By रेनू तिवारी | May 28, 2026
लेज (Lay's), कुरकुरे (Kurkure) और डोरिटोस (Doritos) जैसे देश के सबसे लोकप्रिय स्नैक ब्रांड्स की मालिक कंपनी पेप्सिको ने अपने खाद्य उत्पादों (Food Products) की पैकेजिंग में एक बड़ा और ऐतिहासिक बदलाव करने की घोषणा की है। कंपनी अब अपने सभी प्रमुख स्नैक्स पैकेटों के फ्रंट (सामने के हिस्से) पर ‘‘कोई कृत्रिम स्वाद या रंग नहीं’’ (No Artificial Flavors or Colors) का लेबल प्रमुखता से प्रदर्शित करेगी। पेप्सिको के अनुसार, इस कदम का मुख्य उद्देश्य उपभोक्ताओं को सामान खरीदते समय अधिक जागरूक और सही निर्णय लेने में मदद करना है, क्योंकि आजकल लोग खाने-पीने की चीजों में पारदर्शिता को अधिक प्राथमिकता दे रहे हैं।
कंपनी की मुख्य विपणन अधिकारी साक्षी वर्मा मेनन ने कहा कि उपभोक्ता-केंद्रित दृष्टिकोण को ध्यान में रखते हुए पेप्सिको इंडिया ने विज्ञान एवं नवाचार पर आधारित जिम्मेदार और सूचित विकल्पों को प्राथमिकता दी है, क्योंकि वह अपने खाद्य खंड का विस्तार कर रही है। उन्होंने कहा, ‘‘ हम अपनी सामग्री से जुड़ी जानकारी को प्रमुखता से सामने ला रहे हैं, जिससे उपभोक्ताओं के लिए उन उत्पादों के भीतर मौजूद चीजों को पहचानना और उन पर भरोसा करना आसान हो सके।
यह इस व्यापक बदलाव को भी दर्शाता है कि आज ब्रांड किस तरह केवल पारदर्शिता दावा मात्र नहीं कर रहे हैं बल्कि इसे स्पष्ट तौर पर प्रदशिर्त कर रहे हैं। साथ ही उपभोक्ताओं के भरोसे को मजबूत किया जा रहा है।’’ इस महीने की शुरुआत में पेप्सिको ने घोषणा की थी कि वह 2030 तक भारत में 5,700 करोड़ रुपये तक निवेश करेगी, जो उसके वैश्विक स्तर पर शीर्ष 13 बाजारों में से एक है। यह निवेश मुख्य रूप से उसके खाद्य कारोबार की विनिर्माण क्षमता बढ़ाने के लिए किया जाएगा।