्विंग करने से पहले ही गिल्लियां गिर गईं। सूर्यकुमार ने हार्दिक पांड्या की अनुपस्थिति में टीम की अगुआई की जो पिछले सत्र में धीमी ओवर गति के प्रतिबंध के कारण इस मैच में नहीं खेल सके।

नूर अहमद के दोहरे झटकों के बाद मुंबई इंडियंस की उम्मीद ही टूट गई। उन्होंने रॉबिन मिंज को आउट किया और फिर दो गेंद बाद तिलक को गुगली से पवेलियन भेजा। नूर अहमद का चौथा विकेट नमन धीर का था जिन्हें उन्होंने बोल्ड किया। अंत में दीपक चाहर ने दो चौके और दो छक्के लगाकर स्कोर 150 तक पहुंचाया।

प्रमुख खबरें

टैरिफ की धमकी दी और युद्ध रुक गया, Donald Trump ने फिर दोहराया भारत-पाकिस्तान संघर्ष सुलझाने का दावा

बंगाल चुनाव में जासूसी कांड? मतदाताओं की जेब में मिले कैमरे, 77 बूथों पर फिर से वोटिंग की आहट

पंजाब की सरकार ने हटाई Harbhajan Singh की सिक्योरिटी, राज्यसभा सांसद पहुंचे हाई कोर्ट, तुरंत बहाल करने की मांग की

महंगाई का बड़ा झटका! कमर्शियल LPG सिलेंडर ₹993 महंगा, दिल्ली में कीमत ₹3000 के पार | Commercial LPG Price Hike